)
कल यानी 10 अक्टूबर और 11 अक्टूबर को गोरखपुर होकर बिहार जाने वाली कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है. गोरखपुर से गोंडा के बीच ऑटोमेटिक सिग्नलिंग व्यवस्था की कमीशनिंग को लेकर रेलवे ने यह फैसला लिया है. स्वामी नारायण छपिया, मसकनवा, लखपत नगर और मनकापुर स्टेशनों के बीच लगभग 18.82 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा. इसके कारण 19 ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए जाएंगे, जबकि 5 ट्रेनों को देरी से चलाया जाएगा. त्योहारों के सीजन में इस बदलाव से बिहार जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है. रूट बदलने के कारण कई ट्रेनों का कुछ महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव भी नहीं होगा. ऐसे में रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन और उसके रूट की जानकारी लेने की सलाह दी है.
19 ट्रेनों के रूट बदले
आज यानी 9 अक्टूबर को डिब्रूगढ़ से चलने वाली डिब्रूगढ़-गोमती नगर एक्सप्रेस छपरा, औंड़िहार, वाराणसी, अयोध्या कैंट और बाराबंकी होकर चलेगी. रूट डायवर्ट होने के कारण यह ट्रेन सिवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती और मनकापुर स्टेशनों पर नहीं रुकेगी. वहीं, इसी रूट पर डिब्रूगढ़ से चलने वाली 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस का मार्ग भी बदला गया है.
संपर्क क्रांति और अमृत भारत एक्सप्रेस के रूट में बदलाव
वहीं, 10 अक्टूबर को दरभंगा से चलने वाली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस गोरखपुर से बढ़नी होते हुए गोंडा पहुंचेगी. दरभंगा से लखनऊ जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस मनकापुर से गोंडा और बाराबंकी होकर चलेगी. इस दौरान यह ट्रेन अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट स्टेशनों पर नहीं रुकेगी. दिल्ली से सीतामढ़ी जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस, आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जाने वाली 12558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस और दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली 02569 क्लोन स्पेशल समेत कई ट्रेनों को गोंडा, बढ़नी, गोरखपुर या छपरा, औंड़िहार, वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर के रास्ते चलाया जाएगा. इसके अलावा, बरौनी से नई दिल्ली जाने वाली 02563 और 02564 क्लोन स्पेशल ट्रेनों के रूट में भी बदलाव किया गया है. कटिहार से अमृतसर जाने वाली 15707, दरभंगा से खातीपुरा जाने वाली 19726 और रक्सौल से आनंद विहार जाने वाली 15273 ट्रेन का मार्ग भी बदला गया है.
कई ट्रेनों को रास्ते में रोका जाएगा
इसके अलावा, कुछ ट्रेनों को देरी से चलाया जाएगा. बरौनी से खुलने वाली गाड़ी संख्या 15203 बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस को वाराणसी और लखनऊ के बीच रोक-रोककर चलाया जाएगा. वहीं, बांद्रा टर्मिनस से खुलने वाली 19037 अवध एक्सप्रेस को पश्चिम मध्य रेलवे मार्ग पर 90 मिनट और उत्तर मध्य रेलवे मार्ग पर भी 90 मिनट नियंत्रित किया जाएगा. काठगोदाम से 10 अक्टूबर 2026 को खुलने वाली गाड़ी संख्या 13020 को भी रास्ते में 90 मिनट की देरी से चलाया जाएगा.