कटिहार में नवमी की रात मंदिर जाने के लिए निकली 5 छात्राएं लापता, परिजनों ने जताया अपहरण की आशंका
कटिहार में नवमी की रात मंदिर में दीप जलाने की बात कहकर निकली पांच छात्राएं लापता हो गई हैं. 18 घंटे बीतने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है. परिजनों ने अपहरण की आशंका जताया है. वहीं, मनसाही थानाध्यक्ष ने बताया कि अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस खोजबीन में जुटी है.
कटिहार जिला के मनसाही थाना क्षेत्र अंतर्गत साहेब नगर पंचायत के मनसाही गांव के वार्ड संख्या 8 और 9 से पांच नाबालिग छात्राओं के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है. सभी छात्राएं एक ही गांव की रहने वाली हैं और उत्क्रमित मध्य विद्यालय मनसाही में कक्षा छह में पढ़ती हैं. घटना के बाद से परिजनों में बेचैनी का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिजनों के अनुसार, 19 अक्टूबर को दुर्गा पूजा की नवमी के दिन पांचों छात्राएं घर से यह कहकर निकली थीं कि वे दुर्गा मंदिर में दीप जलाने जा रही हैं. मगर, देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ने लगी. अगले दिन सुबह से ही परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों समेत कई जगहों पर उनकी तलाश की, लेकिन छात्राओं का कोई सुराग नहीं मिला. लगभग 18 घंटे बीत जाने के बाद भी छात्राओं के घर नहीं लौटने पर परिजन मनसाही थाना पहुंचे और सामूहिक रूप से गुमशुदगी का आवेदन देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई.
लापता छात्राओं की पहचान शालू कुमारी और सरगम कुमारी, दोनों पिता जयशंकर ठाकुर, रश्मि कुमारी, पिता सुरेश पासवान, सुप्रिया कुमारी, पिता नीरज ठाकुर और सुहानी कुमारी, पिता अंगद पासवान के रूप में की गई है. परिजनों के अनुसार, शालू और सरगम जुड़वां बहनें हैं. पांचों छात्राएं नाबालिग हैं और एक ही विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा हैं.
परिजनों ने बताया कि पांचों लड़कियां मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करती थीं. उनके पास न तो मोबाइल फोन होने की जानकारी है और न ही फेसबुक या इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल की. ऐसे में उनके अचानक लापता होने से परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका को लेकर परेशान हैं.
पुलिस ने शुरू की तलाश
मामले की जानकारी मिलने के बाद मनसाही थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार प्रसाद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता छात्राओं की तस्वीरें पुलिस विभाग के कई ग्रुप में शेयर की. साथ ही उनके बारे में जानकारी जुटाने के लिए गुप्त सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया गया है. पुलिस छात्राओं का पता लगाने के प्रयास में जुटी है.
इधर, परिजन अपनी बच्चियों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं. गांव में भी इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है. परिजनों ने प्रशासन से पांचों नाबालिग छात्राओं को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की है.
रिपोर्ट: रंजन कुमार