'राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं...,' UFC बॉस ने ठुकराया प्रेस सेक्रेटरी का ऑफर, मुंह ताकते रह गए साथ खड़े ट्रंप
Dana White Rejects Job Offer: अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (UFC) के CEO डाना व्हाइट व्हाइट ने अपने दोस्त और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जॉब ऑफर रिजेक्ट कर दिया है. चर्चा थी कि उन्हें व्हाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी का पद ऑफर हुआ था.
US Press Secretary: अमेरिका में बीते दिनों प्रेस सेक्रेटरी केट जकारिया को उनके पद से हटा दिया गया. इससे पहले कैरोलिन लेविट ने अपने 1 साल के कार्यकाल के बाद प्रेस सेक्रेटरी के पद से इस्तीफा दिया था. वहीं, अब सोमवार ( 9 नवंबर 2026) को अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (UFC) के CEO डाना व्हाइट व्हाइट हाउस की प्रेस ब्रीफिंग पोडियम पर नजर आए.
डाना व्हाइट ने ट्रंप सरकार में शामिल होने की अटकलों को पूरी तरह से खारिज किया है. ये चर्चा तब शुरू हुई थी, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मजाक में उन्हें व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी का खाली पद संभालने का प्रस्ताव दिया था.
राजनीति में नहीं आना चाहते व्हाइट
कॉम्बैट स्पोर्ट्स के अधिकारी डाना व्हाइट ने पोडियम से पत्रकारों को संबोधित करते हुए अपने पॉलिटिकल करियर को लेकर जानकारी दी. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें ट्रंप प्रशासन में प्रवक्ता की भूमिका निभाने का कोई इरादा नहीं है.
'CBS न्यूज' की रिपोर्ट के मुताबिक, जेम्स एस ब्रैडी प्रेस ब्रीफिंग रूम में पत्रकारों से बात करते हुए व्हाइट ने कहा,' मेरी पॉलिटिक्स में आने की कोई इच्छा नहीं है.'
ट्रंप के मजाक से इंटरनेट पर चर्चा
डाना व्हाइट का यह स्पष्टीकरण ऐसे समय पर आया है, जब राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद स्पष्ट किया है कि वे उनके प्रेस सेक्रेटरी बनने को लेकर मजाक कर रहे थे. उन्होंने UFC के सीईओ डाना व्हाइट का नाम व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी के खाली पद के लिए एक संभावित उम्मीदवार के तौर पर लिया था. इस घोषणा के कारण सोशल मीडिया पर काफी भ्रम फैला, जिसके चलते अब डाना व्हाइट को सफाई देनी पड़ी.
व्हाइट ने रिजेक्ट किया ट्रंप का ऑफर
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में डाना व्हाइट को प्रेस सेक्रेटरी का जॉब ऑफर करते हुए पूछा,' तो मैं आपसे सवाल करता हूं कि क्या यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका के प्रेस सेक्रेटरी बनना चाहेंगे या आप इस बेकार UFC के साथ रहना चाहेंगे.' इसका जवाब देते हुए 57 साल के व्हाइट ने कहा,' प्रस्ताव के लिए धन्यवाद सर, लेकिन मैं राजनीति में नहीं आना चाहता.' व्हाइट का कहना है कि उनकी राजनीति में आने की कोई इच्छा नहीं है. उन्होंने कहा कि जब से ट्रंप ने सोशल मीडिया पर यह घोषणा की है, तब से मेरे जीवन के 24 घंटे पागलपन से भरे रहे हैं. एक पत्रकार ने जब उनसे पूछा कि क्या उन्होंने इस काम के लिए मना कर दिया है, तो व्हाइट ने कहा,'मैं प्रेसिडेंट को किसी भी चीज के लिए न नहीं कहता. मैं बेइज्जती नहीं करना चाहता था और तब तक कुछ नहीं कहना चाहता था जब तक वह पहले कुछ न कहें.'