)
बिहार की राजधानी पटना से सटे मोकामा के लदमा गांव में एक शादी हो रही है, जिसकी चहुंओर चर्चा है. इसे बिहार की शाही शादी कहा जा रहा है. स्थानीय विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी कर रहे हैं और बड़े ही चाव से खर्चा कर रहे हैं. दामाद को 3 करोड़ की कीमत वाला डिफेंडर दे चुके हैं, तो शादी से पहले गांव में घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है. इस प्रतियोगिता के विजेता को महिंद्रा कंपनी की थार गाड़ी दी जाएगी. शादी में 5 लाख लोगों के खाने का इंतजाम हो रहा है. सैकड़ों हलवाई खाना बनाने के काम में लगाए गए हैं. बिहार जैसे विकासशील राज्य में ऐसी शादी बिरले सुनने को मिलती है. इसलिए इसे शाही शादी कहना गलत नहीं होगा. अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी के बहाने जान लीजिए दुनिया की 5 सबसे शानदार शाही शादियों के बारे में.
कल्पना कीजिए, एक मशहूर फिल्म अभिनेत्री अचानक किसी देश की राजकुमारी बन जाए. जी हां, ग्रेस केली की कहानी कुछ ऐसी ही थी. हॉलीवुड में अपनी खूबसूरती और एक्ंटिग का लोहा मनवा चुकी ग्रेस केली ने 19 अप्रैल, 1956 को मोनाको के प्रिंस रेनियर तृतीय से शादी की थी. इस शादी समारोह में फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां और दुनिया भर के जाने माने गेस्ट पहुंचे थे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उस वक्त करीब तीन करोड़ लोगों ने इन दोनों की शादी को टीवी पर देखा था. शायद यही वजह है कि इतने दशक बीत जाने के बाद भी ग्रेस केली और प्रिंस रेनियर की शादी का जिक्र खास अंदाज में किया जाता है.
29 जुलाई, 1981 का दिन ब्रिटेन के शाही इतिहास के सबसे यादगार दिनों में शामिल है. इसी दिन प्रिंस चार्ल्स और लेडी डायना ने शादी की थी. बताया जाता है कि लंदन के सेंट पॉल कैथेड्रल में हुए इन दोनों की शादी को देखने के लिए दुनियाभर के लोग टीवी और रेडियो से जुड़े रहे थे.
29 अप्रैल, 2011 को ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने केट मिडलटन से शादी की. इन दोनों की शादी ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींचा था. विलियम और केट की बकिंघम पैलेस तक शाही बग्घी में जुलूस निकला गया था. रिपोर्ट के अनुसार, इस दोनों के शादी समारोह में करीब 2,000 मेहमान शामिल हुए थे. इस शादी की खास बात यह थी कि इसमें सदियों पुरानी ब्रिटिश शाही परंपराओं की झलक भी थी. यही वजह रही कि विलियम और केट की शादी लंबे वक्त तक अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में बनी रही.
जॉर्डन का शाही परिवार 1 जून, 2023 में एक बड़े जश्न में डूबा हुआ था. इस दिन क्राउन प्रिंस हुसैन ने रजवा अल सैफ के साथ शादी की थी. इन दोनों के शादी समारोह में विश्व के कई शाही परिवारों के सदस्य और राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए थे. क्राउन प्रिंस हुसैन और रजवा अल सैफ की शादी की सबसे खास बात ये रही थी कि ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और केट मिडलटन ने भी शिरकत किया था, जिसने लोगों का ध्यान खींचा था.
अब बात करते हैं भारत में होने वाली भव्य शादियों की, तो अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकती है. साल 2024 में जुलाई महीने में अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी हुई थी. मुंबई में हुई इन दोनों की शादी ने देश ही नहीं, पूरी दुनिया में भी खूब सुर्खियां बटोरी थी. सबसे खास बात ये है कि शादी का दिन नहीं था, लेकिन समारोह महीनों तक चले समारोह भी थे. प्री-वेडिंग प्रोग्राम में देश-दुनिया की बड़ी हस्तियां पहुंची थी. जस्टिन बीबर और रिहाना जैसे अंतरराष्ट्रीय सुपरस्टार ने शिरकत की थी. इतनी ही नहीं गेस्ट के आने-जाने के लिए प्राइवेट प्लेन का इंतजाम किया गया था.
खैर, अब इसी तरह से मोकाम विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी समारोह में आयोजित होने वाले कार्यक्रम लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. इस शादी में करीब 4 लाख मेहमान आएंगे. अनंत सिंह ने खुद बताया है कि बॉलीवुड, भोजपुरी से लेकर कई बड़े सुपरस्टार आएंगे. साथ ही बिहार से लेकर देश की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी.