App

पहले तेल, अब पूरे देश पर नजर: चुनावी रैली में ट्रंप का विवादित बयान, वेनेजुएला को US का 51वां राज्य बनाने की बात कही

Trump Calls Venezuela US State: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिड टर्म इलेक्शन से पहले चुनावी रैली को संबोधित करते हुए वेनेजुएला को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बात कही. उन्होंने कहा कि फिर वेनेजुएला में राष्ट्रपति नहीं गवर्नर के चुनाव होंगे.

पहले तेल, अब पूरे देश पर नजर: चुनावी रैली में ट्रंप का विवादित बयान, वेनेजुएला को US का 51वां राज्य बनाने की बात कही

World News In Hindi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर वेनेजुएला को लेकर विवादित बयान दिया है. उन्होंने मिड टर्म इलेक्शन से एक हफ्ते पहले वेनेजुएला को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बात कही है. ट्रंप का मानना है कि इससे वह एक समृद्ध देश बन सकता है.    

ट्रंप ने ने वेनेजुएला से आए 10 लाख बैरल तेल को अमेरिका की बड़ी जीत बताते हुए दावा किया कि इसके लिए अमेरिकी टैक्सपेयर्स को कोई खर्च नहीं करना पड़ा.

वेनेजुएला को बताया US का 51वां राज्य 


ट्रंप ने मंगलवार ( 27 अक्टूबर 2026) को टेक्सास के कॉर्पस क्रिस्टी पोर्ट पर एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा,' यह एक समृद्ध देश बनेगा और कौन जानता है, शायद जल्द ही यह अमेरिका का समृद्ध 51वां राज्य बन जाए. यह संभव है. आइए इसे 51वां राज्य बनाते हैं. फिर राष्ट्रपति के बदले यहां गवर्नर के चुनाव होंगे.' पास में खड़े एक जहाज की ओर इशारा करते हुए ट्रंप ने कहा,' उसमें वेनेजुएला से आया 10 लाख बैरल तेल है और अमेरिका इतिहास की सबसे बड़ी तेल जीत का जश्न मना रहा है.'

'US ने वेनेजुएला पर कंट्रोल हासिल किया...' 


ट्रंप ने कहा कि हाल ही में हुई संघर्ष में जीत के बाद यह तेल अमेरिकी टैक्सपेयर्स पर बिना किसी लागत के अमेरिका को उपलब्ध कराया जा रहा है. ट्रंप ने इससे कुछ घंटे पहले जॉइंट बेस एंड्रयूज में पत्रकारों से कहा,' अमेरिका ने वेनेजुएला पर सफलतापूर्वक कंट्रोल हासिल किया है और वहां से उन्हें उपहार के रूप में 10 लाख बैरल तेल भेजा गया है.' 

रैली में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी ट्रंप के साथ मौजूद थे. उन्होंने कहा,' दुनिया के सबसे महान देश अमेरिका के लिए काम करना सम्मान की बात है.' इसके बाद मंच पर रूबियो की प्रशंसा करते हुए ट्रंप ने मजाक में कहा कि इन्हें क्यूबा में उतार देंगे और ये लगभग 15 मिनट में वहां का मामला सुलझा देंगे. 

'तेल की बढ़ती कीमतों के बावजूद लिया एक्शन...'


ईरान के साथ युद्ध का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने यह युद्ध शुरू नहीं किया. उनके मुताबिक, ईरान 1979 से अमेरिका के खिलाफ युद्ध जैसी कार्रवाई करता रहा है और उसने कई अमेरिकी नागरिकों की जान ली है.
ट्रंप ने तेल की बढ़ती कीमतों के प्रभाव को भी स्वीकार किया. उन्होंने कहा,' पहले से अंदाजा था कि तेल की कीमतें बढ़ेंगी और सोचा था कि ये 2-3 गुना तक बढ़ सकती हैं. इसके बावजूद मैं वो करने को तैयार था.' उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह स्थिति जल्द समाप्त हो जाएगी. उन्होंने मिडिल ईस्ट के हालात का जिक्र करते हुए यह भी कहा,' मौजूदा परिस्थितियों से अमेरिका को काफी आर्थिक लाभ हो रहा है.'

रैली करने पहुंचे ट्रंप 


ट्रंप टेक्सास में रिपब्लिकन नेताओं के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे. उन्होंने 3 नवंबर 2026 को होने वाले मिड टर्म इलेक्शन से पहले राज्य के अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन और गवर्नर ग्रेग एबॉट के समर्थन में रैली की. इसके बाद वह दूसरी रैली के लिए लब्बॉक रवाना हुए. जनवरी 2026 में अमेरिकी बलों ने वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया था. इसके बाद देश की अंतरिम सरकार ने वाशिंगटन के साथ तेल संबंधी समझौते किए हैं. ( इनपुट- IANS) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shruti Kaul

Shruti Kaul

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More