SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

रात 8 बजे फोन आया और घर से निकल गया दीपक, फिर सुबह लाला गाछी में मिला शव, समस्तीपुर में सनसनी

समस्तीपुर में 17 वर्षीय किशोर की धारदार हथियार से हत्या करने का मामला सामने आया है. परिवार वालों ने बताया कि दीपक को रात 8 बजे फोन आया था, उसके वह बाद घर से निकला था. इसके बाद शनिवार सुबह लाला गाछी में शव मिला.

Edited By Shailendra
Published: Nov 14, 2026, 12:31 IST | Updated: Nov 14, 2026, 12:43 IST
Image Credit: समस्तीपुर में 17 वर्षीय किशोर की धारदार हथियार से हत्या (Photo-AI)
Join

समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के धमौन गांव में 17 वर्षीय किशोर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. शुक्रवार रात घर से निकले किशोर का शव शनिवार अहले सुबह गांव के लाला गाछी में मिला. उसके शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई.

मृतक की पहचान धमौन गांव निवासी राजनीति राय के पुत्र दीपक कुमार (17) के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पटोरी एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी और थानाध्यक्ष अनिल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है. वहीं, डॉग स्क्वायड की टीम भी जांच में सहयोग करेगी.

परिजनों के अनुसार, दीपक गुजरात में एक निजी कंपनी में काम करता था. छठ महापर्व में शामिल होने के लिए करीब 10 दिन पहले ही गांव आया था. शुक्रवार रात करीब 8 बजे उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया. इसके बाद वह घर से निकल गया. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश को लेकर चिंतित हो गए. शनिवार अहले सुबह उसकी हत्या की सूचना मिली.

घटनास्थल पर कई जगह खून के निशान मिले हैं. इसके अलावा वहां एक चप्पल भी बरामद हुई है. पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही दीपक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है.

स्थानीय स्तर पर यह बात सामने आई है कि दीपक पूर्व में कुछ आपराधिक गतिविधियों और नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा रहा था. इसी वजह से परिजनों ने उसे गांव से बाहर भेज दिया था. हालांकि, इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हत्या के पीछे आपसी रंजिश, पुराना विवाद या अन्य कारण हैं, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है.

पटोरी एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है. डॉग स्क्वायड के भी पहुंचने की सूचना है. पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है.

रिपोर्ट: मनटुन कुमार रॉय

यह भी पढ़ें: लोन लेकर पत्नी ने कराई पति की हत्या, 22 साल के आशिक के चक्कर में रची खौफनाक साजिश, खुलासे से हर कोई दंग

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES