व्हाइट हाउस पहुंचे जिनपिंग: ट्रंप ने सुनाए दोस्ती के किस्से, तो XI ने AI को लेकर दे दिया बड़ा बयान
शी जिनपिंग अमेरिका दौरे पर हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के लिए व्हाइट हाउस पहुंच चुके हैं. चीनी राष्ट्रपति का स्वागत व्हाइट हाउस के साउत लॉन में खुद ट्रंप और उनकी पत्नी ने किया.
Xi Jinping In US: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अमेरिका दौरे पर हैं और वो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति हाउस पहुंच चुके हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी का व्हाइट हाउश में स्वागत किया. अमेरिकी मीडिया के मुताबिक व्हाइट के साउथ लॉन पर दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और कैमरों के सामने तस्वीरें खिंचवाईं. इसी दौरान व्हाइट हाउस के बाहर शी जिनपिंग के समर्थन और विरोध में प्रदर्शनकारी भी जमा हो गए. चीन की नीतियों का विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों ने Xi के खिलाफ नारे लगाए. वहीं, दूसरी ओर कुछ लोग चीनी राष्ट्रपति के स्वागत में बैनर लेकर पहुंचे.
ट्रंप ने शी जिनपिंग को बताया शानदार दोस्त
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को शी जिनपिंग के साथ अपनी 'शानदार दोस्ती' की तारीफ की. व्हाइट हाउस में शी के साथ अपनी बात रखते हुए ट्रंप ने कहा,'राष्ट्रपति शी और मैंने एक दोस्ती कायम की है. असल में एक बेहद शानदार दोस्ती, जो आपसी सम्मान और हमारे लोगों के अहम हितों पर आधारित है.'
ट्रंप ने कहा कि 2016 में पहली बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के समय से ही उनकी और शी जिनपिंग की दोस्ती है. ट्रंप ने कहा कि दोनों नेताओं ने जर्मनी, अर्जेंटीना, जापान, साउथ कोरिया, बीजिंग, पाम बीच समेत दुनिया के कई हिस्सों में साथ समय बिताया है. इसी के आगे ट्रंप कहते हैं,'..हैरानी की बात है कि यह व्हाइट हाउस में हम दोनों की यह पहली मुलाकात है.' ट्रंप ने यह भी कहा कि Xi ने खुद देख लिया है कि जब से वह पिछली बार व्हाइट हाउस आए थे, तब से यहां काफी कुछ बदल चुका है.
ट्रंप ने बताया किन मुद्दों पर होगी बातचीत
ट्रंप ने कहा कि वह और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से सुरक्षा, तकनीक और सुपर इंटेलीजेंस यानी AI जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे. उन्होंने कहा कि बातचीत का मकसद अमेरिकी किसानों और पशुपालकों के लिए नए बाजार खोलने समेत दोनों देशों के बीच ज्यादा संतुलित व्यापारिक संबंध बनाना है. ट्रंप ने कहा, 'आज हम जिन मुद्दों पर फैसले लेंगे, वे आने वाले दशकों तक शांति और समृद्धि को बढ़ावा दे सकते हैं.'
AI का विकास मानव नियंत्रण में होना जरूरी: शी जिनपिंग
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और US के बीच रिश्ते रणनीतिक स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं और आज दोनों देशों पर एक ऐतिहासिक जिम्मेदारी है. शी ने कहा कि इस जिम्मेदारी के तहत दोनों देशों को यह यकीनी बनाना चाहिए कि AI का विकास सुरक्षित तरीके से हो. उन्होंने कहा,'चीन और US दोनों AI के क्षेत्र में आगे हैं. हमारे पास AI को मानव हित में विकसित और नियंत्रित करने की क्षमता और जिम्मेदारी है.' जिनपिंग ने जोर देकर कहा कि AI का विकास हमेशा इंसानों के नियंत्रण में होना चाहिए और इसका इस्तेमाल लोगों की भलाई के लिए होना चाहिए.
मतभेद अलग रखकर हितों पर ध्यान दे सकते हैं दोनों देश: शी
शी जिनपिंग ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और उनके बीच एक-दूसरे के प्रति सम्मान है. दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध बने हैं और वे लगातार संपर्क में रहे हैं. हालांकि, उन्होंने आगे कहा कि चीन और अमेरिका की परिस्थितियां और व्यवस्थाएं अलग हैं. लेकिन ईमानदार, गहन और लगातार बातचीत के जरिए दोनों देश एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं. दोनों देश मतभेदों को अलग रखते हुए, साझा हितों पर ध्यान दे सकते हैं और आपसी विश्वास बढ़ा सकते हैं.
डिनर के मेन्यू में क्या-क्या है?
शी जिनपिंग की अमेरिका यात्रा के दौरान व्हाइट हाउस में उनके सम्मान में आयोजित डिनर के मेन्यू में अमेरिकी और चीनी खान-पान की परंपराओं का मेल देखने को मिलेगा. मेन्यू में जंगली मशरूम की सब्जी, तिल की परत वाली सी बास मछली और धीमी आंच पर पकाई गई बेबी बोक चॉय जैसे व्यंजन शामिल हैं. मिठाइयों में व्हाइट हाउस की मधुमक्खियों से मिले शहद का इस्तेमाल किया गया है. व्हाइट हाउस के मुताबिक, मेन्यू में मुख्य रूप से अमेरिकी सामान का इस्तेमाल किया गया है, लेकिन इसमें हल्का चीनी प्रभाव रखा गया है, ताकि दोनों देशों की परंपराओं को दर्शाया जा सके. शाम के कार्यक्रम में गायक क्रिस्टोफर मैकियो और अमेरिकी सैन्य संगीत दल प्रस्तुति देंगे. डिनर की सजावट में चीनी कलाकृतियों के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति भवन की पारंपरिक शैली को भी शामिल किया गया है.
व्यापार को लेकर दोनों देशों में खींचतान
यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका और चीन दोनों अपने बीच बढ़ते आर्थिक तनाव को कम करना चाहते हैं. हालांकि, सुरक्षा और तकनीक से जुड़े कई मुद्दों पर दोनों देशों के बीच अभी भी मतभेद हैं. दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध का असर कारोबार पर देखने को मिल रहा है. 2025 में अमेरिका के साथ चीन का व्यापार करीब 29% घटा, लेकिन चीन ने ASEAN और यूरोपीय बाजारों में अपनी पकड़ मजबूत की. अगस्त 2025 के आंकड़ों में चीन का ASEAN को मासिक निर्यात 57.1 अरब डॉलर और यूरोपीय संघ को 51.7 अरब डॉलर रहा, जबकि अमेरिका को निर्यात 31.6 अरब डॉलर था.
'ट्रंप डील चाहते हैं और जिपिंग जीत'
अलजज़ीरा ने अटलांटिक काउंसिल के ग्लोबल चाइना हब के विशेषज्ञ वेन-टी सुंग के हवाले लिखा कि आज की बैठक को लेकर मौजूदा माहौल को इस तरह समझा जा सकता है कि 'ट्रंप डील चाहते हैं और शी जिनपिंग जीत चाहते हैं.' उन्होंने कहा, 'असल सवाल यह है कि ट्रंप, दूसरी तरफ से डील हासिल करने के बदले शी जिनपिंग को कितनी बड़ी और कितनी दूर तक जाने वाली जीत देने को तैयार होंगे?'
सुंग के मुताबिक, यही वजह है कि ट्रंप शी जिनपिंग के लिए भव्य स्वागत, सैन्य सम्मान और औपचारिक समारोह की तैयारी करते नजर आए. उन्होंने अमेरिका-चीन संबंधों की चर्चा के लिए चीन की पसंद वाली उस ऐतिहासिक व्याख्या को भी अपनाया, जिसमें द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान दोनों देशों के सहयोग पर जोर दिया जाता है.