)
अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन नई कार खरीदने का सोच रहे हैं, तो Skoda ने आपके लिए नया और शानदार ऑप्शन ला दिया है. बेहतरीन ड्राइविंग और मजबूत बनावट के लिए जानी जाने वाली Skoda ने स्लाविया का नया फेसलिफ्ट मॉडल भारत में लॉन्च कर दिया है. इस सेडान की एक्स शोरूम प्राइज 9.99 लाख रुपये कंपनी ने रखी है.
नई सेडान की खास बात यह है कि इस बार कंपनी ने इस कार में कॉस्मेटिक बदलाव बहुत ज्यादा नहीं किया है, इस सीरीज में सेगमेंट-फर्स्ट फीचर्स से लेकर बिल्कुल नया और दमदार 8 स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स कंपनी ने दिया है, जो आपके ड्राइविंग के एक्सपीरियंस को और भी बेहतर बनाने वाला है.
नई Slavia को Classic, Classic+, Signature, Sportline, Prestige और Monte Carlo नाम से 6 वेरिएंट में कंपनी ने लॉन्च किया है. Classic वेरिएंट में 1.0 TSI इंजन के साथ मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है और इसकी कीमत 9.99 लाख रुपये है. Classic+ की मैनुअल के साथ कीमत 10.99 लाख, ऑटोमैटिक के साथ 12.49 लाख रुपये रखी गई है. Signature वेरिएंट की कीमत 13.94 लाख रुपये से कंपनी ने शुरू करने का फैसला किया है, वहीं इसके ऑटोमैटिक मॉडल के लिए 14.94 लाख रुपये खर्च करने होंगे.
Sportline वेरिएंट की कीमत 1.0 TSI मैनुअल के लिए 14.34 लाख रुपये और ऑटोमैटिक के लिए 15.34 लाख रुपये रखी गई है. Prestige वेरिएंट की कीमत मैनुअल में 15.89 लाख रुपये, ऑटोमैटिक में 16.89 लाख रुपये और 1.5 TSI DSG के साथ 18.59 लाख रुपये है. सबसे ऊपर Monte Carlo वेरिएंट आता है. इसकी 1.0 TSI ऑटोमैटिक प्राइज 17.29 लाख रुपये है, वहीं 1.5 TSI DSG मॉडल के लिए आपको 18.84 लाख रुपये खर्च करने होंगे.
Slavia का बेस डिजाइन पहले वाले मॉडल के जैसा ही है, लेकिन कंपनी ने इसे फ्रेश लुक देने की पूरी कोशिश की है. इसमें नए LED हेडलैंप और टेललैंप मिलते हैं. पीछे की तरफ सीक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर भी दिए गए हैं. फ्रंट ग्रिल में क्रोम की नई पट्टी लगाई गई है. कार के आगे और पीछे के हिस्से में भी कुछ बदलाव किए गए हैं.
इसके अलावा नए डिजाइन के अलॉय व्हील मिलेंगे. Monte Carlo वेरिएंट को बाकी मॉडल के मुकाबले ज्यादा स्पोर्टी रखा गया है. इसमें ब्लैक एलिमेंट, रेड डिटेलिंग और अलग बैजिंग दी गई है.
नई Slavia को 8 कलर्स से खरीदा जा सकेगा. इनमें Arctic Silver और Cappuccino Beige दो नए रंग हैं. Cappuccino Beige कलर कार की डिलीवरी इस साल के आखिरी महीने में शुरू हो सकती है.
इस बार कंपनी ने कार के अंदर के फीचर्स पर भी काफी काम किया है. पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए सीट मसाज का फीचर दिया गया है. Skoda का कहना है कि इस सेगमेंट में यह पहली बार है जब पिछली सीट पर ऐसा फीचर दिया गया है.
टॉप वेरिएंट में आगे की सीट इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट और वेंटिलेशन के साथ आती हैं. कार में 360 डिग्री कैमरा, Park Pilot और आगे पीछे पार्किंग सेंसर भी मिलते हैं. महंगे वेरिएंट में 26.03 सेमी का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है.
नई Slavia में 25.6 सेमी का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम लगाया गया है. इसका इंटरफेस पहले से अलग है. इसमें वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay सपोर्ट भी दिया गया है.
कार में Google के Automotive AI Agent पर आधारित वॉइस असिस्टेंट भी दिया गया है. इसमें Gemini का सपोर्ट भी दिया गया है.
इंजन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है. Slavia में 1.0 लीटर और 1.5 लीटर TSI पेट्रोल इंजन पहले की तरह मिलते रहेंगे. 1.0 लीटर इंजन के साथ 6 स्पीड मैनुअल के अलावा अब 8 स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स भी मिलेगा. कंपनी के अनुसार 1.0 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ इस सेगमेंट में 8 स्पीड ऑटोमैटिक देने वाली यह पहली कार है. वहीं 1.5 लीटर TSI इंजन के साथ 7 स्पीड DSG गियरबॉक्स जारी रहेगा. 1.5 लीटर वाले मॉडल में पीछे डिस्क ब्रेक भी दिए गए हैं.
नई Slavia में सेफ्टी के मामले में भी कई फीचर्स स्टैंडर्ड रखे गए हैं. कार की 5 स्टार Global NCAP रेटिंग बरकरार है. सभी वेरिएंट में 6 एयरबैग और 25 से ज्यादा एक्टिव और पैसिव सेफ्टी फीचर मिलते हैं. महंगे वेरिएंट में 40 से ज्यादा सेफ्टी फीचर दिए गए हैं. इसके साथ ही कंपनी Super Care पैकेज भी दे रही है. इसमें 4 साल या 1 लाख किलोमीटर की वारंटी, 4 साल की रोडसाइड असिस्टेंस और चार लेबर फ्री सर्विस शामिल हैं. कस्टमर्स वारंटी को दो साल तक और बढ़वा भी सकते हैं.