App

महाशक्तियों का महामिलन: शी-ट्रंप-पुतिन एक साथ, 19 नवंबर को 3 सुपरपावर्स की पहली त्रिपक्षीय बैठक, किसका खेल बिगाड़ेगी ये तिकड़ी?

अमेरिका, चीन और रूस के बीच होने वाली अहम त्रिपक्षीय बैठक को लेकर दुनिया की नजरें शेनझेन पर टिक गई हैं. तीनों देशों के नेता पहली बार इस प्रारूप में साथ बैठेंगे. बैठक में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और ईरान युद्ध जैसे मुद्दे उठ सकते हैं. हालांकि यूक्रेन युद्ध के एजेंडे में शामिल होने की संभावना फिलहाल न के बराबर बताई जा रही है.

महाशक्तियों का महामिलन: शी-ट्रंप-पुतिन एक साथ, 19 नवंबर को 3 सुपरपावर्स की पहली त्रिपक्षीय बैठक, किसका खेल बिगाड़ेगी ये तिकड़ी?
Image Credit: ट्रंप-शी-पुतिन (रॉयटर्स)

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपने अमेरिकी और रूसी समकक्ष के साथ शेनझेन में त्रिपक्षीय बैठक करेंगे. अमेरिका के बाद अब चीनी विदेश मंत्रालय ने भी सुपरपावर्स की महामुलाकात की पुष्टि कर दी है. सोमवार को एक आधिकारिक बयान जारी किया गया जिसके मुताबिक '19 नवंबर को, राष्ट्रपति शी जिनपिंग शेनझेन में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ चीन-रूस-अमेरिका शिखर सम्मेलन आयोजित करेंगे.' हालांकि अभी क्रेमिलन की ओर से पुतिन के कार्यक्रम की पुष्टि नहीं हुई है. माना जा रहा है कि मॉस्को की ओर से जल्द ही कोई बयान जारी हो सकता है.

तीन महाशक्तियों की पहली त्रिपक्षीय वार्ता

यह ऐतिहासिक बैठक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन से इतर होगी, जिसमें दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों के नेता पहली बार एक साथ बैठेंगे. इससे पहले व्हाइट हाउस ने ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग की मुलाकात की योजना का उल्लेख किया था, हालांकि तब तारीख का खुलासा नहीं किया गया था. व्हाइट हाउस ने बताया था कि अगले हफ्ते चीन में होने वाले एक शिखर सम्मेलन से इतर मुलाकात करने की योजना बना रहे हैं.

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स ने पत्रकारों से कहा, 'अमेरिका, रूस और चीन के तीनों नेताओं के बीच यह ऐतिहासिक मुलाकात तब होगी, जब ट्रंप चीन के दक्षिणी शहर शेनझेन में होने वाले एशिया पैसिफिक इकोनॉमिक को-ऑपरेशन (एपेक) सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.'

उन्होंने कहा, 'राष्ट्रपति ने साफ कर दिया है कि वह दुनिया में परमाणु हथियारों को कम करने समेत कई मुद्दों पर बात करेंगे. राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि परमाणु हथियारों का जखीरा कम करना बहुत जरूरी है.' आपको बताते चलें कि मिड टर्म चुनाव हारने के बाद ट्रंप के तेवर कुछ कम हुए हैं, वरना इन्हीं अमेरिकी राष्ट्रपति महोदय ने 13 फरवरी, 2025 को कहा था कि अमेरिका अपने परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़ाएगा. आगे उन्होंने ये भी कहा था कि अमेरिका सर्वशक्तिमान है, इसलिए वो चाहे तो पूरी दुनिया को 100 से ज्यादा बार पूरी तरह से बर्बाद और तबाह कर सकता है.'

ईरान का नामोनिशान मिटा देने जैसी धमकियों के पीछे का आधार भी अमेरिका का न्यूक्लियर आर्सेनल होता था.   

किसका खेल बिगाड़ेगी ये तिकड़ी?

ओलिविया वेल्स ने कहा, 'ट्रंप अपनी यात्रा का समापन चीन और रूस के राष्ट्रपतियों के बीच बैठक के साथ करेंगे.' माना जा रहा है कि इस बैठक में यूक्रेन का जिक्र नहीं होने की संभावना है. इसके पीछे रूस-अमेरिका के बीच की बढ़ती कथित नजदीकियों को बताया जा रहा है. 

अमेरिका पहले ही बता चुका है कि ट्रंप इस बैठक में परमाणु हथियारों में कटौती और ईरान युद्ध का मुद्दा उठाएंगे, जबकि यूक्रेन युद्ध पर चर्चा की संभावना नहीं है. 

ट्रंप, वैसे भी काफी समय से जेलेंस्की से खार खाए बैठे हैं. ईरान के युद्ध में अपने हथियारों का जखीरा करीब आधा करा चुके ट्रंप अपनी ईरान को घुटनों पर नहीं झुका पाए हैं. इसलिए वो ये कोशिश कर सकते हैं कि रूस-चीन जो ईरान से सहानुभूति रखते हैं, वो उसे अंदरखाने किसी डील के लिए मना लें या कोई रास्ता दिखा दें, जिससे मिड ट्रंप इलेक्शन में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को हरा चुके डेमोक्रेट्स नेता उन पर तंज न कस सकें.

दूसरी ओर जानकारों का ये भी मानना है कि अब ट्रंप यूक्रेन को रूस से लड़ाने के लिए खैरात बांटने के मूड में नहीं हैं.

इसलिए इस पहली त्रिपक्षीय मुलाकात में ट्रंप जो, शी जिनपिंग और पुतिन दोनों को अपना बेस्ट फ्रेंड बता चुके हैं, वो अपने व्यक्तिगत प्रभाव का इस्तेमाल करके ईरान से डील का रास्ता तैयार करके और यूक्रेन से पल्ला छुड़ा सकते हैं.    

ट्रंप बुधवार यानी 18 नवंबर की देर रात चीन के शेनझेन पहुंचेंगे. वहां 21 सदस्य देशों के बीच दो दिन का महामिलन होगा. खासकर 2025 में अमेरिकी राष्ट्रपति का पद दोबारा संभालने के बाद दोनों नेता चौथी बार एक दूसरे से सीधी मुलाकात करंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More