'मैं कुरान पर हाथ रखकर लूंगा शपथ', US के पहले मुस्लिम सीनेटर बने अब्दुल का एलान, इस पुराने नेता का दिया हवाला
अमेरिका में सीनेट का चुनाव जीतने वाले पहले मुस्लिम नेता अब्दुल अल-सैयद (42 वर्ष) ने एलान किया है कि वे कुरान पर हाथ लेकर पद की शपथ लेंगे. उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि वे कुरान की कौन-सी प्रति का शपथ में इस्तेमाल करेंगे.
अब्दुल अल-सैयद (42 वर्ष) ने हाल में संपन्न हुए सीनेट के चुनाव में जीत हासिल की थी. डेमोक्रेटिक पार्टी उम्मीदवार के रूप में उन्होंने मिशिगन की सीट पर हुए सीधे मुकाबले में रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को हराया था. यह जीत हासिल करके वे सीनेट में पहुंचने वाले पहले मुस्लिम बन गए हैं. सीनेटर बनने के बाद उन्होंने धीरे-धीरे अपने आगे के इरादे जाहिर करने शुरू कर दिए हैं. उन्होंने कहा है कि कुरान पर हाथ रखकर अपने पद की शपथ लेंगे. कुरान की यह प्रति कौन-सी होगी, यह अभी तय नहीं है. लेकिन इतना पक्का है कि वे कुरान की कसम खाकर ही अपना सीनेटर का कार्यकाल शुरू करेंगे.
कुरान हाथ में लेकर लूंगा शपथ- अब्दुल अल-सैयद
गुरुवार को एनपीआर (NPR) के 'न्यूजमेकर्स' कार्यक्रम में लैला फादेल से बात करते हुए, अल-सैयद ने शपथ ग्रहण के लिए दो संभावित विकल्पों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि शपथ के लिए वे या तो पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति थॉमस जेफरसन के पास कुरान का इस्तेमाल करेंगे या फिर मिशिगन यूनिवर्सिटी में संरक्षित एक पुरानी कुरान को हाथ में लेकर शपथ लेंगे.
अल-सैयद ने कहा, 'थॉमस जेफरसन के पास कुरान की एक प्रति थी. कीथ एलिसन ने भी कुरान की उसी प्रति को हाथ में लेकर कांग्रेस में शपथ ली थी. इसके अलावा, कुरान की एक प्रति मिशिगन यूनिर्सिटी में सेफ रखी हुई है. वह बहुत पुरानी कुरान है. उम्मीद है कि मैं शायद उसी कुरान को हाथ में लेकर शपथ लूंगा. हालांकि, अभी इस बारे में मैंने कुछ भी फाइनल नहीं किया है.'
यूएस कांग्रेस पहुंचने वाले पहले मुस्लिम बने थे कीथ एलिसन
बताते चलें कि कीथ एलिसन अमेरिकी कांग्रेस के लिए चुने गए पहले मुस्लिम बने थे. वे वर्ष 2007 में अमेरिकी कांग्रेस के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव के लिए चुने गए थे. जीत के बाद कीथ एलिसन ने थॉमस जेफरसन के पास मौजूद कुरान की कॉपी को हाथ में लेकर शपथ ली थी. कहा जाता है कि कुरान की यह प्रति 1764 में प्रकाशित हुई थी, जो आज भी लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस में संरक्षित है.
दिलचस्प बात ये है कि कीथ एलिसन पैदाइशी मुस्लिम नहीं थे. उनका जन्म एक कैथोलिक ईसाई परिवार में डेट्रॉय में हुआ था. जब वे 19 साल के हुए तो तबलीगी जमात के प्रभाव में आकर उन्होंने अपना मजहब बदल लिया और ईसाई से मुसलमान बन गए. इसके बाद उन्होंने अमेरिकी कांग्रेस का चुनाव लड़ा था, जिसमें जीत हासिल करके वे यूएस कांग्रेस में पहुंचने वाले पहले मुसलमान बन गए थे.
अल-सैयद ने जीता है मिशिगन से सीनेट का चुनाव
अब मिशिगन से सीनेट का चुनाव जीतकर अल-सैयद पहले मुसलमान बन गए हैं. यह अमेरिकी कांग्रेस का ऊपरी सदन होता है. जिस तरह भारत में राज्यसभा है, उसी तरह अमेरिका में सीनेट है. भारत की तरह अमेरिका में सीनेटर का कार्यकाल 6 साल होता है. राजनीति में आने से पहले वे महामारी विशेषज्ञ के रूप में मेडिकल फील्ड में एक्टिव थे. वे अब 3 जनवरी 2027 को पद की शपथ लेंगे, जहां पर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे.