अमेरिका से एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है. अमेरिका के प्रमुख दक्षिणपूर्वी राज्य फ्लोरिडा में एक स्टेडियम के पास गोलीबारी हुई, जिसमें कम से कम 12 लोगों के घायल होने की सूचना है. पीड़ितों में 6 नाबालिग शामिल हैं. अधिकारियों के अनुसार, घटना शनिवार देर रात फ्लोरिडा के तालाहासी में फ्लोरिडा ए एंड एम यूनिवर्सिटी के ब्रैग मेमोरियल स्टेडियम के पास हुई. पुलिस के अनुसार, 12 घायलों में 11 को गोली लगी.
दरअसल, घटना उस वक्त की है फ्लोरिडा A&M यूनिवर्सिटी का 'होमकमिंग वीकेंड' कार्यक्रम चल रहा था. इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. इसके अलावा गोलीबारी की वजह भी सामने नहीं आ सकी है. इस मामले को लेकर पुलिस ने एक बयान में कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि गोलीबारी से पहले वहां कोई झगड़ा हुआ था. हमला फुटबॉल मैच के बाद हुआ.
पुलिस ने कहा कि घायलों में 11 लोगों को गोली लगी है, जिसमें कम से कम तीन को गंभीर चोटें आई हैं. विश्वविद्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि गोलीबारी उनके कैंपस के पास हुई, लेकिन कैंपस सुरक्षित है.
पुलिस ने बताया कि स्टेडियम के पास भारी संख्या में लोग उपस्थित थे. यहां कुछ लोगों को बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. हालत यह हो गई कि मारपीट के बाद गोलीबारी की नौबत आ गई. खूनी संगर्ष में कम से कम 12 लोग घायल हो गए, जिसमें 11 को गोली लगी है. इस पूरी घटना पर तालाहासी पुलिस चीफ लॉरेंस रेवेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि घायलों में 6 नाबालिग भी शामिल हैं. घटना के बाद पुलिस और इमरजेंसी मेडिकल की टीमें मौके पर पहुंची और पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया गया.
स्टेडियम के पास हुई इस वारदात से लोग सहम उठे हैं. पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया और फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज जांचना शुरू कर दिया है. इसके अलावा चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है. इसके साथ विश्वविद्यालय ने एक बयान जारी कर कहा कि घटना उनके कैंपस के करीब की है, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है.