)
अगर आप भी लेह-लद्दाख बाइक से सफर करने का प्लान बना रहे हैं तो सिर्फ कपड़ों का बैग पैक कर लेना ही काफी नहीं है! बर्फीली हवाएं, ऊंचे-ऊंचे दर्रे, पथरीली सड़कें और अचानक सामने आने वाले बर्फीले पानी आपके इस रोमांचक सफर को पल भर में एक बड़ी चुनौती बना सकते हैं. पहाड़ों पर नार्मल सड़कों जैसा माहौल नहीं होता है, वहां नेटवर्क कभी रहता है, तो कभी पूरी तरह से गायब हो जाता है.
लेह- लद्दाख का सफर सुरक्षित और यादगार तभी बनता है जब राइडर के साथ-साथ उसकी मोटरसाइकल भी पूरी तरह तैयार हो. अगर आप नहीं चाहते कि बर्फीली वादियों में आपकी बाइक किसी परेशानी में फंसे, तो निकलने से पहले अपनी गाड़ी में ये 5 जरूरी चीजें तुरंत फिट करवा लें!
लद्दाख के लंबे सफर में आपको कपड़े, टेंट और खाने-पीने का सामान साथ रखना पड़ता है. इसके लिए बाइक के पीछे लगेज कैरियर और दोनों ओर सैडल स्टे लगवाना बहुत जरूरी होता है. यह लोहे या एल्युमीनियम का एक मजबूत ढांचा होता है. इसकी सहायता से आप अपने बैग और सामान को कसकर बांध सकते हैं. इससे सामान बाइक के पहिये या साइलेंसर से नहीं छूता और सफर के दौरान गाड़ी का बैलेंस खराब नहीं होता है.
पहाड़ी रास्तों पर पानी के बहाव और पत्थरों के बीच बाइक फिसलने का डर हमेशा रहता है. बाइक के नीचे लगने वाला इंजन गार्ड आपके इंजन को पत्थरों और कीचड़ से बचाता है. वहीं, मजबूत क्रैश गार्ड लगाने से अगर बाइक किसी वजह से गिर भी जाती है, तो आपके पैर और बाइक सुरक्षित रहती है.
लद्दाख की ठंडी और बर्फीली हवाएं राइडर के हाथों को सुन्न कर देती हैं. हैंडल पर लगे हैंड गार्ड आपको सीधी ठंडी हवा से बचाते हैं. इसके साथ ही, बाइक गिरने की स्थिति में यह ब्रेक और क्लच के लीवर को टूटने से भी रोकते हैं.
अनजान रास्तों पर रास्ता भटकने से बचने के लिए बाइक में वाटरप्रूफ मोबाइल होल्डर होना ही चाहिए, जिससे आप आसानी से मैप देख सकें. इसके साथ ही फोन चार्ज करने के लिए USB चार्जर भी जरूर लगवाएं. लद्दाख में अचानक धुंध, बर्फबारी या खराब मौसम हो जाता है, ऐसे में रास्ता साफ देखने के लिए बाइक में अच्छी कंपनी की एलईडी फॉग लाइट्स लगवाना बहुत फायदेमंद साबित होता है.