SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जहानाबाद में भोजपुरी सिंगर अभिषेक सिंह की स्कॉर्पियो पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, गायक ने शिव कुमार विक्कू पर लगाया आरोप

जहानाबाद में भोजपुरी गायक अभिषेक सिंह की स्कॉर्पियो पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. काली नगर मोहल्ले में आज सुबह करीब 4:30 बजे बदमाशों ने गायक के घर के बाहर खड़ी गाड़ी पर 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं और ईंट-पत्थर बरसाकर कर को क्षतिग्रस्त कर दिया.

Edited By Rupak Kumar
Published: Oct 26, 2026, 12:22 PM IST | Updated: Oct 26, 2026, 12:28 PM IST
Image Credit: अभिषेक सिंह, भोजपुरी गायक
Join

जहानाबाद में सुबह-सुबह भोजपुरी गायक अभिषेक सिंह की खड़ी गाड़ी पर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस दौरान बदमाशों ने गाड़ी को निशाना बनाते हुए 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं और ईंट-पत्थर बरसाकर गाड़ी को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना नगर थाना क्षेत्र के काली नगर मोहल्ले की है. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पीड़ित गायक अभिषेक सिंह ने भोजपुरी गायक शिव कुमार विक्कू पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है. घटना सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है, जब पूरा मोहल्ला सो रहा था.

स्कॉर्पियो पर 5 राउंड फायरिंग

अभिषेक सिंह के घर के बाहर अचानक गाली-गलौज और गाड़ियों के शीशे टूटने की तेज आवाजें सुनाई देने लगीं. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बदमाशों ने घर के दरवाजे पर खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो को निशाना बनाते हुए 4 से 5 राउंड फायरिंग कर दी और जमकर ईंट-पत्थर बरसाए. हमले में गाड़ी के सभी शीशे चकनाचूर हो गए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. गनीमत रही कि घटना के समय गाड़ी में कोई सवार नहीं था, जिससे किसी की जान नहीं गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.

ये भी पढ़ें: अहियापुर थाने के दरोगा ललन कुमार पर गिरी गाज, केस की जांच के दौरान पीड़िता से अश्लील बातचीत के आरोप में SSP ने किया सस्पेंड
 

अभिषेक सिंह ने शिव कुमार विक्कू पर जताया संदेह

पीड़ित गायक अभिषेक सिंह ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे की है. उस समय परिवार के सभी लोग सो रहे थे. अचानक गाड़ी के टूटने-फूटने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली. बाहर गाली-गलौज हो रही थी और लगातार 4 से 5 राउंड फायरिंग की गई. इसके बाद उन्होंने तुरंत प्रशासन को सूचना दी. अभिषेक सिंह के अनुसार, पुलिस मौके पर पहुंची और जमीन पर गिरे खाली खोखे बरामद कर अपने साथ ले गई. उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों कलाकारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और उन्हें खुले मंच से घर पर आकर गोली मारने की धमकी दी गई थी. उन्होंने शिव कुमार विक्कू पर संदेह जताते हुए कहा कि उन्हें अपनी बढ़ती लोकप्रियता के कारण निशाना बनाए जाने की आशंका है. साथ ही, उन्होंने सोशल मीडिया और स्टेज कार्यक्रमों के दौरान उनके परिवार को लेकर अभद्र टिप्पणियां किए जाने का भी आरोप लगाया.

सोशल मीडिया की खींचतान से बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि दोनों भोजपुरी गायकों के बीच विवाद की वजह स्टेज कार्यक्रमों और सोशल मीडिया पर चल रही खींचतान है. दोनों कलाकार जहानाबाद के रहने वाले हैं. अभिषेक सिंह के मुताबिक, सीनियरिटी और लोकप्रियता को लेकर दोनों पक्षों के बीच यूट्यूब और स्टेज कार्यक्रमों के जरिए एक-दूसरे पर निजी टिप्पणियां की जा रही थीं. आरोप है कि इसी विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है. इधर, सूचना मिलने के बाद नगर थाने की पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोखे जब्त किए हैं. साथ ही, मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES