SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छठ महापर्व पर प्रशासन अलर्ट, पटना में 4 हजार जवानों की तैनाती, गया के घाटों का विधानसभा अध्यक्ष ने लिया जायजा

छठ महापर्व को लेकर बिहार में काफी उत्साह है. इस बीच पटना में 4 हजार जवानों की तैनाती और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गया है, तो वहीं गया में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने घाटों का जायजा लिया.

Edited By Shailendra
Published: Nov 12, 2026, 09:21 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 09:38 PM IST
Image Credit: छठ महापर्व को लेकर पटना प्रशासन अलर्ट, 4 हजार जवानों की तैनाती (Z News)
Join

लोक आस्था के महापर्व छठ 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जहां एक ओर पटना जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है. वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधि भी खुद जमीनी स्तर पर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं. पटना में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को पुख्ता करते हुए दीघा घाट पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई. वहीं, गयाजी में भी छठ तैयारियों का सिलसिला तेजी से जारी है. बिहार विधानसभा अध्यक्ष सह गया नगर विधायक डॉ. प्रेम कुमार ने वार्ड 31 और 33 के सिंगरास्थान, बेलागंज के जमकरण और बाराचट्टी के चेरकी घाट का औचक निरीक्षण किया.

छठ महापर्व को लेकर पटना प्रशासन अलर्ट, 4 हजार जवानों की तैनाती

छठ महापर्व 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पटना पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में दीघा घाट पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई. जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया.

डीएम कुंदन कुमार ने बताया कि नासरीगंज से दीदारगंज तक कुल 103 छठ घाट बनाए गए हैं. इनमें 90 घाट सुरक्षित हैं, जबकि 6 घाटों को खतरनाक घोषित किया गया है. कुछ घाट अनुपयुक्त भी हैं. खतरनाक और अनुपयुक्त घाटों पर लाल कपड़े से बैरिकेडिंग की गई है. श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे इन घाटों पर नहीं जाएं और बच्चों को भी वहां जाने से रोकें.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पूरे जिले में 607 अस्थायी शौचालय, 560 मोबाइल यूरिनल, 453 चेंजिंग रूम, 15 यात्री शेड और 173 वॉच टावर बनाए गए हैं. इसके अलावा 185 वाटर प्वाइंट, 118 नियंत्रण कक्ष और 22 सहायक नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं. मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है.

सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिए 321 नावों के साथ नाविकों की तैनाती की गई है. एनडीआरएफ की 9 टीमों में 270 सदस्य, एसडीआरएफ की 8 टीमों में 40 सदस्य, 168 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक, 204 आपदा मित्र और 432 गोताखोर लगाए गए हैं.

वहीं, एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि पूरे पटना जिले में ट्रैफिक पुलिस समेत करीब 4 हजार सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है. पार्किंग की निर्धारित व्यवस्था की गई है, ताकि जाम की समस्या न हो.

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिसकर्मियों के निर्देशों और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि लोक आस्था का महापर्व छठ शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके.

डॉ. प्रेम कुमार छठ घाटों की व्यवस्था का लिया जायजा

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार गयाजी के कई छठ घाटों की व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे. उन्होंने सिंगरास्थान, जमकारण और चेरकी घाट का निरीक्षण किया. साथ ही साफ-सफाई, जलापूर्ति, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए. मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया.

निरीक्षण के क्रम में गयाजी अंतर्गत वार्ड संख्या 31 और 33 के पुलिस लाइन स्थित सिंगरास्थान छठ घाट, बेलागंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विष्णुगंज स्थित जमकरण घाट और बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चेरकी छठ घाट का निरीक्षण किया गया.

सिंगरास्थान छठ घाट के निरीक्षण के दौरान तालाब में पानी भरने के कार्य की जानकारी ली गई. साथ ही भविष्य में श्रद्धालुओं को बेहतर और स्वच्छ जल की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गंगाजल लाने की चल रही योजना और उससे संबंधित कार्यों की भी जानकारी प्राप्त की गई. डॉ. प्रेम कुमार ने निर्देश दिया कि घाट पर जल की पर्याप्त उपलब्धता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो.

पटना से प्रकाश कुमार सिन्हा और गया से प्रिंस कुमार कुशवाहा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: बिहार में छठ की भव्य तैयारी: पटना के 90 घाट सुरक्षित घोषित, गया एयरपोर्ट पर लोकगीतों की गूंज तो हाजीपुर जंक्शन पर हाई अलर्ट

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES