)
Vaishali News: STF बिहार, पटना को सूचना मिली कि बिदुपुर थाना कांड संख्या-557/25 के प्राथमिकी अभियुक्त कुनाल कुमार उर्फ दीवानी, पिता सीताराम सिंह, ग्राम-पकौली, थाना-बिदुपुर, जिला-वैशाली, जो 25,000 रुपये का इनामी और जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल है, बिदुपुर थाना क्षेत्र में आया हुआ है. उक्त इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के लिए STF बिहार और वैशाली पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से रेकी एवं आसूचना संकलन किया जा रहा था. इसी क्रम में अपराधी कुनाल कुमार उर्फ दीवानी के सहयोगियों को इसकी भनक लग गई.
सरकारी पिस्टल छीनने की कोशिश
सहयोगियों द्वारा कुछ पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करते हुए सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास किया गया. सरकारी पिस्टल छीनने के प्रयास के दौरान खींचतान में एक राउंड फायरिंग भी हुई. पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया. घटना के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए हमला करने वाले अपराधी कुनाल कुमार उर्फ दीवानी के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है.
इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना के बाद एसएसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
STF जवानों पर हमला
एसएसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि बिदुपुर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान मौके पर पहुंची STF टीम के जवानों पर हमला किया गया. फायरिंग की सूचना भी मिली थी. घटना में जवानों को चोट लगी है और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने यह भी बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: राजकुमार सिंह