बेगूसराय में फर्जी एडमिट कार्ड का बड़ा खेल: 150 कार्ड जब्त, छात्राओं से पैसे वसूलने का भी आरोप
Begusarai News: बेगूसराय स्थित श्रीकृष्ण महिला कॉलेज में करीब 150 संदिग्ध फर्जी एडमिट कार्ड जब्त किए गए हैं. आरोप है कि कॉलेज के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर इंटरनल और बीएससी सेमेस्टर-3 के एडमिट कार्ड तैयार किए गए और छात्राओं से पैसे लिए गए. मामले में पेपर हाउस संचालक नवीन कुमार से पूछताछ भी हुई है.
Begusarai News: बेगूसराय के श्रीकृष्ण महिला कॉलेज में फर्जी एडमिट कार्ड का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है. परीक्षा का एडमिट कार्ड लेकर कॉलेज पहुंचीं छात्राओं के दस्तावेजों की जांच की गई, तो कई एडमिट कार्ड संदिग्ध पाए गए. इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए करीब 150 फर्जी एडमिट कार्ड जब्त किए. आरोप है कि कॉलेज के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर फर्जी फॉर्मेट तैयार किया गया और छात्राओं से पैसे लेकर एडमिट कार्ड उपलब्ध कराए गए. इस मामले में कॉलेज गेट के सामने संचालित पेपर हाउस के संचालक से पूछताछ की गई है. वहीं, छात्र संगठन AISF ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
फर्जी एडमिट कार्ड बनाने का आरोप
इस मामले में कॉलेज गेट के सामने स्थित पेपर हाउस दुकान के संचालक नवीन कुमार पर आरोप लगे हैं. AISF के जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार का आरोप है कि कॉलेज के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर एक फर्जी फॉर्मेट तैयार किया गया. इसी फॉर्मेट के आधार पर कथित तौर पर इंटरनल एडमिट कार्ड और बीएससी सेमेस्टर-3 के एडमिट कार्ड तैयार कर छात्राओं को दिए गए और इसके बदले उनसे पैसे लिए गए. फर्जी एडमिट कार्ड तैयार करने से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है. हालांकि, वायरल वीडियो और पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: 10-11 अक्टूबर को बिहार जाने वाली कई ट्रेनें डायवर्ट: अमृत भारत से लेकर क्लोन एक्सप्रेस के बदले रूट, जानें कारण
कॉलेज प्रशासन की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही महिला कॉलेज के प्रोफेसर सह प्रभारी प्राचार्य विमल कुमार समेत कॉलेज प्रशासन सक्रिय हो गया. कॉलेज प्रशासन पेपर हाउस की दुकान पर पहुंचा और संचालक नवीन कुमार से पूछताछ की. इसके बाद नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर संचालक से पूछताछ की और कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, पूछताछ के दौरान संचालक ने पुलिस के सामने माफी मांगी. वहीं, दोबारा इस तरह की शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई. कॉलेज प्रशासन की कार्रवाई के बाद कुछ छात्राओं से लिए गए पैसे वापस कराए जाने की बात भी सामने आई है. हालांकि, कितनी छात्राओं से कितनी राशि ली गई और कितनी राशि वापस कराई गई, इसका विस्तृत आंकड़ा फिलहाल सामने नहीं आया है.
AISF ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
इस पूरे मामले को लेकर छात्र संगठन AISF ने भी मोर्चा खोल दिया है. संगठन के जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. AISF ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है. वहीं, प्रभारी प्राचार्य विमल कुमार ने छात्राओं से अपील की है कि एडमिट कार्ड, परीक्षा फॉर्म या कॉलेज से संबंधित किसी भी दस्तावेज के लिए बाहरी व्यक्तियों पर भरोसा करने से पहले कॉलेज प्रशासन से जानकारी जरूर लें. किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल कॉलेज को सूचित करें. फिलहाल, श्रीकृष्ण महिला कॉलेज में करीब 150 संदिग्ध फर्जी एडमिट कार्ड जब्त किए जाने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं. आखिर कॉलेज के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर फर्जी फॉर्मेट किसने तैयार किया? कितनी छात्राओं को ऐसे एडमिट कार्ड दिए गए?
रिपोर्ट: जितेन्द्र चौधरी