)
वैशाली जिला के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के नजदीक गंगा नदी में एक बड़ा नाव हादसा हो गया है. नदी में नाव पलटने से उस पर सवार 20 से 30 लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब सभी लोग एक भोज में शामिल होने के लिए जा रहे थे.
बताया जा रहा है कि गांव के लगभग 20 से 30 लोग नाव पर सवार होकर भोज खाने पड़ोस के गांव जा रहे थे, इसी बीच नाव नदी में पलट गई और यह बड़ा हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही डीएम, एसपी समेत तमाम आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और पानी से निकाले गए लोगों को एनएमसीएच भेजा जा रहा है.
ऐसे में अभी 11 लोगों के मौत की खबर है, लेकिन जिस तरह का दर्दनाक हादसा हुआ है, उसे देखकर लगता है कि मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है. सबसे दुखद बात यह है कि मरने वालों में अधिकांश बच्चे हैं, जो नाव पर सवार होकर भोज खाने जा रहे थे.
बता दें कि गंगा में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने निजी नाव के परिचालन पर रोक लगा रखी है, बावजूद इसके लोग नाव से आवाजाही कर रहे हैं, जिसका नतीजा है कि इतना बड़ा हादसा हो गया है. हालांकि, सवाल प्रशासन से भी है कि जब अवैध नाव का परिचालन किया जा रहा था, तो प्रशासनिक स्तर पर इसकी मॉनिटरिंग क्यों नहीं हुई?
तेजस्वी यादव ने जताया गहरा दुख
वहीं, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वैशाली नाव हादसे पर दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स लिखा कि राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की दुर्भाग्यपूर्ण दुखद खबर प्राप्त हुई. डूबने वालों में से अधिकांश बच्चे. ईश्वर सबको सुरक्षित रखें. स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से वार्ता कर राहत बचाव और उपचार कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया.
राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की दुर्भाग्यपूर्ण दुखद खबर प्राप्त हुई। डूबने वालों में से अधिकांश बच्चे। ईश्वर सबको सुरक्षित रखें। स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से वार्ता कर राहत बचाव और उपचार कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) October 13, 2026
सीएम सम्राट चौधरी नाव हादसे पर गहरा दुख जताया
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने वैशाली नाव हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में मासूमों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को यह भारी दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) दी जाएगी. प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं.
वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में मासूमों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें एवं परिजनों को यह भारी दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) दी जाएगी। प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं। ॐ शांति!
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) October 13, 2026
बिहार कांग्रेस ने भी दुख जताया
वैशाली की घटना पर बिहार कांग्रेस ने भी दुख जताया. बिहार कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने की हृदयविदारक घटना में बच्चों की मौत की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है. इस दुःख की घड़ी में हमारी गहरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिजनों के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति दें.
वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने की हृदयविदारक घटना में बच्चों की मौत की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस दुःख की घड़ी में हमारी गहरी संवेदनाएँ शोक-संतप्त परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति दें। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
— Bihar Congress (@INCBihar) October 13, 2026
रिपोर्ट: राजकुमार सिंह