डोनबास छोड़ो, NATO में शामिल हो जाओ? ट्रंप के ऑफर पर जेलेंस्की का बड़ा खुलासा
अबू धाबी में हुई रूस और यूक्रेन के बीच हुई बातचीत के बाद जेलेंस्की ने धमाकेदार खुलासा किया है. यूक्रेनी राष्ट्रपति ने पहली बार बताया कि अमेरिकी वार्ताकारों ने पहली बार नाटो में एंट्री देने के लिए डोनबास छोड़ने का ऑफर दिया था. हालांकि कीव ने उस इलाके को छोड़ने से इनकार किया है. हालांकि, जेलेंस्की ने यह भी कहा कि मजबूत सुरक्षा गारंटी, सैन्य मदद और पुनर्निर्माण सहायता वाला समझौता मिलने पर वो इस प्रस्ताव को यूक्रेन की जनता के सामने रेफरेंडम के लिए रख सकते हैं.
रूस से युद्ध खत्म कराने की कोशिशों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वार्ताकारों ने यूक्रेन के राष्ट्रपति को ऐसा ऑफर दिया है, जिसने उनके असमंजस को और बढ़ा दिया है. कीव से आ रही खबरों के मुताबिक अमेरिका ने पूर्वी क्षेत्र डोनबास से संभावित रूप से पीछे हटने के बदले, यूक्रेन को नाटो की सदस्यता देने का विचार रखा है. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अबू धाबी में रूस के साथ शांति वार्ता के ताजा दौर के बाद यह जानकारी दी. जेलेंस्की ने अपने ऑफिस की ओर से जारी सरकारी बयान में कहा कि शांति वार्ता के दौरान पहली बार नाटो सदस्यता को क्षेत्रीय रियायत से जोड़ने का जिक्र किया गया.
जेलेंस्की ने खोला राज!
जेलेंस्की ने बताया कि अमेरिकी पक्ष ने पूछा था कि अगर यूक्रेन नाटो में शामिल होता है, तो क्या वह डोनबास से पीछे हट सकता है. यूक्रेन लंबे समय से डोनबास को अपना अभिन्न हिस्सा मानता आया है. वो पहले भी ऐसी अटकलों और प्रस्तावों को मानने से इनकार कर चुका है. हालांकि ताजा खुलासे के बाद जेलेंस्की ने कहा है कि अगर इसके बदले उन्हें सुरक्षा की गारंटी और यूक्रेन की सेना को सैन्य सहायता और जंग से तबाह हो चुके देश को फिर से बसाने के लिए कोई धांसू प्लान मिलता है, तब वो अमेरिका से आए इस प्रस्ताव को जनमत संग्रह के लिए पेश कर सकते हैं.