App

हसीना पर तकरार: प्रत्यर्पण को लेकर बांग्लादेश का नया दांव, अब शमा ओबैद ने उठाई आवाज

बांग्लादेश की निर्वासित पीएम शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर ढाका ने नई चाल चली है. भारत के साथ कूटनीतिक रिश्तों का हवाला देते हुए पीएम तारिक रहमान की कैबिनेट मंत्री शमा ओबैद ने नई दिल्ली से जल्द से जल्द फैसला लेने की अपील की है.

हसीना पर तकरार: प्रत्यर्पण को लेकर बांग्लादेश का नया दांव, अब शमा ओबैद ने उठाई आवाज
Image Credit: (ani)

बांग्लादेश ने एक बार फिर भारत से अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने की गुजारिश की है. बांग्लादेश के विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने भारतीय विदेश मंत्रालय से इस काम में तेजी लाने की दरख्वास्त लगाते हुए कहा कि यह कोई बहुत चुनौतीभरा काम नहीं है, हमारी इस मांग को पूरा करने के लिए कानूनी प्रक्रिया के साथ राजनीतिक इच्छाशक्ति भी जरूरी है. हसीना के ऊपर बांग्लादेशी अदालतों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनका ट्रायल चलाने के लिए बांग्लादेश लंबे समय से उनका प्रत्यर्पण मांग रहा है.

शमा ओबैद इस्लाम ने रुटीन मीडिया ब्रीफिंग के दौरान यह बात कही. उनकी हालिया टिप्पणी भारत के हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी के उस बयान के एक दिन बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि हसीना की वापसी के लिए कोई समयसीमा बताना संभव नहीं है. प्रत्यर्पण संबंधी अनुरोध की कोर्ट से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है. जिसके बाद ही कुछ कहना मुनासिब होगा.'

बांग्लादेश को भारत के जवाब का इंतजार

बांग्लादेशी पत्रकारों ने जब शमा ओबैद से यह पूछा कि क्या भारत और बांग्लादेश के बीच जो प्रत्यर्पण संधि लागू है उसके तहत हसीना को वापस लाया जा सकता है, तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, 'निश्चित रूप से. आरोपी हसीना को संधि के तहत वापस लाया जा सकता है और इस दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. भले ही हसीना के प्रत्यर्पण के मुद्दे पर दोनों देशों के बीच तल्खी एक बार फिर तेज हो रही हो, लेकिन नई दिल्ली और ढाका दोनों के प्रतिनिधि यह कह चुके हैं कि इस कानूनी विवाद का दोनों देशों के बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

हसीना को सुनाई जा चुकी है मौत की सजा

बताते चलें कि शेख हसीना को 5 अगस्त 2024 को छात्रों के हिंसक विरोध-प्रदर्शन के बाद सत्ता से हटना पड़ा था. ढाका छोड़ने के बाद से वह भारत में रह रही हैं. न्यूज़ एजेंसी बीएसएस के मुताबिक शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि यदि वह आत्मसमर्पण करती हैं तो मौजूदा कानून के अनुसार कदम उठाए जाएंगे. 

ओबैद ने इससे पहले जुलाई के महीने में कहा था कि बांग्लादेश की धरती में कदम रखते ही कानून अपना काम करेगा और उन्हें गिरफ्तार करके फौरन जेल भेज दिया जाएगा. 

पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश की एक विशेष अदालत ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराते हुए उनकी गैरमौजूदगी में ही मौत की सजा सुनाई थी. 

दूसरी ओर हसीना ने अदालती फैसलों और आरोपों को पॉलिटिकल वेंडेटा यानी सियासी बदले की कार्रवाई बताते हुए खारिज कर दिया था. कुछ समय पहले शेख हसीना ने स्वेच्छा से वतन वापसी की बात कही थी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More