पासपोर्ट से प्रत्यर्पण तक... शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी पर फिर तेज हुई हलचल, वकील ने मांगा नया दस्तावेज
शेख हसीना के वकील ने दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन से उनके नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की अपील की है. इसके लिए हसीना के हस्ताक्षर वाला अधिकृत पत्र भी भेजा गया है. शेख हसीना, दिसंबर में वतन वापसी यानी बांग्लादेश लौटने की बात कह चुकी हैं, जबकि ढाका उनके प्रत्यर्पण की मांग पर भारत के फैसले का इंतजार कर रहा है.
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के कानूनी प्रतिनिधि ने दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन को फिर से चिट्ठी लिखी है. इस पत्र के जरिए उन्होंने हसीना के हस्ताक्षर वाला अधिकृत पत्र भी भेजा है, ताकि हसीना के लिए नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र हासिल किया जा सके. 19 नवंबर को बांग्लादेश हाई कमीशन को भेजे पत्र में लंदन के मैट्रिक्स चैंबर्स के वरिष्ठ वकील स्टीवन पॉवेल्स KC ने 9 नवंबर को किए गए आवेदन पर अपडेट मांगा है.
उन्होंने मीडिया में आई उन खबरों का भी जिक्र किया, जिनमें कहा गया था कि हाई कमीशन को आवेदन मिल गया है, लेकिन वह यह पुष्टि चाहता है कि स्टीवन पॉवेल्स ही शेख हसीना की ओर से काम कर रहे हैं.
दस्तावेज पर हसीना के हस्ताक्षर
स्टीवन पॉवेल्स ने पत्र में लिखा, 'इसीलिए मैं इस पत्र के साथ उनकी ओर से काम करने का अधिकृत हस्ताक्षरित पत्र भेज रहा हूं.' उन्होंने आगे जल्द जवाब देने का अनुरोध किया. 9 नवंबर की तारीख वाले इस दस्तावेज पर शेख हसीना के हस्ताक्षर हैं. इसमें उन्होंने स्टीवन पॉवेल्स को अपने लिए नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र हासिल करने का आवेदन देने की अनुमति दी है.
डॉक्यूमेंट में हसीना की पहचान का जिक्र
दस्तावेज में शेख हसीना को बांग्लादेश की नागरिक बताया गया है, जो फिलहाल भारत में रह रही हैं. इसमें उनकी जन्मतिथि 28 सितंबर 1947 और जन्मस्थान तुंगीपाड़ा बताया गया है. यह नया पत्र उस समय आया है जब बांग्लादेशी अधिकारियों ने उनका पिछला आवेदन ठुकरा दिया था.
उस समय बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा था कि देश किसी 'आतंकवादी' या 'भगोड़े अपराधी' को पासपोर्ट जारी नहीं करता. उन्होंने इसके बजाय भारत के साथ मौजूद प्रत्यर्पण संधि के तहत हसीना को बांग्लादेश भेजने की मांग की थी.
ढाका का कहना है कि शेख हसीना की वापसी सामान्य यात्रा के जरिए नहीं, बल्कि औपचारिक प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए.
फ्लैशैबक में समझिए मामला
शेख हसीना के पिता शेख मुजीबुर्रहमान समेत कई लोगों की कोशिशों से पूर्वी पाकिस्तान के नाम से मशहूर रहा हिस्सा पाकिस्तान के बंटवारे के बाद बांग्लादेश बना था. 15 साल से ज्यादा समय तक बांग्लादेश की सत्ता में रहीं. 5 अगस्त 2024 को सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर हुए प्रदर्शनों के बीच हुए तख्तापलट के चलते हसीना एक मिलिट्री हेलीकॉप्टर में सवार होकर बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं.
नवंबर 2025 में बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराध के आरोपों में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी. ये आरोप प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई से जुड़े थे.
अवामी लीग स्टैंड पर कायम
वहीं शेख हसीना की राजनीतिक पार्टी अवामी लीग ने उनके ऊपर लगाए आरोपों को बेबुनियाद बताया है. खुद शेख हसीना ने इस मुकदमे की वैधता को खारिज किया है और इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है. उनका पुराना पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र पिछली अंतरिम सरकार द्वारा रद्द किए जाने की बात कही गई थी.
बीते कुछ हफ्तों में हसीना कई बार कह चुकी हैं कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटने का इरादा रखती हैं और इसके लिए किसी भी जोखिम का सामना करने को तैयार हैं.
बांग्लादेश के कानून मंत्री का कहना है कि हसीना के प्रत्यर्पण से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और अब फैसला भारत को करना है.
वहीं, भारत ने कहा है कि बांग्लादेश की प्रत्यर्पण संबंधी मांग कानूनी समीक्षा के तहत है. नई दिल्ली ने शेख हसीना के पासपोर्ट आवेदन पर सीधे कोई टिप्पणी नहीं की है.