Texas Mother Killed Daughter: अमेरिका के टेक्सास राज्य में एक महिला ने अपनी 4 साल की बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी. महिला ने बेटी के पिता से उसकी कस्टडी हारने के बाद ही कुछ घंटों में इस घटना को अंजाम दिया. ह्यूस्टन स्थित 35 साल की सिबेल सावेला को कोर्ट के आदेश के अनुसार अपनी बेटी विवियन को पूर्व पति एरन सावेला को सौंपना था, लेकिन उसने इसके बदले पहली बच्ची फिर खुद को गोली मार दी.
ह्यूस्टन पुलिस डिपार्टमेंट (HPD) के अधिकारी घटना की जानकारी मिलने के बाद तुरंत स्थानीय समय अनुसार शाम बजकर 45 मिनट पर महिला के घर पहुंचे. अधिकारियों को विवियन तीसरी मंजिल पर मृत अवस्था में मिली. उसकी गोली लगने से मौत हो गई थी.
HPD ने बताया कि अधिकारियों ने विवियन की मां को हिरासत में लिया. उसने भी अपने चेहरे पर गोली मार ली थी. उसे अस्पताल ले जाया गया था. 'न्यूयॉर्क पोस्ट' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने गुरुवार ( 1 अक्टूबर 2026) को जानकारी दी कि महिला को बुधवार को ही मृत घोषित कर दिया गया था. सावेला मूल रूप से ब्राजील की रहने वाली थी और महज 4 साल की शादी के बाद नवंबर 2024 में उनका उनके पति के साथ तलाक हो गया था. इसके बाद से ही दोनों अपनी बेटी की कस्टडी के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे. फैमिली कोर्ट के जज ने हाल ही में विवियन की कस्टडी एरन को सौंपी और मंगलवार ( 29 सितंबर 2026) की रात उसे एरन को सौंप दिया जाना था.
कोर्ट में एरन की लॉयर शार्लेट रेनवाटर ने कहा कि इस घटना से पूरा परिवार तबाह हो गया है. रेनवाटर ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में ऐसा मामला पहले कभी नहीं देखा. उन्होंने कहा,' मैं 28 सालों से फैमिली लॉ प्रैक्टिस कर रही हूं और मैंने कभी भी ऐसा कुछ अनुभव नहीं किया है. मुझे नहीं लगता कि मंगलवार को इस कोर्ट में मौजूद किसी ने भी यह सोचा होगा कि ऐसा परिणाम हो सकता है.' परिवार के एक सदस्य ने कहा कि एरन ने अदालतों पर भरोसा किया, उचित प्रक्रिया का पालन किया, लेकिन फिर भी उसका छोटी बच्ची कभी उसके पास वापस नहीं आई.'
घटना को लेकर विवियन के रिश्तेदारों में से एक ने कहा,' विवियन 4 साल की थी. उसके पिता एरन और हर वो इंसान जिससे वो मिली, उसे बेहद प्यार करते थे, जो हमसे छीन लिया गया है उसे शब्दों में बता पाना बेहद मुश्किल है.' उन्होंने आगे कहा,' एरन ने एक पेरेंट के तौर पर अपनी बेटी की सुरक्षा के लिए कानूनी तौर पर जरूरी हर काम किया. उसने अदालतों पर भरोसा किया. उसने हर आदेश का पालन किया. उसने प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार किया. मंगलवार को एक जज ने विवियन को उनकी प्राइमरी देखरेख में रखा और उसे उसी शाम उसके घर लौट आना था, लेकिन वह कभी नहीं लौटी.'
सावेला से पहले अमेरिका में एक और मामला सामने आया था, जिसमें लिंडसे क्लैंसी नाम की एक महिला ने साल 2023 में अपने 3 छोटे बच्चे 8 महीने के कैलन, 5 साल के कोरा और 3 साल के डॉसन की एक्सरसाइज बैंड से गला दबाकर हत्या कर दी थी. इसके तुरंत बाद लिंडसे ने खुद भी आत्महत्या की कोशिश में दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उनकी कमर के नीचे का हिस्सा हमेशा के लिए लकवाग्रस्त हो गया. मामले को लेकर अगस्त-सितंबर 2026 में 7 हफ्तों तक लंबा ट्रायल चला, लेकिन किसी भी फैसले पर सहमति न बनने पर 4 सितंबर 2026 को जज विलियम सुलिवन ने इस मुकदमे को मिस्ट्रायल घोषित कर दिया.