SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ADR की रिपोर्ट: संजय कुमार झा बिहार में सबसे अधिक संपत्ति वाले राज्यसभा सांसद, 16 में से 7 पर चल रहे क्रिमिनल केस

हमारे जनप्रतिनिधि कौन सा बिजनेस करते हैं या कहां अपना पैसा इनवेस्ट करते हैं कि दो चुनावों के बीच में उनका धन कई गुना बढ़ जाता है. इस पर कोई चर्चा नहीं करता, क्योंकि सभी का धन उसी रफ्तार से बढ़ता चला जाता है.

Written By Sunil Mishra
Published: Nov 04, 2026, 02:24 PM IST | Updated: Nov 04, 2026, 04:01 PM IST
Image Credit: एडीआर की ओर से इस बार राज्यसभा सांसदों को लेकर रिपोर्ट जारी की गई है.(AI Image)
Join

बिहार की राजनीति में अपराध की चर्चा न हो, ऐसा कैसे हो सकता है. राजनीति में अपराध को लेकर एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स यानी एडीआर की ओर से राज्यसभा सदस्यों के आपराधिक रिकॉर्ड का अध्ययन किया गया है. इस अध्ययन के अनुसार, बिहार के 16 में से 7 राज्यसभा सांसदों ने अपने चुनावी हलफनामे में क्रिमिनल केस का जिक्र किया है. इसका मतलब यह है कि बिहार के 44 प्रतिशत राज्यसभा सांसदों के खिलाफ आपराधिक केस चल रहे हैं. इससे यह जाहिर होता है कि राजनीति में आपराधिक मामले केवल विधानसभा और लोकसभा के  सदस्यों के खिलाफ ही नहीं हैं, बल्कि उच्च सदन भी इससे अछूता नहीं है. यह अध्ययन बताता है कि बिहार के राज्यसभा सांसदों में संजय कुमार झा सबसे धनवान व्यक्ति हैं. एडीआर की यह रिपोर्ट 2 नवंबर, 2026 को जारी की गई है.

रिपोर्ट में एडीआर और इलेक्शन वॉच ने देश के 233 मौजूदा राज्यसभा सांसदों में से 230 के हलफनामों का विश्लेषण किया है. रिपोर्ट कहती है, देश के 72 राज्यसभा सांसदों ने खुद के खिलाफ आपराधिक केस घोषित किया है. इनमें से 37 के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.

READ ALSO: बिहार के गैर मान्यता प्राप्त 107 दलों की ऑडिट और चंदा रिपोर्ट CEO बिहार की वेबसाइट पर नहीं! ADR की रिपोर्ट से उठे गंभीर सवाल

बिहार इस मामले में राष्ट्रीय औसत से भी ज्यादा है. बिहार उन राज्यों में शुमार है, जहां राज्यसभा सांसदों के बीच आपराधिक मामलों का अनुपात बहुत ज्यादा है. हालांकि, यह जरूरी नहीं कि जिस सांसद के खिलाफ आपराधिक मामले हैं, वो दोषी हैं. यह केवल उनके चुनावी हलफनामों में दी गई जानकारी पर आधारित रिपोर्ट है.

बिहार के टॉप 5 अमीर राज्यसभा सांसद

एडीआर की इस रिपोर्ट में राज्यसभा सांसदों की संपत्ति का भी अध्ययन किया गया है. इस रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के राज्यसभा सांसद और जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा की घोषित संपत्ति 22.69 करोड़ रुपये है. बीजेपी के मनन कुमार मिश्रा की संपत्ति 14.95 करोड़ रुपये और राजद के फैयाज अहमद की संपत्ति 12.25 करोड़ रुपये बताई गई है. बीजेपी के ही शिवेश कुमार की संपत्ति 9.28 करोड़ रुपये, जेडीयू के खीरू महतो की 8.79 करोड़ रुपये, नितिन नवीन की 3.50 करोड़ रुपये है.

एडीआर की रिपोर्ट कहती है, 230 राज्यसभा सांसदों की कुल घोषित संपत्ति 26,508 करोड़ रुपये से ज्यादा है. इस लिहाज से औसतन हर सांसद पर 115.25 करोड़ रुपये बैठता है. खास बात यह है कि देश के 32 सांसदों ने अपनी संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक घोषित की है. ये आंकड़े देश में धन के असमान वितरण की ओर इशारा करते हैं. जनप्रतिनिधि ​समाजसेवा करते हुए कई गुना अपनी संपत्ति बढ़ाते जाते हैं और आम आदमी अपनी संपत्ति दोगुनी तक नहीं कर पा रहा है.

230 में से 185 सांसद स्नातक या उससे ज्यादा पढ़े-लिखे

पढ़ाई लिखाई की बात करें तो देश के 230 राज्यसभा सांसदों में से 185 स्नातक या उससे अधिक पढ़ाई करके सदन में पहुंचे हैं. इसके अलावा देश के उच्च सदन में कुल 36 महिला सांसद हैं, जो कुल सांसदों का 16 फीसदी ही हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

इंडस्ट्री में 2 दशकों का अनुभव है तो खबरों की बाजीगरी आती है. डिजिटल मीडिया में आधे दशक हो चुके हैं. लंबे समय तक प्रिंट मीडिया में काम करना डिजिटल की दुनिया में मददगार साबित हुआ. दैनिक जागरण से शुरू हुआ सफर, अमर उजाला, हिन्दुस्तान, News Nation, ABP और India Ahead होते हुए Z Bihar Jharkhand तक पहुंचा है. बिहार और झारखंड की स्थानीय और राजनीतिक खबरों की विशेष समझ.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES