App

क्या है 'डच रीच' तकनीक? कार का दरवाजा खोलते समय एक हाथ की ये ट्रिक बचा सकती है जान, जानिए कैसे

अचानक से कार से उतरने के लिए दरवाजा खोलना कई बार बड़े खतरे का कारण बन जाता है. ऐसे एक्सीडेंट्स से बचाने के लिए नीदरलैंड्स की डच रीच तकनीक बहुत कारगर है. जानिए कैसे एक हाथ की यह छोटी सी आदत आपकी और दूसरों की जान बचा सकती है.

क्या है 'डच रीच' तकनीक? कार का दरवाजा खोलते समय एक हाथ की ये ट्रिक बचा सकती है जान, जानिए कैसे
Image Credit: दरवाजा खोलने का डच रीच मेथड

आज के दौर में कार सिर्फ कहीं आने जाने का जरिया नहीं, बल्कि हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बनती जा रही है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कार से उतरने का भी एक खास तरीका होता है? शायद नहीं! अक्सर लोग गाड़ी पार्क करने के बाद बिना पीछे देखे अचानक सड़क की तरफ का दरवाजा खोल देते हैं. इस एक लापरवाही के कारण पीछे से आ रहे बाइक, साइकिल या पैदल सवार सीधे दरवाजे से टकरा जाते हैं, जिससे एक्सीडेंट होने की संभावना कई गुना तक बढ़ जाती है. 

इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए नीदरलैंड्स में एक बहुत ही अनोखा और आसान तरीका अपनाया जाता है, जिसे डच रीच कहा जाता है. तो आइए जानते हैं क्या है डच रीच और कैसे यह एक्सीडेंट के खतरे को कम करता है.

क्या है डच रीच तरीका?

डच रीच कार का दरवाजा खोलने की एक खास तकनीक है. इसका नियम बहुत ही आसान है. जब भी आपको गाड़ी से बाहर निकलना हो, तो दरवाजे के पास वाले हाथ का इस्तेमाल करने के बजाय उससे दूर वाले हाथ से हैंडल पकड़ें.

इसे सरल शब्दों में समझें तो अगर आप कार की ड्राइवर सीट पर बैठे हैं और दरवाजा आपके राइट साइड यानी दाएं तरफ है, तो दाएं हाथ की जगह अपने बाएं हाथ का इस्तेमाल करके दरवाजा खोलें. ठीक इसी तरह अगर आप लेफ्ट साइड यानी बाईं ओर बैठे हैं, तो अपने दाएं हाथ से दरवाजा खोलें.

यह तकनीक कैसे बचाती है जान?

जब आप दरवाजे से दूर वाले हाथ को हैंडल तक ले जाते हैं, तो आपका शरीर अपने आप थोड़ा घूम जाता है. इस तरह मुड़ने से आपका सिर और नजरें सीधे पीछे की ओर चली जाती है. इससे आपको कार के साइड मिरर और पीछे वाली खिड़की से साफ दिखाई देने लगता है कि कोई गाड़ी, साइकिल या पैदल यात्री तो नहीं आ रहा है.

अचानक दरवाजा खोलने से पीछे से आने वाले इंसान को संभलने का मौका नहीं मिलता और वह सीधे दरवाजे से टकरा जाता है. डच रीच अपनाने से आपकी रफ्तार अपने आप धीमी हो जाती है और आप पहले पीछे देखकर सही स्थिति जान लेते हैं और फिर बाहर निकलते हैं.

कहां से हुई इसकी शुरुआत?

नीदरलैंड्स में साइकिल चलाने वालों की संख्या बहुत ज्यादा है. वहां सत्तर के दशक से ही बच्चों को स्कूलों में और ड्राइविंग सीखने वालों को यह तरीका सिखाया जाता है. अमेरिका में जब साइकिल चालकों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा जागरूकता अभियान चलाया गया, तब इस तकनीक को पूरी दुनिया में डच रीच के नाम से जाना जाने लगा.

आज के समय में जब सड़कों पर ट्रैफिक बहुत तेजी से बढ़ रहा है, तब यह छोटी सी आदत किसी की जान बचाने में बहुत मददगार साबित हो सकती है. कार से उतरते समय बस अपने हाथ का सही चुनाव करें और किसी एक्सीडेंट होने के खतरे से दूर रहें.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Udbhav Tripathi

Udbhav Tripathi

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More