मोतिहारी में दर्दनाक हादसा: 3 अलग-अलग घटनाओं में पानी में डूबने से 8 लोगों की मौत
मोतिहारी में शुक्रवार को 3 अलग-अलग घटनाओं में पानी में डूबने से 8 लोगों की मौत हो गई. पहाड़पुर में चार बच्चियों की, तो घोड़ासहन में एक लड़की की डूबने से मौत हो गई. पोखरे में डूबने से 4 नाबालिग लड़कियों की मौत हो गई है.
मोतिहारी में 2 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार का दिन हादसों का रहा. यहां पर पहाड़पुर, बंजरिया और घोड़ासहन प्रखंड में पानी में डूबने से 8 लोगों की मौत हो गई है. पहाड़पुर में चार बच्चियों की, तो घोड़ासहन में एक लड़की की डूबने से मौत हो गई है. बंजरिया में तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई है.
मोतिहारी में बर्थडे पार्टी मौत का कारण बन गई
मोतिहारी के तीन युवक मोटरसाइकिल से बंजरिया ब्लॉक स्थित खंडवा नहर के पास छठ घाट के पास बर्थडे मनाने गए हुए थे. बर्थडे मनाने के बाद उक्त तीनों युवकों ने स्नान करने के लिए जैसे ही बाढ़ के पानी में छलांग लगाई, उन्हें गहराई का अंदाजा नहीं हो सका, जिस कारण तीनों युवक गहरे पानी में डूब गए. घाट के किनारे खड़ी मोटरसाइकिल और उस पर कपड़े देखकर ग्रामीणों को कौतूहल हुआ, फिर धीरे-धीरे बात आग की तरह फैल गई. करीब 2 घंटे तक गोताखोरों ने खोजबीन की, जिसके बाद तीनों के शव निकाले जा सके.
मृतक युवकों के नाम को जानिए
बंजरिया प्रखंड के चौलाहा निवासी तीन युवकों की मौत हो गई है. मृतक युवकों के नाम यश कुमार, शकील अंसारी और समीर दीवान बताए जा रहे हैं. एक साथ तीन युवकों की मौत के बाद चौलाहा में मातम पसरा हुआ है.
बनकट गांव में दर्दनाक हादसा, पोखरे में डूबने से 4 नाबालिग लड़कियों की मौत
मोतिहारी में जिउतिया पूजा को लेकर नहाने गईं चार बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई है. एक ही गांव में चार मौतें हो जाने के बाद गांव में मातम पसर गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पहाड़पुर के बनकट गांव में पोखरे में नहाने के दौरान डूबने से चार नाबालिग लड़कियों की मौत हो गई. घटना प्रखंड की इनरवाभार पंचायत के वार्ड संख्या 07 की है.
मृतक लड़कियों की पहचान सरिता देवी, पति प्रमोद महतो की पुत्री सोनामति (उम्र 13 वर्ष) व फूलमती (उम्र 10 वर्ष); तारा देवी, पति विरेंद्र महतो की पुत्री सोनाली कुमारी (उम्र 10 वर्ष) और सुगान्ति देवी, पति अच्छेलाल पासवान की पुत्री प्रतिमा कुमारी (उम्र 12 वर्ष) के रूप में हुई है.
जिउतिया स्नान के दौरान चारों बच्चियां डूब गईं. घटना की सूचना साथ में नहा रही पांचवीं बच्ची ने गांव में जाकर दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे. हालांकि, तब तक चारों बच्चियों की डूबने से मौत हो चुकी थी. घटना के संबंध में बताया जाता है कि गहरे पानी में चले जाने के कारण सभी की डूबने से मौत हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस चारों बच्चियों को पहाड़पुर सीएचसी (CHC) ले आई, जहां चिकित्सकों ने सभी बच्चों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है.
रिपोर्ट: पंकज कुमार