जल दस्युओं के लिए कुख्यात देश को JF-17 बेचेगा पाकिस्तान, सोमालिया ने डील फाइनल कर दी?
कुछ सप्ताह पहले ही पाकिस्तान के एयर मार्शल मोहम्मद सरफराज के नेतृत्व में PAF के सीनियर अधिकारियों का एक डेलीगेशन सोमालिया गया था. पाक एयर मार्शल मोहम्मद सरफराज ने यहां सोमालिया के ब्रिगेडियर जनरल अब्दिरिसाक महमूद हाजी से मुलाकात की थी.
अफ्रीकी देश सोमालिया ने पाकिस्तान से JF-17 लड़ाकू विमान खरीदने का फैसला लिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमालिया ने अपनी वायुसेना को मजबूत करने के लिए पाकिस्तान के साथ JF-17 लड़ाकू विमान और उसके उपकरण खरीदने का निर्णय लिया है. दोनों देशों के बीच डील फाइनल हो चुकी है. कहा जा रहा है कि अगर विमानों का सौदा पूरा हो जाता है, तो 1991 में सोमालिया की सरकार गिरने के बाद से रक्षा क्षेत्र में मोगादिशू की यह पहली बड़ी डील होगी. हालांकि, सोमालिया पाकिस्तान से कितने विमान खरीदेगा और इसमें कितनी रकम खर्च करेगा. इनकी डिलीवरी कब से शुरू होगी और कब तक सारे विमान सौंप दिए जाएंगे, इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आ सकी है.
PAF के अधिकारियों ने सोमालिया का दौरा किया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ सप्ताह पहले ही पाकिस्तान के एयर मार्शल मोहम्मद सरफराज के नेतृत्व में पाक एयरफोर्स (PAF) के सीनियर अधिकारियों का एक डेलीगेशन मोगादिशू गया था. इस डेलिगेशन ने सोमालिया सरकार के साथ मिलकर सोमालिया एयरफोर्स के विस्तार और JF-17 विमानों के समझौते पर विस्तार से चर्चा की थी. पाक एयर मार्शल मोहम्मद सरफराज ने सोमालिया के ब्रिगेडियर जनरल अब्दिरिसाक महमूद हाजी से मुलाकात की थी.
दोनों के बीच में सोमालिया की एयरफोर्स को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई. इसमें पाकिस्तान ने अपनी तरफ से पूरी मदद करने का आश्वासन दिया. पाक एयर मार्शल मोहम्मद सरफराज ने ब्रिगेडियर जनरल अब्दिरिसाक महमूद हाजी को आश्वासन दिया कि पाकिस्तान की ओर से सोमालिया के पायलट को पूरी ट्रेनिंग दी जाएगी. इसके अलावा कर्मियों की ट्रेनिंग, संस्थागत विकास, विशेष कौशल और क्षमताओं पर भी मदद की जाएगी.
क्या दोनों देशों में डील फाइनल हो गई?
इस बैठक की जो तस्वीर सामने आईं, उसमें दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के पीछे JF-17 विमान का पोस्टर लगा हुआ था. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों देशों के बीच में JF-17 फाइटर जेट खरीदने की डील पक्की हो गई है. हालांकि, दोनों में से अभी तक किसी भी देश ने इस डील की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमालिया ने फरवरी में पाकिस्तान से JF-17 लड़ाकू विमान खरीदने के प्रस्ताव पर विचार किया था. अगस्त में दोनों देश मुस्लिम नाटो में शामिल हुए, जिसमें उन्होंने एक-दूसरे की रक्षा करने, संयुक्त सैन्य अभ्यास और व्यापक सैन्य क्षमता का विकास करने के प्रस्ताव पर साइन किया था.
सोमालिया को किससे खतरा है?
सोमालिया की गिनती दुनिया के बेहद अशांत क्षेत्रों में होती है. बीते कुछ दशकों से यह देश गृह युद्ध और आतंकवाद की आग में झुलस रह है. अल-कायदा से जुड़े विद्रोही आतंकी समूह अल-शबाब ने यहां काफी खून बहाया है. इस आतंकी संगठन को जवाब देने के लिए सोमालिया अब अपनी वायुसेना को फिर से खड़ा करना चाहता है. इसके अलावा सोमालिया को अपने पड़ोसी देशों से भी खतरा समझ में आ रहा है. 26 दिसम्बर 2025 को इजरायल ने सोमालिया से अलग हुए सोमालीलैंड को मान्यता दे दी थी. सोमालिया ने इसका कड़ा विरोध किया था. इस घटना ने अफ्रीकी देशों में तनाव को और भी बढ़ा दिया है.
ये भी पढ़ें- भिखमंगों का 'खलीफा': खुद गले तक कर्ज में डूबा, अब पाकिस्तान बना सबसे ज्यादा लोन लेने वाले देशों का 'सरदार'