App

हवाई जहाज से नहीं, जमीन के रास्ते स्‍वदेश लौटेंगी हसीना? बांग्‍लादेश में अवामी लीग-बीएनपी कार्यकर्ताओं के बीच जारी संघर्ष

ढाका की सत्ता से बेदखल और अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं. वैध पासपोर्ट न होने के चलते उनके समर्थक जमीन के रास्ते वापसी की अटकलें लगा रहे हैं. दोनों देशों की सरकारों की ओर से भले ही कोई अधिकारिक बयान न आया हो, लेकिन पश्चिम बंगाल से लेकर त्रिपुरा तक कई सीमावर्ती रूटों का जायजा लिया जा रहा है.

हवाई जहाज से नहीं, जमीन के रास्ते स्‍वदेश लौटेंगी हसीना? बांग्‍लादेश में अवामी लीग-बीएनपी कार्यकर्ताओं के बीच जारी संघर्ष
Image Credit: शेख हसीना (रॉयटर्स)

16 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी की अटकलों को लेकर बांग्लादेश में बढ़े सियासी तनाव के बीच कई जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी है. ढाका समेत देशभर में आगजनी, बम धमाकों और हिंसक झड़पों की नई घटनाएं सामने आ रही हैं. खासकर उनके होम टाउन गोपालगंज में हिंसा के और भड़कने की आशंका के चलते बाजारों को बंद रखने और बस सेवाओं को रोकने का ऐलान हुआ है.

विजय दिवस पर नजर 

हसीना ने कई बार संकेत दिए हैं कि वो 16 दिसंबर को यानी बांग्लादेश के 'विजय दिवस' की 55वीं सालगिरह के खास मौके पर वापस लौटना चाहती हैं, जबकि 2024 के विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुए एक्शन को मानवता के खिलाफ अपराध बताकर, उन्हें मौत की सजा सुनाई गई है. 

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक हसीना अब जमीन के रास्ते किसी सीमा चौकी से बांग्लादेश में दाखिल होने के विकल्प पर विचार कर रही हैं. सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश अवामी लीग के हसीना समर्थक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा से लगी बांग्लादेश की सीमा पर कुछ प्रवेश बिंदुओं का जायजा भी लिया है.

बॉर्डर क्रॉसिंग

जिन-जिन विकल्पों पर विचार किया जा रहा है, उनमें पेट्रापोल-बेनापोल बॉर्डर क्रॉसिंग भी शामिल है. पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित पेट्रापोल दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा लैंड पोर्ट है. ये भारत और बांग्लादेश के बीच व्यापार तथा लोगों की सीमा पार आवाजाही का एक प्रमुख केंद्र है. दूसरी ओर, बेनापोल बांग्लादेश का सबसे बड़ा लैंड पोर्ट है.

सूत्रों के मुताबिक, शेख हसीना के पास वैलिड पासपोर्ट नहीं होने के कारण विमान से बांग्लादेश लौटना असंभव होगा, इसलिए सड़क के रास्ते वापसी के विकल्प पर विचार किया जा रहा है.

बांग्लादेश में हिंसा जारी: अवामी लीग-बीएनपी कार्यकर्ता भिड़े

बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच हिंसक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. रविवार तड़के कुश्तिया में कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक जज के सरकारी आवास और ग्रामीण बैंक की शाखा को निशाना बनाकर बमबारी की. वहीं, पद्मा पुल के पास अवामी लीग और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के समर्थक भिड़ गए. इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य को गोली लग गई.

बांग्लादेश समाचार पत्र 'द बिजनेस स्टैंडर्ड' की रिपोर्ट के मुताबिक, 7 से 27 नवंबर के बीच देशभर में 101 वाहनों में आग लगाए जाने और करीब 100 कच्चे बम विस्फोटों की खबर पुलिस ने दी है. ग्रामीण बैंक की 104 शाखाओं और कार्यालयों को भी 10 से 25 नवंबर के बीच निशाना बनाया गया. सुरक्षा कारणों से 29 शाखाओं का संचालन अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा.

फोर्स तैनात

हसीना की वतन वापसी को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच बांग्लादेश में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. ऐसे में सेना और पुलिस प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं. सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के मुताबिक 7 जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश यानी बीजीबी की 120 प्लाटून तैनात की गई हैं. एक प्लाटून में आमतौर पर लगभग 30 से 40 जवान होते हैं. 

अकेले गोपालगंज में 56 प्लाटून तैनात की गई हैं. ढाका, गाजीपुर, नारायणगंज, मयमनसिंह, गोपालगंज, चट्टोग्राम और कॉक्स बाजार भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. बीजीबी मुख्यालय ड्रोन, बॉडी-वर्न कैमरों और अन्य निगरानी उपकरणों से मिलने वाली लाइव फुटेज पर नजर रख रहा है, ताकि अभियानों में तालमेल बिठाया जा सके.

हसीना ने किया है पासपोर्ट के लिए आवेदन

आपको बताते चलें कि शेख हसीना के वकील ने उनके नए पासपोर्ट बनवाने के लिए अर्जी लगाई है. उधर बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार लगातार हसीना का प्रत्यर्पण मांग रही है. सीमा पार से आई कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार हसीना के प्रत्यर्पण के लिए आईसीजे यानी अंतरराष्ट्रीय अदालत जाने पर विचार कर रही है.

बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने हाल ही अपने इस्लामाबाद दौरे में पत्रकार वार्ता में कहा था कि अगर भारत, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को प्रत्यर्पित करने से इनकार करता है, तो बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय न्यायालय का दरवाजा खटखटा सकती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More