)
एक तरफ शहनाइयों की गूंज, दूसरी तरफ घोड़ों की टाप और मैदान में थार जीतने की जंग... तो यूपी, बंगाल और बिहार के कई जिलों से चार लाख से अधिक लोगों की शाही दावत के लिए पकवान तैयार करने हलवाई पहुंचे हैं. दूध के टैंकरों की आवाज से इलाका गूंज रहा है. इतना ही नहीं, इस बार घुडदौड़ प्रतियोगिता में घोड़े का बेटा बाप की तरह अपना जलवा दिखाने को तैयार है. वहीं, गांव से कई किलोमीटर दूर से ही गाड़ियों की आवाज से लग रहा है कि यहां किसी शादी शादी का इंतजाम चल रहा है. आप सोच रहे हैं कि क्या यह कोई फिल्म की कहानी सुनाई जा रही है, तो आप ऐसा अगर सोच रहे हैं, तो अपने जेहन से निकाल दीजिए, क्योंकि हम बात कर रहे हैं कि मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी की. अरे हां भाई, एकदम पढ़ रहे हैं आप. हम आपको इस आर्टिकल में अनंत सिंह की बेटी की शादी तैयारी की पूरी जानकारी देंगे और बस आपको पूरा पढ़ना होगा.
मोकामा विधायक अनंत सिंह के गांव नदावां में बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. घुड़दौड़ के लिए बाहर से घोड़े भी यहां पहुंच रहे हैं. उम्मीद है कि मौसम साफ रहने पर सभी घोड़ों को 23 नवंबर सोमवार से प्रैक्टिस के लिए मैदान में ले जाया जाएगा. घुड़दौड़ मैदान से पानी बाहर निकालने के लिए सुबह से लोग मैदान में जुटे हैं. अनंत सिंह भी अपने समर्थकों के साथ सुबह मैदान का निरीक्षण कर चुके हैं. मैदान में बालू और रेत डालकर कीचड़ हटाने का प्रयास किया जा रहा है. अनंत सिंह के खुद मैदान में आने के बाद समर्थक भी काफी उत्साहित हैं. लदमा गांव के सभी ग्रामीण मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और सभी खुद घुड़दौड़ मैदान में जमे पानी को बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हैं. मौसम साफ रहने पर घुड़दौड़ प्रतियोगिता के लिए मैदान तैयार हो रहा है और घोड़े भी मैदान में रेस के लिए तैयार हैं.

घुड़दौड़ प्रतियोगिता रद्द होने के कयास लगाए जा रहे है. इस बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह ने कहा कि शादी की तैयारियों में बारिश से कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा. अनंत सिंह ने कहा कि टेंट और पंडाल के काम में एक-दो दिन जरूर परेशानी आई, लेकिन घुड़दौड़ प्रतियोगिता पहले की तरह होगी और भोजपुरी गायकों के कार्यक्रम पर भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा. सभी भोजपुरी गायक और कलाकार 25 नवंबर को कार्यक्रम में आएंगे. घुड़दौड़ मैदान में भी जहां कीचड़ हो गया है, वहां बालू डालकर समय पर घोड़ों की दौड़ के लायक बना दिया जाएगा. उन्होंने एक बार फिर जनता मालिक से 25 नवंबर को शादी के कार्यक्रम में पहुंचकर वर-वधू को आशीर्वाद देने का निमंत्रण दिया.

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियों में चार लाख से अधिक लोगों के खाने की व्यवस्था के लिए कई जिलों से हलवाई पहुंच गए हैं. गांव में जहां भी टेंट और पंडाल लगे हैं, सभी जगह मेहमानों के स्वागत में मिठाई तैयार करने के लिए दर्जनों मिट्टी के चूल्हों पर दूध उबाला जा रहा है. बड़े-बड़े कड़ाहों में कई किस्म के लालमोहन, गुलाब जामुन और स्पंज रसगुल्ले नेट से ढककर रखे गए हैं. सभी मिठाइयां शुद्ध देसी घी में तैयार की जा रही हैं. उत्तर प्रदेश, बंगाल और बिहार के कई जिलों के प्रसिद्ध हलवाइयों को बुलाया गया है. यूपी और बंगाल के कारीगर अपने यहां की बेहतरीन मिठाइयां और नमकीन तैयार करने में जुटे हैं.

अनंत सिंह के यहां 35 साल से शाही भोज की जिम्मेदारी निभा रहे नीरज कुमार बताते हैं कि चार लाख से अधिक लोगों के खाने का भरपूर इंतजाम किया जा रहा है. शुरू में बारिश से थोड़ी-बहुत परेशानी तो हुई, लेकिन समय पर सभी मिठाइयां तैयार कर ली जाएंगी. चार लाख से अधिक मेहमानों के पहुंचने पर भी सभी के खाने का पूरा इंतजाम यहां किया जा रहा है. सुबह से शाम तक दूध के बड़े-बड़े टैंकर गांव में मंगाए जा रहे हैं. कई गाड़ियों से गांवों से ताजी सब्जियां मंगाई जा रही हैं. चार लाख से अधिक मेहमानों के खाने-पीने की व्यवस्था के लिए दिन-रात लगातार सैकड़ों चूल्हे जल रहे हैं.

वहीं, 20 नवंबर को मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह का तिलक लदमा गांव स्थित आवास पर चुमाया गया. इस दौरान परिवार के अन्य लोगों ने बिटिया को शुभ आशीर्वाद दिया. अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को फलदान और तिलक चढ़ाने के दौरान पारिवारिक कार्यक्रम में शरीक हुए.

अब बात करते हैं अनंत सिंह की बड़ी बेटी की शाही शादी के बारे में, जब घुड़दौड़ प्रतियोगिता को 'राजा' नाम के घोड़े ने जीती थी. अब 'राजा' घोड़े का बेटा जय विजय शिवांगी सिंह की शादी में होने वाली घुड़दौड़ में अपना जलवा दिखने आया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जय विजय के पिता का नाम 'राजा' था. साल 2015 में जब अनंत सिंह की बड़ी बेटी की शादी हुई थी, तब आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता में राजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया था. 'राजा' ने करीब 150 घोड़ों को पछाड़कर जीत दर्ज की थी. इनाम में उसके मालिक को एक ऑल्टो कार मिली थी.

अब 11 साल बाद उसी विजेता घोड़े का बेटा जय विजय अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए अनंत सिंह की दूसरी बेटी की शादी में पहुंचा है. समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी से आए घोड़े के मालिक का नाम कृष्ण कुमार यादव है. खैर, अब ये देखना होगा कि इस घुड़दौड़ प्रतियोगिता में बाप की तरह बेटा भी विजेता बनता है, जहां राजा ने ऑल्टो कार जीती थी, तो क्या जय विजय थार अपने नाम करता है.