SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पुतिन का पीस प्लान: यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए क्रेमलिन का 'त्रिमूर्ति' फॉर्मूला! जेलेंस्की पर भड़के ट्रंप बोले- 'वो जंग का खात्मा नहीं चाहते'

रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए हो रही तमाम कथित कोशिशों के बीच क्रेमलिन का नया प्लान सामने आ रहा है. इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने जेलेंस्की पर भड़कते हुए फटकार लगाई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक पुतिन 'त्रिमूर्ति' फॉर्मूले से पीस प्लान फाइनल कराना चाहते हैं. आखिर क्या है उनकी मंशा और कैसे जल्द से जल्द होगा जंग का खात्मा आइए जानते हैं.

Written By Shwetank Ratnamber
Published: Oct 19, 2026, 08:14 AM IST | Updated: Oct 19, 2026, 09:49 AM IST
Image Credit: जेलेंस्की,ट्रंप और पुतिन (Reuters)
Join

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक ओर यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अगले महीने त्रिपक्षीय बैठक करने का प्रस्ताव दिया है. वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन इस 'त्रिमूर्ति' फॉर्मूले से बातचीत को आगे बढ़ाकर रूस के हितों के अनुकूल एक मजबूत शांति समझौते की राह निकालना चाहते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक पुतिन, ट्रंप के साथ सुधरते रिश्तों का फायदा उठाकर इस पहल को आगे बढ़ाना चाहते हैं. हालांकि, इस प्रस्ताव ने यूक्रेन और अमेरिका के यूरोपीय सहयोगियों की चिंता बढ़ा दी है. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि प्रस्तावित बैठक में यूक्रेन की भागीदारी का जिक्र नहीं है.

वहीं दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के ऊपर जमकर 'फायर' हुए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने ही अंदाज में भारी भरकम पोस्ट लिखकर जेलेंस्की को फटकार लगाते हुए कहा है कि वो युद्ध का खात्मा नहीं चाहते.

पुतिन का 'त्रिमूर्ति' प्लान और जेलेंस्की का बयान

रूस-यूक्रेन युद्ध पर लंबे समय से पैनी नजर रख रहे रूस के एक पूर्व खुफिया अधिकारी के हवाले से WSJ ने खुलासा किया है कि पुतिन ने 9 अक्टूबर को ट्रंप से फोन पर बातचीत के दौरान पहली बार तीनों नेताओं (पुतिन-ट्रंप-जिनपिंग) की बैठक का आइडिया शेयर किया था. उसी बातचीत में रूस से डीजल खरीदने और उसे दुनिया के बाजारों तक पहुंचाने के इंतजाम पर भी सहमति बनी.

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने पुष्टि की कि संभावित मीटिंग को लेकर चर्चा चल रही है. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अभी न तो बैठक को लेकर कोई ठोस फैसला हुआ है और ना ही उसका एजेंडा तय हुआ है. पेसकोव के मुताबिक, तीनों पक्ष इस तरह की बैठक होने की संभावना से इनकार नहीं कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल मुलाकात की तारीख और मसौदा साफ नहीं है.

अमेरिका में क्या पक रहा?

दूसरी ओर अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने WSJ को बताया कि ट्रंप ने अभी इस प्रस्ताव को औपचारिक मंजूरी नहीं दी है. हालांकि, काफी हद तक इस बात की संभावना है कि यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने की उनकी चाहत के मद्देनजर वो पुतिन के आइडिया से सहमत हो सकते हैं.

जेंलेस्की को फटकार

इसी बीच ट्रंप ने जेलेंस्की को कड़े शब्दों में फटकार लगाते हुए उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा- 'रूस को लेकर मेरा स्टैंड क्लियर है. रूस-यूक्रेन की लड़ाई में शांति के लिए ही काम कर रहा हूं. मैं ऐसा कुछ भी नहीं होने देना चाहता जिससे रूस बातचीत की मेज से भागे. उससे भी जरूरी बात ये है कि रूस, अब ईरान का उतना साथ नहीं दे रहा. मैं चाहता हूं कि चीजें नॉर्मल रहें और होगा भी ऐसा, बशर्ते कोई बेवकूफ इंसान इसमें रुकावट न डाले.'

जेलेंस्की का बयान

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ट्रंप पर आरोप लगाया है कि वो कीव पर रूस के सामने सरेंडर करने का दबाव बना रहे हैं. इस आरोप ने अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ चल रहे हफ्तेभर पुराने विवाद को और हवा दे दी है. जेलेंस्की ने ट्रंप की उस मांग को मानने के लिए नया प्रस्ताव देते हुए कहा था कि हम डीजल की कीमतों पर नियंत्रण रखने के लिए रूस की रिफाइनरीज पर हमले बंद कर देंगे, लेकिन इसके बदले आपको हमें 'पैट्रियट' एयर-डिफेंस मिसाइलों का बड़ा स्टॉक देना चाहिए.

जेलेंस्की ने अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों का जिक्र करते हुए कहा, 'चुनावों से पहले हमारे सामने कुछ खतरनाक दिन आने वाले हैं. वो (ट्रंप) बस इतना चाहते हैं कि हम रूसी फ्यूल रिफाइनरियों पर हमले बंद कर दें और अगर हमने उनकी बात नहीं मानी तो वो यूक्रेन की फंडिग रोक देंगे. ये ब्लैकमेलिंग है.'

अमेरिका-यूक्रेन के रिश्ते अब तक के सबसे खराब स्तर तक पहुंच चुके हैं. जेलेंस्की के मुताबिक वाशिंगटन ने कीव को लेकर जो रवैया अपनाया है, उसे मैत्रीपूर्ण तो नहीं कहा जा सकता. 

ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में जेलेंस्की ने कहा, उन्होंने स्टारलिंक इंटरनेट की स्पीड को जानबूझकर धीमा किया है, जो रूस से लड़ रही यूक्रेनी सेना के लिए सबसे जरूरी है. हमें, बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने वाली 'पैट्रियट' इंटरसेप्टर मिसाइलों की आपूर्ति में भी देरी की जा रही है, जबकि इनका स्टॉक खात्मे के कगार पर है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES