खुद से एंटीबायोटिक लेना पड़ सकता है भारी: WHO ने बताया क्यों वायरस पर नहीं करती असर
सर्दी जुकाम या फ्लू होने पर खुद से एंटीबायोटिक लेना बीमारी जल्दी ठीक करने की गलती न करें. WHO के मुताबिक, ये सभी बीमारियां आमतौर पर वायरस से होती हैं, बिना जरूरत के एंटीबायोटिक दवाएं खाने से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) का खतरा बढ़ा सकता है, जिससे भविष्य में संक्रमणों का इलाज होने में मुश्किल आ सकती है.
मौसम बदलते ही सर्दी जुकाम, खांसी और फ्लू जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं. ऐसे में कई लोग बिना ज्यादा सोचे समझे एंटीबायोटिक दवाएं लेना शुरू कर देते हैं. कुछ लोगों को लगता है कि एंटीबायोटिक लेने से बीमारी जल्दी ठीक हो जाएगी, लेकिन ऐसा करना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके एडवाइजरी जारी की है. अपनी पोस्ट में WHO ने लिखा, 'सर्दी-जुकाम और फ्लू के इलाज में एंटीबायोटिक का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. इसकी वजह यह है कि ये बीमारियां आमतौर पर वायरस के कारण होती हैं, जबकि एंटीबायोटिक दवाएं केवल बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण पर असर करती हैं.'
'खुद डॉक्टर न बनें': WHO
दरअसल, सर्दी.जुकाम और फ्लू जैसी बीमारियां ज्यादातर वायरल संक्रमण के कारण होती हैं. ऐसे में एंटीबायोटिक लेने से न तो वायरस खत्म होते हैं और न ही बीमारी जल्दी ठीक होती है. ये दवाएं बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल की जाती हैं. इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के इनका सेवन करना सही नहीं है. सामान्य वायरल संक्रमण अक्सर कुछ समय में अपने आप ठीक हो जाते हैं. ऐसे में आराम करना, पर्याप्त पानी पीना और जरूरत के मुताबिक डॉक्टर को दिखाकर लक्षणों का इलाज करना मददगार हो सकता है.
AMR का खतरा
डब्ल्यूएचओ ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) को दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बताया है. यह स्थिति तब पैदा होती है, जब बैक्टीरिया, वायरस, फंगस और परजीवी उन दवाओं के प्रति प्रतिक्रिया देना बंद कर देते हैं, जिनसे उनका इलाज किया जाता है. इसके कारण संक्रमण का इलाज मुश्किल हो जाता है.
एंटीबायोटिक का जरूरत से ज्यादा या गलत इस्तेमाल इस समस्या को बढ़ाने वाले प्रमुख कारणों में शामिल है. इसका असर सिर्फ इंसानों की सेहत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जानवरों, खेती, खाद्य सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण पर भी पड़ता है.
यानी सर्दी-जुकाम या फ्लू होने पर खुद से एंटीबायोटिक लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह लें, क्योंकि दवाओं का सही इस्तेमाल ही उन्हें भविष्य में असरदार बनाए रखने का सबसे अच्छा तरीका है.
'घबराना नहीं है, सतर्क रहना है'
इसी तरह बहुत से लोग खुद गूगल या एआई से दवा पूछने के बजाए मेडिकल स्टोर वालों से पूछकर दवा की खुराक ले लेते हैं, ऐसा करना भी कतई सही नहीं होता है. डॉक्टर लक्षणों के हिसाब से उपचार करते हैं, जरूरत के हिसाब से खून वगैरह की जांच कराते हैं और आपका सही उपचार करते हैं.