)
Which is World Loudest Bird? हम चाहे घर हों या बाहर, चीखना-चिल्लाना किसी को पसंद नहीं होता है. अगर कहीं पर कोई चिल्लाए या कानफोड़ू संगीत बजाए तो हमारे कान उसे सहन नहीं कर पाते हैं. इसका असर हमारे कानों के साथ ही हमारे दिल पर भी होता है और उसके बर्स्ट होने के चांस काफी ज्यादा रहते हैं. ऐसे में अगर आपको पता चले कि दुनिया में एक ऐसा अनोखा पक्षी भी निवास करता है, जिसकी आवाज से सामने दमदार डीजे भी पानी मांगते हैं तो आपका रिएक्शन क्या होगा. आप निश्चित रूप से अचंभे में पड़ जाएंगे. यह अनोखा पक्षी अगर चिल्लाना शुरू करे तो तेज आवाज में हो रहे किसी रॉक कॉन्सर्ट को भी दबा सकता है. आइए आज हम दुनिया में सबसे दमदार आवाज के मालिक इस अनोखे पक्षी के बारे में आपको विस्तार से बताते हैं.
साइंस न्यूज जर्नल के मुताबिक, इस अनोखे पक्षी का नाम व्हाइट बेलबर्ड है. यह बेयर-थ्रोटेड बेलबर्ड (नंगे गले वाला बेलबर्ड) प्रजाति का पक्षी है. यह एक बड़े चोंच वाला अजूबा पक्षी है. यह 130 डेसिबल की आवाज निकाल सकता है. यह आवाज कितनी ज्यादा है, इसे आप इस बात से समझ सकते हैं कि मनुष्य आमतौर पर आपसी बातचीत में 60-70 डेसीबल आवाज निकालते हैं. अगर वे जोर से चिल्लाने लग जाएं तो आवाज 90 डेसीबल हो सकती है.
वहीं किसी पार्टी में डीजे या पार्टी साउंड सिस्टम की आवाज 100 से 120 डेसिबल तक होती है. (dB) तक होती है. कुछ अत्यधिक शक्तिशाली साउंड सिस्टम या कॉन्सर्ट में यह आवाज 130 डेसिबल तक भी पहुंच सकती है. इतनी तेज आवाज कानों के लिए बहुत खतरनाक मानी जाती है. अगर कुछ मिनटों तक लगातार यह आवाज सुनी जाए तो कानों के पर्दे खराब हो सकते हैं.
यह अनोखा व्हाइट बेलबर्ड पक्षी इतनी ही तेज आवाज करता है. सफेद रंग के नर पक्षी की आवाज उस वक्त सबसे तीखी होती है, जब वह मेटिंग के लिए साथी को पुकार रहा होता है. यह आवाज सड़क तोड़ने वाली किसी मशीन की कर्कश आवाज से भी ज्यादा होती है.
इस अनोखे पक्षी के बारे में यह खोज मैसाचुसेट्स एमहर्स्ट यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर जोआओ मेनेजेस और जेफ पोडोस ने की. उनकी यह रिसर्च 'इवोल्यूशन' नामक जर्नल में प्रकाशित की गई है. इस निष्कर्ष तक पहुंचने के लिए उन्होंने पक्षियों की 123 प्रजातियों के आवाज की मात्रा के नमूने इकट्ठे किए. इसके बाद उन्हें पता चला कि बेयर-थ्रोटेड बेलबर्ड दुनिया में सबसे तेज आवाज वाला पक्षी है.
जेफ पोडोस के अनुसार, इस पक्षी का शरीर बड़ा है और उनकी चोंच भी चौड़ी हैं. यही दोनों वजहें उसे इतनी जोर से आवाज निकालने में मदद करते हैं. उन्होंने बताया कि व्हाइट बेलबर्ड दक्षिण अमेरिका के अमेजन फॉरेस्ट में पाए जाते हैं. अपनी रिसर्च में दोनों वैज्ञानिकों ने पाया कि जो पक्षी जितना भारी होता है, उसकी आवाज भी उतनी ही तेज होने की संभावना होती है. यही बात चौड़ी चोंच वाले पक्षियों पर भी लागू होती है.
बात केवल व्हाइट बेलबर्ड की नहीं है, दुनिया में ओर भी ऐसे पक्षी हैं, जिनकी तेज आवाज किसी को भी बहरा कर सकती है. उदाहरण के लिए, कनाडा हंस की आवाज 100 डेसिबल तक पहुंच सकती है. वहीं स्टारलिंग की चहचहाहट शायद ही कभी 70 डेसिबल से ऊपर जाती है.