आ बाघिन मुझे मार! रील के चस्के ने छीन ली जिंदगी, TikTok वीडियो शूट करते समय बाघिन के हमले में युवक की दर्दनाक मौत
यह मामला लाहौर के काहना कस्बे स्थित एक निजी फार्महाउस का है. टिकटॉक वीडियो बनाने के लिए बाघिन को पिंजरे से बाहर निकाला गया था, तभी उसने 19 साल के फार्महाउस कर्मचारी पर हमला कर दिया और उसकी दर्दनाक मौत हुई.
लोगों में सोशल मीडिया पर रील बनाने और शेयर करने का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है. इन रील्स का जुनून इस कदर है कि लोग अब जान भी जोखिम में डालने से नहीं कतराते. सोशल मीडिया पर वायरल होने और रील बनाने का चस्का किस हद तक जानलेवा साबित हो सकता है, इसका एक खौफनाक मामला पाकिस्तान से सामने आया है.
पाकिस्तान के लाहौर में टिकटॉक वीडियो शूट करने के चक्कर में एक 19 साल के युवक की दर्दनाक मौत हो गई, क्योंकि उस पर बाघिन ने हमला कर दिया. यह घटना लाहौर के काहना कस्बे स्थित एक निजी फार्महाउस से सामने आई है. बताया गया है कि पिंजरे से बाहर निकाली गई बाघिन ने युवक पर हमला बोला, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. जिस बाघिन के हमले से कर्मचारी की मौत हुई, उसे फार्महाउस के एक ब्रीडिंग साइट पर रखा गया था.
किसके कहने पर पिंजरे से बाहर निकाली गई थी बाघिन?
मैनचेस्टर इवनिंग न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, नौमान हसन नाम के कंटेंट क्रिएटर के कहने पर टिकटॉक वीडियो बनाने के लिए बाघिन को पिंजरे से बाहर निकाला गया था. पिंजरे से बाहर आते ही वो बेकाबू हो गई. उसने फार्महाउस पर काम करने वाले 19 साल के तल्हा पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में तल्हा बुरी तरह लहूलुहान हो गया. जिसके बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
कुत्ते के हमले की झूठी कहानी गढ़ी
इस मामले में पुलिस ने फार्महाउस के मालिक फैयाज और कंटेंट क्रिएटर नौमान हसन को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, शुरुआत में इंफ्लुएंसर ने मामले को दबाने के लिए यह झूठा दावा किया था कि तल्हा पर किसी कुत्ते ने हमला किया है, लेकिन पुलिस जांच में मौत की असली वजह का खुलासा हो गया है. पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि क्या फार्महाउस मालिक के पास बाघिन को रखने की कानूनी अनुमति थी और क्या वहां सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन किया जा रहा था.
लाहौर पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने इस मामले में एक बयान भी जारी किया है, जिसमें बताया गया कि 'टिकटॉक का जुनून किसी इंसान की जान से बढ़कर नहीं हो सकता. शौक या मनोरंजन के नाम पर किसी को भी इंसानी जिंदगी खतरे में डालने की इजाजत नहीं दी जा सकती. तथ्यों को छिपाने की कोशिश और लापरवाही के हर पहलू की गहराई से जांच की जाएगी.' पुलिस ने आगे बताया, 'टिकटॉकर टिकटॉक वीडियो बनाने के लिए फार्महाउस आया था और उसी की मौजूदगी में बाघिन बेकाबू हो गई, जिससे फार्म का एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया. बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.'
खतरनाक जानवरों के साथ वीडियो बनाने का आदी है आरोपी
आरोपी कंटेंट क्रिएटर नौमान हसन खतरनाक जानवरों के साथ वीडियो बनाने का आदी है. वो पहले भी बाघों और अन्य खतरनाक जंगली जानवरों के साथ जोखिम भरे वीडियो पोस्ट कर चुका है. उसके इंस्टाग्राम हैंडल पर मौजूद एक वीडियो में वह जंजीर से बंधे एक बाघ को चूमने की कोशिश करता दिख रहा है. एक अन्य वीडियो में वो एक तेंदुए को सहलाता दिख रहा है, जो अचानक उस पर झपट पड़ता है और उसे खरोंच मार देता है.