App

तुर्किये में गोलियों की बौछार, मचा हाहाकार: मास फायरिंग में 2 महिलाओं समेत 8 की मौत, हमलावर गिरफ्तार

पश्चिमी तुर्किये के अफ्योनकाराहीसर प्रांत में एक बंदूकधारी ने तीन अलग-अलग स्थानों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें 2 महिलाओं समेत 8 लोगों की जान चली गई. पुलिस ने एस्कीसेहिर प्रांत से हमलावर को धर दबोचने में कामयाबी हासिल की.

तुर्किये में गोलियों की बौछार, मचा हाहाकार: मास फायरिंग में 2 महिलाओं समेत 8 की मौत, हमलावर गिरफ्तार
Image Credit: तुर्किये में अंधाधुंध फायरिंग में 8 की मौत (File Photo- APF)

मु्स्लिम देश तुर्किये से एक बार फिर से मास फायरिंग की घटना सामने आई है. गुरुवार (5 नवंबर) को पश्चिमी तुर्किये के अफ्योनकाराहीसर प्रांत में एक बंदूकधारी शख्स ने जमकर तांडव मचाते हुए 8 लोगों की हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक, बंदूकधारी ने तीन अलग-अलग स्थानों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें 2 महिलाओं समेत 8 लोगों की जान चली गई. पुलिस ने हमलावर को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है. पुलिस को अभी तक हमले का मकसद पता नहीं चल सका है. 

एस्कीसेहिर प्रांत से गिरफ्तार हुआ हमलावर

तुर्किये की समाचार एजेंसी अनादोलु ने बताया कि फायरिंग की इस घटना में अयाजिनी गांव में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य पास के कियिर गांव में मारे गए. गोली लगने से घायल हुई 2 महिलाओं ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. वहीं, पुलिस ने एस्कीसेहिर प्रांत से हमलावर को धर दबोचने में कामयाबी हासिल की. पुलिस को हमलावर के पास से शॉटगन बरामद हुई है. आरोपी ने किन कारणों से इस वारदात को अंजाम दिया, इसका पता नहीं चल सका है.

हमलावर लगातार बदल रहा था लोकेशन

स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बंदूकधारी ने अफ्योनकाराहीसर प्रांत के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर अंधाधुंध फायरिंग की. हमलावर लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, इसलिए उस पर काबू पाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. उन्होंने बताया कि बंदूकधारी की तलाश में पुलिस ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया था, जिसके तहत उसे एस्कीसेहिर प्रांत से गिरफ्तार किया गया.

घटना से जुड़े वीडियो वायरल

पुलिस ने बाद में एस्कीशेहिर विश्वविद्यालय शहर के बाहरी इलाके में कीचड़ में फंसी लाल गाड़ी बरामद की है. इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. वायरल सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति काला जैकेट, सफेद पतलून और चश्मा पहने हुए राइफल पकड़े लाल मिनीवैन के पास खड़ा दिख रहा है. दावा किया जा रहा है कि वीडियो में नजर आ रहा शख्स ही संदिग्ध हमलावर है.

पहले भी हो चुकी है मास फायरिंग

इससे पहले तुर्किये के सनलिउरफा प्रांत में एक स्कूल में गोलीबारी हुई थी. इस हमले में 16 लोग घायल हुए, जिनमें छात्र और शिक्षक शामिल थे. आरोपी ने बाद में खुद को भी गोली मार ली थी. घटना को लेकर पुलिस ने बताया था कि आरोपी पूर्व छात्र था और शॉटगन लेकर स्कूल पहुंचा था. हमले में 10 छात्र, चार शिक्षक, एक कैंटीन कर्मचारी और एक पुलिस अधिकारी घायल हुए थे. पुलिस ने जब आरोपी को स्कूल के अंदर ही घेर लिया, तो उसने खुद को शूट कर लिया था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More