भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में दिखेगा क्रिकेट का जलवा: BCCI के घरेलू मैचों को मिली मंजूरी, वैभव सूर्यवंशी जैसे सितारे आ सकते हैं नजर
भागलपुर के सैंडिस में अब क्रिकेट का जलवा दिखने को मिलेगा बीसीसीआई के घरेलू मैचों की मेजबानी सैंडिस करेगा. अंडर-19 और अंडर-23 मुकाबलों के लिए तैयारी तेज कर दी गई है. वैभव सूर्यवंशी समेत बड़े क्रिकेट सितारों के उतरने की उम्मीद जताई जा रही है.
भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड क्रिकेट स्टेडियम में अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से आयोजित किए जाने वाले घरेलू मैचों का आयोजन होगा. इसके लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने भागलपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन (BDCA) को अनुमति दे दी है.
इस संबंध में बीसीए के सीईओ मनीष राज ने बीडीसीए सचिव डॉ. जयशंकर ठाकुर को सूचना का पत्र भेजा है. साथ ही स्टेडियम को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार और सुव्यवस्थित रखने को कहा है. इसके बाद से स्टेडियम में तैयारी जोर-शोर से चल रही है, पवेलियन का निर्माण कार्य चल रहा है, पिच को तैयार किया जा रहा है.
अब संभावना है कि यहां अंडर-19 और अंडर-23 मैच खेले जाएंगे, जहां वैभव सूर्यवंशी समेत कई बड़े क्रिकेटर्स के खेलने का अनुमान है. इस स्टेडियम पर 2004 में महेंद्र सिंह धोनी ने सद्भावना कप खेला था, उसके बाद उनका चयन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए हुआ था. वहीं, इस स्टेडियम पर सौरभ तिवारी, ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी समेत कई सितारे खेल चुके हैं.
बीसीसीआई की टीम ने कुछ दिनों पूर्व स्टेडियम का निरीक्षण किया था. इसमें मानकों के अनुरूप स्टेडियम पाया गया था. बीडीसीए अधिकारियों के मुताबिक बीसीसीआई और बीसीए की एक टीम अक्टूबर में भी फिर से सुविधाओं का जायजा लेने के लिए आएगी. फिलहाल, बीसीए के माध्यम से बीसीसीआई के घरेलू मैचों के लिए हरी झंडी मिल जाना बड़ी उपलब्धि है. यह भागलपुर और आसपास के जिलों के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है. उन्हें सैंडिस कंपाउंड में क्रिकेट के बेहतरीन खिलाड़ियों का खेल देखने का मौका मिलेगा.
अंतरराष्ट्रीय स्तर की पिच और मैदान बनाने का काम तेजी से चल रहा
क्रिकेट स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की पिच और मैदान बनाने का काम तेजी से चल रहा है. मैदान के चारों ओर मैच के बाद बीच-बीच में मेंटेनेंस के लिए रेन गन स्प्रिंकलर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है. अंडरग्राउंड तरीके से पिच के चारों ओर पाइप डालकर मशीनें लगाई जा रही हैं.
रिपोर्ट: अश्वनी कुमार