)
स्पेन में बढ़ती महंगाई और आसमान छूते किराए के खिलाफ बार्सिलोना समेत कई शहरों में लाखों की तादाद में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने जमकर बवाल काटा. एक दिन की देशव्यापी हड़ताल के बीच प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने अपना उग्र रूप दिखाया. ये लोग किराये में भारी बढ़ोतरी और प्रॉपर्टी की आसमान छू रही कीमतों के खिलाफ हड़ताल पर उतरे थे. इस प्रदर्शन में 40 लाख कामगारों ने भी हिस्सा लिया. स्पेन के समुद्री पोर्ट और कार फैक्ट्रियों के करीब 90 फीसदी से ज्यादा कर्मचारियों ने इस हड़ताल में शामिल हुए. इस दौरान पुलिस के साथ हुई झड़पों में 20 प्रदर्शनकारी घायल हो गए और 40 लोगों को अरेस्ट किया गया.
हालत ये है कि छोटा सा जनता फ्लैट या किसी ठीकठाक सोसायटी का 1 BHK फ्लैट भी आम लोगों की पहुंच से दूर हो गया हैं. घरों का किराया भी बेतहाशा बढ़ा है. बढ़े रेंट के खिलाफ तमाम संगठनों और ट्रेड यूनियनों ने हड़ताल का आह्वान किया था. आम चुनावों से करीब महीने भर पहले हुई हड़ताल ने सरकार के पसीने छुड़ा दिए हैं. वो भी तब, जब स्पेन में 29 नवंबर को समय से पहले आम चुनाव होने हैं.
कई जगह प्रदर्शनकारियों ने सरकारी संपत्ति को आग के हवाले किया है. वहीं पुलिस के साथ कई झड़प होने की खबरें सामने आ रही हैं. सरकारी संपत्ति के साथ-साथ कुछ लोगों के घरों और दुकानों को भी निशाना बनाया गया है. खिड़कियों के शीशे तोड़े जाने की खबरें आई हैं.
ट्रेड यूनियनों के बयान के मुताबिक स्पेन में 7,50,000 घरों की कमी है. वहां एक युवा कर्मचारी की औसत मंथली इनकम का करीब 99% हिस्सा किराए चुकाने में खत्म हो जाता है.
स्पेन में कई जगहों पर हिंसा और आगजनी की खबरें सामने आ रही हैं. प्रदर्शनकारी तेज बारिश के बावजूद सड़कों पर डटे रहे. हिंसा करने वालों को गिरफ्तार किया जा रहा है. सरकार सोशल मीडिया पर मैसेजों की पड़ताल कर रही है.
Around 4 million workers joined Spain’s first general strike in 14 years, protesting soaring housing costs and rents ahead of the November 29 election. Unions reported 90% participation at ports and car factories, while clashes with police left 20 protesters injured and 40 people arrested. Spain faces a shortage of 750,000 homes, with average monthly rent consuming nearly 99% of a young worker’s salary.
— Clash Report (@clashreport) November 11, 2026

इस हड़ताल ने लोगों को 14 साल पहले 2012 में हुई स्ट्राइक की याद दिला दी है. तब 2012 में यूरो जोन के कर्ज संकट के दौरान स्पेन सरकार की किफायत वाली नीतियों के विरोध में देशभर में काम बंद किया गया था. एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि सैलरी का सबसे बड़ा हिस्सा किराया देने में निकल जाता है. अब तो हमारे पास खाने तक के लाले पड़ गए हैं.
इस हड़ताल को स्पेन के दो सबसे बड़े श्रमिक संगठनों UGT और CCOO ने समर्थन दिया है. इनके साथ किरायेदारों के हक में आवाज उठाने वाले संगठन भी इस आंदोलन में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. ये लोग देश में लगातार बढ़ते किराए और मकान खाली कराए जाने की घटनाओं से भड़के हुए हैं.
बार्सिलोना में प्रदर्शनकारियों ने बेहतर जीवन और किफायती आवास की मांग करते हुए एक एंटी फासीवादी सॉन्ग ‘बेला चाओ’ को गाते हुए अपने इरादों को जता दिया.
इन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मौजूदा हालात में युवाओं के लिए अपना घर लेना तो दूर, ठीक से किराए का घर लेना मुश्किल हो गया है.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक बार्सिलोना के एक चौराहे पर उमड़ी हजारों लोगों खासकर युवाओं की भीड़ ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की. इसी दौरान 35 साल के एक प्रदर्शनकारी गेम्मा ट्रुलोल्स ने कहा, 29 नवंबर के बाद जो लोग सत्ता संभालेंगे, यह उनके लिए भी एक चेतावनी है. हमें हर हाल में सस्ता किराया चाहिए और सरकार को मकान मालिकों की कथित 'गुंडागर्दी' पर भी लगाम लगनी चाहिए. ये तभी संभव है जब किरायेदारों को भी उनके अधिकार मिले.
स्पेन के मजदूर संगठनों ने हड़ताल को सफल बताया, हालांकि देश के अलग अलग हिस्सों में इसका असर एक जैसा नहीं रहा. तटीय इलाकों में इसका प्रभाव ज्यादा दिखा, जहां घरों और किराए की बढ़ती कीमतों को लेकर लोगों में नाराजगी सबसे ज्यादा है.