App

बिहार क्राइम: आरा में बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली, मुजफ्फरपुर में पति की हत्या में पत्नी गिरफ्तार

बिहार के भोजपुर जिले में बेखौफ बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारकर घायल कर दिया. घायल का अस्पताल में इलाज जारी है. वहीं, मुजफ्फरपुर में वीरेंद्र राम की हत्या मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी को ही गिरफ्तार किया है.

बिहार क्राइम: आरा में बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली, मुजफ्फरपुर में पति की हत्या में पत्नी गिरफ्तार
Image Credit: आरा में बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली (Zee Media)

बिहार में आजकल अपराधियों ने पुलिस की नाक में दम कर रखा है. आए दिन हो रहे अपराधिक घटनाओं ने पुलिस कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. ताजा मामला भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र के चौकीपुर गांव से सामने आया. यहां मंगलवार (6 अक्टूबर) की देर रात को हथियारबंद बदमाशों ने घर के बाहर खड़े एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारकर घायल कर दिया. घायल की पहचान गजराजगंज ओपी क्षेत्र के चौकीपुर गांव निवासी राजू कुमार (40 वर्षीय) के रूप में हुई है. राजू कुमार पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं. घटना के लेकर बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस दौरान प्रॉपर्टी डीलर को दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए है.

पिछले कई दिनों से मिल रही थी धमकी

परिजनों ने घायल राजू कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शहर के महावीर टोला स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टर के अनुसार, फिलहाल मरीज की स्थिति स्थिर है और उनका इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि केस उठाने को लेकर राजू कुमार को पिछले कई दिनों से धमकी दी जा रही थी. इसी बीच कल देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने घर के बाहर खड़े राजू कुमार पर गोली चला दी.  

हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. घटना की सूचना मिलते ही गजराजगंज ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. गजराजगंज ओपी इंचार्ज सुंदेश्वर कुमार ने बताया कि घटनास्थल से गोली के दो खोखे बरामद किए गए हैं. उन्होंने कहा कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. वारदात के बाद चौकीपुर गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है.

पति की हत्या के जुर्म में पत्नी गिरफ्तार

उधर, मुजफ्फरपुर के साहेबगंज के मोरहर गांव में एक युवक की हत्या का पुलिस 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया. पुलिस ने मृतक की पत्नी को ही गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, घरेलु विवाद में पत्नी ने अपने ही पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गई थी. बता दें कि मोरहर गांव निवासी वीरेंद्र राम की दो दिन पहले हत्या कर दी गई थी. हत्या के बाद से उसकी पत्नी फरार थी. मृतक की बेटी के आवेदन पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के अंदर आरोपी पत्नी लालसा देवी को गिरफ्तार कर लिया है.

भोजपुर से मनीष सिंह और मुजफ्फरपुर से मणितोष कुमार की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author