जिसकी गोद में महफूज थी दुनिया, उसी ने 5 साल की मासूम को उतारा मौत के घाट; बेटी की कातिल कैसे बनी एक मां
न्यूयॉर्क में एक महिला पर अपनी पांच साल की बेटी को मारने का आरोप लगा है. बताया गया कि महिला ने 911 पर कॉल करके कहा कि उसने अपनी बेटी को मार दिया है. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है.
US Crime News: अमेरिका के न्यूयॉर्क से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं. यहां पर एक मां को अपनी 5 साल की बच्ची को मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि महिला ने खुद इमरजेंसी सर्विसेज (911) पर फोन कर बताया कि उसने अपनी बच्ची को मार डाला. बच्ची का नाम फैबियाना कैबेलो है, जो पुलिस को क्वींस के साउथ रिचमंड हिल इलाके में अपने घर के अंदर बेसुध हालत में मिली.
पांच वर्षीय बच्ची की मां की पहचान फ्रांसिस कैबेलो के तौर पर हुई है, जिसकी उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है. पुलिस ने बताया कि फ्रांसिस कैबेलो ने कथित तौर पर मदद के लिए 911 (इमरजेंसी नंबर) पर कॉल किया और ऑपरेटर से कहा कि मैंने अपनी बेटी को मार डाला है. वहीं, आरोपी महिला के पिता का दावा है कि वह मानसिक समस्याओं से जूझ रही थी और और घटना के दौरान उसने अपनी दवाएं लेना बंद कर दिया था.
कब की है घटना?
बता दें कि घटना बुधवार शाम की है. जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो फ्रांसिस उन्हें नीचे मिलीं. बताया यह भी गया कि महिला ने पुलिस को ऊपर जाने के लिए कहा और बताया कि उनकी बेटी सांस नहीं ले रही है. इसके बाद पुलिस महिला की तरफ से बताई गई जगह पर पहुंची और पाया कि बच्ची के नाक और मुंह से खून बह रहा था. आनन-फानन में पुलिस ने बच्ची को अस्पताल भेजा, जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया.
आरोपी महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया
इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया और सबसे पहले उसको जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. जांचकर्ताओं ने गुरुवार देर रात तक उससे पूछताछ की. खबर लिखे जाने तक महिला पर कोई औपचारिक आरोप तय नहीं हो सके थे. वहीं, मेडिकल की टीम फैबियाना की मौत का कारण पता लगाने में जुटी थी. जांचकर्ताओं ने इसे हत्या का मामला माना है और इसी एंगल से जांच की जा रही है.
मानसिक रूप से ठीक नहीं थी महिला?
इधर, आरोपी महिला के पिता और मृत बच्ची के नाना, फ्रैंकलिन कैबेलो का कहना है कि उनकी बेटी ने दवाएं लेनी बंद कर दी थी, जिस कारण वह मानसिक परेशानियों का सामना करने लगी. घटना से करीब तीन महीने पहले उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पीड़िता के पिता ने बताया कि मुझे पता था कि वह मानसिक रूप से पूरी तरह ठीक नहीं है.
न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट में कहा गया कि फ्रैंकलिन ने बताया कि मुझे पता था कि कुछ गड़बड़ है. जब कोई व्यक्ति अपनी बीमारी की दवा लेना बंद कर देता है, तो उसको परेशानी होती है. उन्होंने यह भी कहा कि ये किसी ने नहीं सोचा था कि वह अपनी बच्ची को भी नुकसान पहुंचा सकती है. वह एक काफी अच्छी और शांत स्वभाव वाली मां है, जिसके लिए उसकी बेटी अपनी दुनिया है.
महिला के पिता ने क्या बताया?
फ्रैंकलिन ने यह भी कहा कि वह अपनी बेटी पर लगातार नजर बनाए हुए थे. उन्हें इस बात की चिंता थी कि दवाएं बंद करने के बाद उसकी मानसिक स्थिति खराब हो सकती है. फ्रैंकलिन ने यह भी कहा कि उनकी बेटी हाल ही में कुछ अजीब बर्ताव कर रही थी. फ्रैंकलिन ने कहा कि मुझे पता था कि उसने दवा लेना बंद कर दिया है. मैं उससे दवाएं लेने के लिए कहता था, लेकिन उसका कहना था कि डॉक्टर ने बी उसको दवाएं बंद करने को कहा है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया है और इस संबंध में अधिक जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है. उधर बच्ची की मौत की असली वजह की जांच के बाद ही पूरा मामला सही होने उम्मीद जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस आरोपी की मेडिकल हिस्ट्री चेक कर रही है, जिससे पता चले कि वह किस बीमारी से जूझ रही थी.
यह भी पढ़ें: चुनाव में जीतने के बाद भी पीएम नहीं बन पाएंगे नेतन्याहू! हाथ से सत्ता फिसलने का सता रहा डर; सबसे बड़ी वजह आ गई सामने
यह भी पढ़ें: चुनाव में जीतने के बाद भी पीएम नहीं बन पाएंगे नेतन्याहू! हाथ से सत्ता फिसलने का सता रहा डर; सबसे बड़ी वजह आ गई सामने