SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मछुआरों की बस्ती से AI सिटी तक, चीन का वो शहर, जहां ड्रोन करते हैं डिलीवरी; कहानी शेनझेन की

चीन ने शेनझेन शहर में APEC समिट हो रहा है.लेकिन कभी जो मछुआरों का गांव था, आज वह दुनिया की एआई सिटी बन चुका है. कैसे शेनझेन ने यह मुकाम हासिल किया, आइए आपको बताते हैं इस शहर के बदलाव की कहानी.

Written By Rachit Kumar
Published: Nov 18, 2026, 14:33 IST | Updated: Nov 18, 2026, 14:56 IST
Image Credit: शेनझेन शहर की कहानी कमाल है.
Join

मनीला में ASEAN शिखर सम्मेलन के बाद अब सबकी नजरें चीन के दक्षिणी तट पर स्थित शेनझेन शहर पर टिकी हैं. यहां 18 से 19 नवंबर तक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन चलेगा. यह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकातों का गवाह भी बनेगा.

दरअसल, ट्रंप शेनझेन पहुंच गए हैं, और वे इस चीनी शहर का दौरा करने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए हैं. मगर, चीन ने एक छोटे से सीमावर्ती कस्बे को इतनी अहम बैठकों के लिए क्यों चुना? चलिए आपको बताते हैं.

शेनझेन की कहानी ऐसी है, जिसे हर किसी को जानना चाहिए. दरअसल, यह कभी मछुआरों का गांव और ग्रामीण बस्तियों वाला कस्बा था. लेकिन, आज यहां ड्रोन-रोबॉट बनते हैं.AI और टेक्नोलॉजी पर बात होती है.

 छोटे कस्बे से बना 'AI वाला शहर'

इतिहास के पन्नों में झांकें तो, शेनझेन को पहले 'बाओआन' के नाम से जाना जाता था. यहां लोग मछलियां पकड़कर अपनी जिंदगी गुजारते थे.यहां कुछ ग्रामीण बस्तियां हुआ करती थीं. हालांकि, 1979 में इसमें बदलाव की शुरुआत हुई, जब तत्कालीन नेता देंग शियाओपिंग ने इस कस्बे को चीन के पहले स्पेशल इकोनॉमिक जोन में से एक घोषित कर दिया.इसके बाद कम्युनिस्ट पार्टी ने फ्री एंटरप्राइज की इजाजत दे दी.

फिर क्या था.देखते ही देखते यहां न्यूयॉर्क शहर से भी ज्यादा ऊंची इमारतें खड़ी हो गईं. यह 1.8 करोड़ से ज्यादा लोगों का एक बड़ा शहर बन गया. यहां दुनिया की पांचवीं सबसे ऊंची इमारत, 'पिंग एन फाइनेंस सेंटर' भी मौजूद है. हांगकांग यूनिवर्सिटी के आर्किटेक्चर विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर जुआन डू ने 'एशिया सोसाइटी' को बताया,'सामाजिक और भौगोलिक दोनों ही नजरिये से, इस बदलाव का दायरा, रफ्तार और पैमाना मानव इतिहास में अभूतपूर्व है.'

अगर आप शेनझेन की सड़कों पर घूमेंगे, तो आपको बिना ड्राइवर वाली टैक्सियां, रोबोट और इलेक्ट्रिक वाहन देखने को मिलेंगे. यहां ड्रोन उड़ते हुए लोगों तक गरमा-गरम खाना और आइस्ड कॉफी पहुंचाते हैं.

चीन में कई लोग शेनझेन को 'AI वाला शहर' कहते हैं. यह चीन के सबसे अमीर शहरों में से एक है. पिछले साल इसकी GDP 3.87 ट्रिलियन युआन थी, जो शंघाई और बीजिंग के बाद तीसरे नंबर पर है. इसकी इसी खासियत के कारण, कई लोग इसकी तुलना हांगकांग से भी करते हैं, जो यहां से बहुत करीब है.

अमेरिका की ‘सिलिकॉन वैली’ का कॉम्पिटिशन

इसे फ्यूचर का शहर कहें तो गलत नहीं होगा. माना जाता है कि चीन ने इसे अमेरिका की सिलिकॉन वैली के जवाब में खड़ा किया है.यहां चीन की सबसे बड़ी कंपनियों का घर भी है. दुनिया के सबसे बड़े टेक समूहों में से एक, Huawei का मुख्यालय शेनझेन में है. असल में, पेड़ों से घिरा इसका बहुत बड़ा मुख्यालय APEC कार्यक्रम वाली जगह से एक घंटे से भी कम की दूरी पर स्थित है. चीन चिप मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भर बनने और AI की दौड़ में अमेरिका की बराबरी करने के लिए हुआवेई पर भरोसा कर रहा है. यह वो कोशिश है, जिसे पिछले हफ्ते जेन्सेन हुआंग को बाहर किए जाने की घटना ने और भी मजबूत कर दिया है.

इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनी BYD ने पिछले साल एलन मस्क की टेस्ला को पीछे छोड़कर दुनिया में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन बेचने वाली कंपनी का तमगा हासिल किया, वह भी शेनझेन में ही स्थित है। APEC में भी इस कंपनी की अहम भूमिका होगी, क्योंकि यहां आधिकारिक वाहनों के रूप में BYD के एडवांस मॉडलों का इस्तेमाल किया जाएगा.

यहीं खुला था चीन का पहला मैक्डॉनल्ड्स

यह शहर कई अन्य बड़ी कंपनियों का भी सेंटरप्वॉइंट है, जो चीन के तेजी से हो रहे बदलाव को आगे बढ़ा रही हैं. इनमें सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी टेनसेंट और दुनिया की सबसे बड़ी ड्रोन निर्माता कंपनी DJI शामिल हैं. इसी शहर में 1990 में चीन का पहला मैकडॉनल्ड्स खुला था. अपनी इसी शानदार कामयाबी के कारण चीन ने APEC की मेजबानी के लिए शेनझेन को चुना.

चाइनीज एकेडमी ऑफ सोशल साइंसेज में एशिया-प्रशांत मामलों के एक्सपर्ट जू लिपिंग ने 'चैनल न्यूज एशिया' को बताया,'शेनझेन ने एक पॉलिसी बेस्ड स्पेशल जोन से आगे बढ़कर इंस्टिट्यूशनल ओपनिंग अप के एक मॉडल का रूप ले लिया है. इसने दुनिया की फैक्ट्री से आगे बढ़कर 'इनोवेशन सेंटर'के रूप में एक बड़ी छलांग लगाई है.'

किंग्स कॉलेज लंदन की प्रोफेसर एस्ट्रिड नॉर्डिन भी इस विचार से सहमत नजर आई. 'द गार्डियन' में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा, शी जिनपिंग चाहते हैं कि लोग अपने घर लौटकर 'चाइनामैक्सिंग' करें. शेनझेन खुद इस मैसेज का एक हिस्सा है. यह चीन की तकनीकी और आर्थिक उपलब्धियों का उदाहरण है. साथ ही, इस दावे को भी दिखाता है कि एक ऐसी दुनिया में, जहां अनिश्चितता और संघर्ष बढ़ रहे हैं, चीन समृद्धि के मौके देता है.'

 

टूरिस्ट्स का फेवरेट स्पॉट

एक टेक और इंडस्ट्रियल प्वॉइंट होने के साथ-साथ,शेनझेन टूरिस्ट्स के लिए भी एक बड़ा स्पॉट है. असल में, CNN का कहना है कि यह शहर विदेशी पर्यटकों के लिए चीन में दूसरी सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन बन गया है. 2025 में, 20 लाख से ज्यादा विदेशी पर्यटक शेनझेन में रुके, जो पिछले साल के मुकाबले 70 प्रतिशत ज्यादा है.

आखिर टूरिस्ट्स के लिए ऐसा क्या है?

तो, वह क्या चीज है, जो इन पर्यटकों को इस शहर की ओर खींच लाती है? जवाब है शेनझेन का एडवांस और साफ-सुथरा माहौल. ज्यादातर विदेशी पर्यटकों का मानना ​​है कि यह शहर बेहद साफ है और देखने में बहुत आधुनिक लगता है. फिर भी, यहां बहुत ज्यादा भीड़-भाड़ या आपाधापी नहीं है. लंदन में रहने वाले 28 वर्षीय वीडियो प्रोड्यूसर, विल मैककास्किल ने CNN को बताया,'आप एक ऐसे घने इलाके से गुज़रेंगे जहां बहुत ऊंची-ऊंची इमारतें हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर देखें तो यहां का माहौल काफी शांत और आम स्थानीय जीवन जैसा लगता है.'

चीन के भीतर भी, बहुत से लोग यहां की एनर्जी की वजह से शेनझेन आ रहे हैं. गुआंगडोंग प्रांत के एक अन्य शहर, झानजियांग से शेनझेन आकर बसीं किंडरगार्टन टीचर झोंग लुकिन ने AP को बताया,'मेरी नज़र में शेनझेन एक लाइवली और युवाओं से भरा शहर है, और यहां के लोग बहुत अच्छे स्वभाव वाले हैं.'

उन्होंने आगे कहा,'शेनझेन के बारे में अक्सर एक बात कही जाती है.यहां के लोग कड़ी मेहनत करने वाले हैं.' यह बात यहां की तेज रफ्तार जिंदगी को बखूबी दिखाती है.'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES