)
जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के साकल गांव में देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. इसके बाद ग्रामीणों ने युवक की जमकर पिटाई की और फिर दोनों की शादी करा दी. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल, युवक और महिला के बीच काफी दिनों से बातचीत और प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जाता है कि युवक भी उसी गांव का रहने वाला है. देर रात वह प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया. इसी दौरान घरवालों को इसकी भनक लग गई. घरवालों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दे दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
ग्रामीणों को आता देख प्रेमी बचने के लिए खपड़ैल मकान के अंदर लकड़ी के सहारे ऊपर चढ़ गया. वह काफी देर तक ग्रामीणों से बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन उसकी कोशिश नाकाम रही. ग्रामीणों ने उसे पकड़कर नीचे उतारा और उसकी जमकर पिटाई की. इसके बाद दोनों की शादी करा दी गई.
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह प्रेमी ग्रामीणों से बचने के लिए खपड़ैल मकान के अंदर लकड़ी के ऊपर चढ़ा हुआ है. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद हुई पिटाई और शादी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
बताया जाता है कि महिला पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं. घटना के समय वह अपने ससुराल में थी, जबकि युवक की अभी शादी नहीं हुई थी. दोनों के बीच काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. लिहाजा, देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचना युवक को महंगा पड़ गया. बहरहाल, शादी का वीडियो वायरल होने के बाद महिला के पति ने उसे स्वीकार कर लिया और अपने साथ ही रखा. वहीं, ग्रामीणों ने आपसी सहमति से युवक को छोड़ दिया.
रिपोर्ट: अभिषेक निरला