हम पुदीना सिंह हैं, 23 तारीख को गैस निकाल देंगे: अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर फिर बोला बड़ा हमला
विधायक अनंत सिंह और जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच राजनीतिक तल्खी खुलकर सामने आ गई है. जदयू विधायक ने कहा कि हम पुदीना सिंह हैं, 23 तारीख को गैस निकाल देंगे.
बिहार विधान परिषद चुनाव में मतदान से पहले सियासी तापमान हाई है. जदयू विधायक अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच बयानों के तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं. एक बार फिर से अनंत सिंह और जदयू से विधान पार्षद प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच राजनीतिक तल्खी खुलकर सामने आ गई है. जब अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि हम पुदीना सिंह हैं, 23 तारीख को गैस निकाल देंगे. अनंत सिंह ने यह बयान 14 अक्टूबर, 2026 दिन बुधवार को दिया.
23 तारीख को गैस निकाल देंगे: अनंत सिंह
मोकामा विधानसभा से जदयू विधायक अनंत सिंह का नीरज कुमार पर इस तरह से खुलकर बयान देना सूबे की सियासी सरगर्मी को बढ़ा रहा है. दरअसल, बाहुबली अनंत सिंह अपने ठेठ अंदाज में बयान देने के लिए जाने जाते हैं. इस पर उन्होंने अपने ठीक इसी अंदाज में नीरज कुमार पर निशाना साधा. अनंत सिंह ने खुद को पुदीना सिंह कहा. इतना ही नहीं, उन्होंने आगे कहा कि 23 तारीख को गैस निकाल देंगे.
जनसुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन कर रहे जदयू विधायक
दरअसल, नीरज कुमार जदयू से पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव के लिए प्रत्याशी हैं. जदयू विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ बयान दे रहे हैं और खुलकर प्रचार कर रहे हैं. मोकामा विधायक अनंत सिंह जनसुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं.
नालंदा में अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज समर्थित उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का रोड शो नालंदा में देखने को मिला. इस दौरान परवलपुर में पैक्स अध्यक्ष राजीव सिंह और सोनू मुखिया के समर्थकों ने अनंत सिंह का जोरदार स्वागत किया. फूलों की बारिश करने और माला पहनाने के लिए लोगों में होड़ मची रही.
बुलडोजर से फूलों की बारिश कर हुआ भव्य स्वागत
दरअसल, परवलपुर पुल के समीप मई पैक्स अध्यक्ष राजीव सिंह ने बुलडोजर के जरिए अनंत सिंह पर फूलों की बारिश कराई. वहीं, नूरसराय के नारी गांव में बुलडोजर से पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया. दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया. भीड़ अधिक होने के कारण कई लोगों ने उनकी गाड़ी पर ही माला फेंककर स्वागत किया.
इस दौरान अनंत सिंह ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और स्नातक उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की. अनंत सिंह के इस दौरे से नालंदा का सियासी समीकरण बदल चुका है. उनका यह जन आशीर्वाद यात्रा कार्यक्रम हिलसा, इस्लामपुर, एकंगरसराय, परवलपुर, नूरसराय और नारी, चंडी, हरनौत होते हुए अस्थावां पहुंचकर समाप्त हुआ.
अनंत सिंह के नालंदा दौरे से गरमाई सियासत
बता दें कि इससे पहले जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह ने पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के नालंदा दौरे पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अनंत सिंह के नालंदा आगमन का चुनाव पर असर पड़ना स्वाभाविक है. साथ ही उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से अपने पक्ष में समर्थन की अपील की.
बता दें कि 3 अक्टूबर को भी अनंत सिंह ने नालंदा के हरनौत से रोड शो शुरू किया था, जिसका समापन नवादा जिले में हुआ था. इस दौरान सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए थे. हालांकि, इस दौरान नीतीश कुमार और निशांत कुमार के समर्थन में भी नारे लगाए गए थे. अनुज सिंह ने कहा कि एनडीए और राजद के कई सम्मानित नेता प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें समर्थन दे रहे हैं.
रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा