'छतों पर जिंदगी, चारों ओर पानी का सैलाब', बेगूसराय में बाढ़ के बीच लगभग 70 हजार लोग प्रभावित
Bihar Flood: बेगूसराय के मटिहानी विधानसभा क्षेत्र की रचियाही पंचायत में बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है. पिछले 14 दिनों से पांच गांव बाढ़ के पानी से घिरे हैं. करीब 3 से 4 हजार घरों में पानी घुस चुका है, जबकि लगभग 70 हजार लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं.
Bihar Flood: बिहार के बेगूसराय में लगातार बढ़ती बाढ़ की स्थिति अब और भी ज्यादा भयावह होती जा रही है. बाढ़ के पानी ने ऐसी तबाही मचा रखी है कि बड़ी संख्या में लोग बेघर हो गए हैं, जबकि कुछ लोग अभी भी पानी से घिरे अपने घरों में रहने को मजबूर हैं. पानी चारों तरफ फैल जाने से कई गांव टापू में तब्दील हो चुके हैं. गांव के चारों तरफ सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है. इस भयावह स्थिति के बीच लोगों का जीवन बेहद मुश्किल हो गया है और कई परिवार के लोग घर छोड़कर ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं.
14 दिनों से पानी में डूबी पंचायत
बेगूसराय के मटिहानी विधानसभा क्षेत्र की रचियाही पंचायत पांच गांवों से मिलकर बनी है. पंचायत के सभी गांवों में पिछले 14 दिनों से बाढ़ का पानी घुसा हुआ है. बाढ़ के कारण करीब 3 से 4 हजार घर पानी में डूब चुके हैं, जिससे लगभग 70 हजार लोग प्रभावित हुए हैं. बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से पलायन कर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर शरण ले रहे हैं. वहीं, कुछ परिवार घर की छतों पर रहने को मजबूर हैं. बाढ़ के पानी ने लोगों के सामने रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी तमाम मुश्किलें खड़ी कर दी हैं.
सड़कें जलमग्न, गांवों का संपर्क टूटा
बाढ़ के पानी के कारण मुख्य सड़कें भी जलमग्न हो गई हैं, जिससे कई गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है. मुख्य सड़क पर पानी का बहाव भी काफी तेज है, जिससे लोगों की आवाजाही बेहद खतरनाक हो गई है. चारों तरफ पानी ही पानी नजर आने के कारण लोगों के सामने सुरक्षित जगह तक पहुंचने की बड़ी चुनौती बनी हुई है. तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बाढ़ का पानी गांवों और मुख्य सड़कों में प्रवेश कर चुका है और पूरा इलाका टापू में तब्दील हो गया है. जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है और लोग जैसे-तैसे अपनी जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं.
गमले में मासूम को बैठाकर बाढ़ पार करता दिखा पिता
बाढ़ की त्रासदी की कुछ ऐसी तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिन्हें देखकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे. एक पिता अपने मासूम बच्चे को गमले में बैठाकर बाढ़ के पानी को पार करता नजर आया. यह तस्वीर बताती है कि बाढ़ ने लोगों की जिंदगी किस कदर मुश्किल कर दी है. घर, सड़क और गांव सब पानी में डूब चुके हैं और लोग अपनी जान बचाने के लिए हर संभव जुगत लगा रहे हैं. लगातार जलजमाव और बाढ़ के कारण लोगों का जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है और अब उन्हें राहत और सुरक्षित ठिकाने की सबसे ज्यादा जरूरत है.
रिपोर्ट: जितेन्द्र चौधरी