App

72 घंटे बाद मिला किशोरी का शव: परिजनों ने प्रेम-प्रसंग में लगाया हत्या का आरोप, ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

Begusarai News: बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता 16 वर्षीय किशोरी सुमन कुमारी का शव घर के पास पानी भरे गड्ढे से बरामद हुआ. परिजनों ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और सड़क जाम कर हंगामा किया.

72 घंटे बाद मिला किशोरी का शव: परिजनों ने प्रेम-प्रसंग में लगाया हत्या का आरोप, ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

Begusarai News: बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पंचवीर वार्ड नंबर-3 में तीन दिनों से लापता 16 वर्षीय किशोरी का शव घर के पास ही पानी भरे गड्ढे से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया. वहीं, शव मिलने के बाद परिजनों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया. मृतका की पहचान सुमन कुमारी (16), पिता चंदन मल्लिक, निवासी पंचवीर वार्ड नंबर-3 के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सुमन के पिता मजदूरी का काम करते हैं. परिजनों के मुताबिक, सुमन 3 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे अचानक घर से गायब हो गई थी. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने साहेबपुर कमाल थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.

72 घंटे बाद मिला शव
इसी बीच करीब 72 घंटे बाद घर के पास ही पानी भरे गड्ढे में सुमन का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, मृतका के चाचा ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि पिछले करीब छह महीने से ज्ञान टोल, बहलोरिया शिव मंदिर इलाके के रहने वाले एक युवक से सुमन की बातचीत और कथित प्रेम-प्रसंग चल रहा था. परिजनों के अनुसार, घर में एक ही मोबाइल फोन था और मौका मिलने पर दोनों घंटों बातचीत किया करते थे. परिवार को जब इस बात की जानकारी हुई तो सुमन के पिता ने युवक को अपनी बेटी से दूर रहने की चेतावनी भी दी थी.

मोबाइल पर फोन कर कथित तौर पर धमकी
परिजनों का आरोप है कि 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे युवक ने सुमन के पिता के मोबाइल पर फोन कर कथित तौर पर धमकी दी थी कि उनकी बेटी को घर से उठा लिया जाएगा. इसके अगले दिन सुमन के अचानक गायब होने के बाद परिवार ने पुलिस को पूरी जानकारी दी. परिजनों का कहना है कि पुलिस युवक के घर जाकर पूछताछ की थी, जहां युवक ने सुमन से वीडियो कॉल पर बातचीत करने की बात स्वीकार की थी. हालांकि, परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने युवक को हिरासत में लेने के बाद कुछ घंटे में ही छोड़ दिया. उनका कहना है कि अगर पुलिस युवक से लगातार पूछताछ करती तो आज यह स्थिति होती. परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मामला दर्ज होने के बावजूद किशोरी को सही तरीके से नहीं ढूंढा गया, जिसके कारण तीन दिन बाद उसका शव बरामद हुआ.

आखिर किशोरी की मौत कैसे हुई?
अब तीन दिन बाद किशोरी का शव मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं. आखिर किशोरी की मौत कैसे हुई? क्या यह हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश है? इन तमाम सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे. फिलहाल साहेबपुर कमाल थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More