SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जंग की आहट! किम जोंग का 'बैलिस्टिक' टेस्ट, दहल उठा समंदर, जापानी पीएम का इमरजेंसी अलर्ट, एक्शन मोड में साउथ कोरिया की सेना

नॉर्थ कोरिया ने कम दूरी की कई बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की हैं. जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने इसके लिए जवाबी कार्रवाई करने की भी धमकी की है.

Written By Rachit Kumar
Published: Oct 29, 2026, 11:18 AM IST | Updated: Oct 29, 2026, 12:52 PM IST
Image Credit: उत्तर कोरिया के इस एक्शन से तनाव और बढ़ गया है.
Join

उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से करीब एक दर्जन कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब सीमा पर तनाव के कारण उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच दुश्मनी बढ़ रही है. वहीं, जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर कहा, 'इमरजेंसी अलर्ट. नॉर्थ कोरिया ने संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की है. ज्यादा जानकारी का इंतजार है.'

AFP के मुताबिक, दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (JCS) ने बताया कि ये मिसाइलें वॉनसन इलाके से दागी गईं. लगभग एक दर्जन कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें 'ईस्ट सी' (जिसे 'सी ऑफ जापान' भी कहा जाता है) की ओर गईं.

नॉर्थ कोरिया ने लॉन्च की बैलिस्टिक मिसाइल

JCS ने एक बयान में कहा,'हमारी सेना ने और मिसाइलें दागे जाने की संभावना को देखते हुए निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है.' इससे पहले, जापान के रक्षा मंत्रालय ने किसी चीज के लॉन्च का पता लगाया और इसे एक बैलिस्टिक मिसाइल बताया.

जापान के रक्षा मंत्रालय ने X पर कहा, 'उत्तर कोरिया से एक ऐसी चीज दागी गई है, जो बैलिस्टिक मिसाइल हो सकती है, जैसे ही और जानकारी मिलेगी, JMOD/JSDF अपडेट देंगे.'

मंत्रालय ने एक अन्य पोस्ट में कहा, 'माना जा रहा है कि वह चीज पहले ही गिर चुकी है.' पीएम ऑफिस ने बाद में इस संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च के जवाब में कई कदम उठाने की बात कही. इनमें जानकारी जुटाना और उसका विश्लेषण करना, विमानों, जहाजों और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा करना, और किसी भी आपात स्थिति के लिए एहतियाती उपाय करना शामिल है.

पिछले महीने बारूदी सुरंगों से ब्लास्ट में दक्षिण कोरिया के तीन सैनिक घायल हो गए थे, जिसके बाद दोनों कोरियाई देशों के बीच तनाव बढ़ गया है. दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया पर आरोप लगाया है कि उसने सैन्य सीमा रेखा के दक्षिण में बारूदी सुरंगें बिछाईं, जिसके कारण 21 सितंबर को ये ब्लास्ट हुए.

नॉर्थ कोरिया की हुंकार, उकसाया तो एक्शन लेंगे

उत्तर कोरिया ने इसकी जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया और चेतावनी दी कि अगर उन्हें उकसाया गया, तो वे जवाबी कार्रवाई करेंगे.पिछले हफ्ते, उत्तर कोरिया ने कहा कि वह बॉर्डर के पास फिर से प्रोपेगेंडा ब्रॉडकास्ट शुरू करेगा और बेहद टाइट सिक्योरिटी वाले बॉर्डर के पास नए हथियार तैनात करेगा.

इसके बाद दक्षिण कोरिया ने बॉर्डर लाइन को क्लियर करने और किसी भी अनचाहे टकराव को रोकने के लिए बातचीत का प्रस्ताव रखा, लेकिन उत्तर कोरिया की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES