SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ट्रंप ने बिछाई बिसात: अबू धाबी में होगा रूस-यूक्रेन का आमना-सामना; जेलेंस्की बोले - बड़े हमले की तैयारी में पुतिन

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को रोकने के लिए वॉशिंगटन ने नई कूटनीतिक पहल की है. अबू धाबी में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच बातचीत प्रस्तावित है. लेकिन इस कोशिश के बीच कीव ने मास्को की ओर से हमले का खतरा जताया है. इस बीच आपातकालीन मोबाइल अलर्ट सिस्टम पर हुए साइबर हमलों ने भी चिंता बढ़ा दी है.

Written By Shwetank Ratnamber
Published: Nov 03, 2026, 07:42 AM IST | Updated: Nov 03, 2026, 08:14 AM IST
Image Credit: (Reuters)
Join

ईरान को ताबड़तोड़ मिसाइल हमलों से दहलाकर खाड़ी को जंग की आग में झोंकने के बीच अमेरिका ने रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए कूटनीतिक कोशिशें तेज की हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के मुताबिक जल्द ही खुशखबरी आ सकती है, क्योंकि अमेरिका की मध्यस्थता में 10 और 11 नवंबर को अबू धाबी में रूस और यूक्रेन के बीच अहम बैठक होने जा रही है. विटकॉफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिख कर बताया कि रूस-यूक्रेन जब बातचीत की टेबल पर आमने-सामने होंगे, तब युद्ध खत्म होने के बाद की सुरक्षा व्यवस्था, क्षेत्रीय तनाव को कम करने के उपायों, मानवीय सहायता और शांति समझौते की दिशा में अगले कुछ जरूरी और एहतियाती उपायों की भी चर्चा होगी.

विटकॉफ ने कहा, 'अमेरिका 10 11 नवंबर को अबू धाबी में रूस और यूक्रेन के बीच अधिकारियों के स्तर की बातचीत में मध्यस्थता करेगा. यह राष्ट्रपति ट्रंप के युद्ध खत्म कराने के प्रयासों को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम है.'  विटकॉफ ने यह भी बताया कि अमेरिकी वार्ताकार इसी सप्ताह ब्रसेल्स में फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ और नाटो के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. इस बैठक में यूक्रेन की सुरक्षा की गारंटी, युद्ध के बाद यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था और यूक्रेन के पुनर्निर्माण के लिए आर्थिक अवसरों पर चर्चा होगी.

उन्होंने उम्मीद जताई कि कीव, ओस्लो और सेंट पीटर्सबर्ग में हुई पिछली बैठकों से जो प्रगति हुई है, उसे आगे बढ़ाकर एक व्यापक और टिकाऊ शांति समझौते तक पहुंचा जा सकेगा.

यूक्रेन ने जताई हमले की आशंका

अमेरिका की मध्यस्थता की इस घोषणा के बीच यूक्रेन ने रूस के नए बड़े हमले को लेकर चिंता जताई है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को कहा कि खुफिया जानकारी के मुताबिक रूस उनके देश पर बड़े हमले की तैयारी कर रहा है. इन हमलों का निशाना मुख्य रूप से ऊर्जा और परिवहन से जुड़े ठिकाने हो सकते हैं.

जेलेंस्की ने X पर लिखा कि रूस अमेरिका के मध्यावधि चुनावों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बने माहौल का फायदा उठाकर यूक्रेन पर हमले तेज कर सकता है. उन्होंने कहा कि अमेरिका में चुनावी गतिविधियों के बीच यूक्रेन की वायु रक्षा जरूरतों, खासकर पैट्रियट मिसाइलों की आपूर्ति को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. जेलेंस्की ने अमेरिका और अन्य सहयोगी देशों से रूस पर दबाव बढ़ाने की अपील की. उन्होंने खास तौर पर रूस की तेल और गैस से होने वाली कमाई पर रोक लगाने की जरूरत बताई.

उनका कहना था कि रूस को इस तरह दबाव में लाना होगा कि उसके पास युद्ध खत्म करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता न बचे.

अलर्ट सिस्टम पर साइबर हमला

इस बीच दोनों देशों के आपातकालीन अलर्ट सिस्टम को निशाना बनाकर साइबर हमले किए जाने की खबरें भी सामने आई हैं.

फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन के हवाई हमले से जुड़े अलर्ट जारी करने वाले मोबाइल ऐप से छेड़छाड़ हुई. इसके बाद लोगों के मोबाइल फोन पर केमिकल अटैक और रेडिएशन हमलों से जुड़े फर्जी अलर्ट भेजे गए. दूसरी तरफ, रूस ने भी अपने एलर्ट मोबाइल ऐप पर साइबर हमले की जानकारी दी. मंत्रालय के मुताबिक, हमलावरों ने इस ऐप के जरिए लोगों तक सुरक्षा से जुड़ी गलत सूचनाएं पहुंचाईं गई.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES