)
बेगूसराय में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. लिव इन में रह रहे कपल के बीच विवाद होने के बाद लडके ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली. लड़की की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के जीडी कॉलेज के पीछे पिपरा गांव के पास की है. मृतक युवक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के बनवारीपुर गांव निवासी भरत भूषण शर्मा के पुत्र अमृत कुमार के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि अमृत कुमार जीडी कॉलेज के पीछे किराए के एक कमरे में रहकर पढ़ाई करता था. परिजन का कहना है कि वह पिछले करीब एक सप्ताह से इस कमरे में रह रहा था. अचानक घरवालों को सूचना मिली कि अमृत कुमार ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
मकान मालिक के मुताबिक, कमरे में पहले एक लड़की किराए पर रहती थी. पिछले करीब छह दिनों से अमृत कुमार भी उसी कमरे में उसके साथ रहने लगा था. दोनों ने मकान मालिक को खुद को भाई-बहन बताया था और कहा था कि वे कंपटीशन की तैयारी करते हैं. हालांकि, बाद में मकान मालिक को दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की जानकारी मिली थी.
बताया जाता है कि लड़का और लड़की में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और उसके बाद अचानक लड़की कमरे से चली गई. इसके बाद अमृत कुमार काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला. शक होने पर मकान मालिक ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो युवक फंदे से लटक रहा था.
तत्काल युवक के घरवालों और रतनपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंचे घरवालों के सामने पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से नीचे उतारा. हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. लोगों का कहना है कि लड़की से किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद युवक ने आत्मघाती कदम उठाया था. हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. फिलहाल, रतनपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है.
जितेंद्र कुमार, बेगूसराय