)
देश का सबसे बड़ा कारोबारी घराने टाटा ग्रुप इस समय सुर्खियों में है. हर दिन ग्रुप और इससे जुड़ी कंपनियों को लेकर कोई न कोई खबर आ रही है. बॉम्बे हाई कोर्ट ने ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस की बोर्ड मीटिंग पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है. अब टाटा संस की यह बोर्ड मीटिंग कल (30 नवंबर) होने जा रही है. इस बोर्ड मीटिंग पर कॉरपोरेट जगत की नजरें टिकी हैं. हाई कोर्ट की तरफ से कहा गया कि मीटिंग में लिये जाने वाले फैसले मुकदमे के अंतिम आदेश के तहत होंगे. पहले यह मीटिंग 26 नवंबर को होनी थी. लेकिन नोएल टाटा की आपत्ति के बाद इसकी तारीख को आगे बढ़ाकर 30 नवंबर कर दिया गया था. इस बोर्ड मीटिंग का फोकस 3 अहम मुद्दों पर रहने वाला है. आइए जानते हैं क्या?
30 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग में सबसे ज्यादा फोकस टाटा संस की प्रस्तावित शेयर बाजार की लिस्टिंग (IPO) को लेकर होने की उम्मीद है. कंपनी पर आरबीआई का भारी दबाव है. केंद्रीय बैंक की तरफ से सितंबर में कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी के रूप में अपना रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने के आवेदन को खारिज कर दिया गया. नवंबर में आरबीआई की तरफ से साफ कहा गया कि होल्डिंग कंपनी को अपर लेयर एनबीएफसी से जुड़े नियमों का पालन करना होगा. इसी में शेयर बाजार में लिस्टिंग की शर्त भी शामिल है. सूत्रों का कहना है बोर्ड छह महीने के लिस्टिंग रोडमैप का रिव्यू करेगा. प्रस्तावित टाइम लिमिट के तहत शेयरहोल्डर्स की मंजूरी के 90 दिन के अंदर सेबी के पास ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस फाइल करने और 180 दिन के अंदर लिस्टिंग प्रोसेस पूरा करने का प्लान है. इस दौरान कंपनी को प्राइवेट लिमिटेड से पब्लिक कंपनी में बदलने और आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (AOA) में बदलाव पर विचार हो सकता है.
आईपीओ का नोएल टाटा की तरफ से विरोध किया जा रहा है. उनका तर्क है कि टाटा संस को आईपीओ की तरफ बढ़ने की बजाय पहले री-स्ट्रक्चरिंग का ऑप्शन ट्राय करना चाहिए. उन्होंने बोर्ड की तरफ से मार्च 2024 में लिये गए फैसले का भी हवाला दिया. इस दौरान कर्ज चुकाने, पब्लिक फंड का इस्तेमाल बंद करने और आरबीआई रजिस्ट्रेशन रद्द कराने पर सहमति बनी थी. नोएल टाटा ने कहा कि आईपीओ पर आगे बढ़ने से पहले पुराने फैसले पर फिर से सोचा जाना चाहिए. दूसरी तरफ, एन चंद्रशेखरन और कई अन्य निदेशक आरबीआई के आदेश का पालन करना चाहते हैं. दरअसल, टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की 66 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि शापूरजी पालोनजी ग्रुप के पास 18 फीसदी शेयर हैं.
मीटिंग का दूसरा फोकस चेयरमैन के रूप में एन चंद्रशेखरन के बने रहने के लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी के लिए ईजीएम बुलाने का है. चंद्रशेखरन के फरवरी 2027 से शुरू होने वाले तीसरे कार्यकाल के लिए 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग में मंजूरी दी गई थी. यह मंजूरी नोएल टाटा के विरोध के बावजूद दी गई थी. सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने चंद्रशेखरन के री-अपाइंटमेंट को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. उनका आरोप है इसमें कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के तहत वोटिंग नियमों का पालन नहीं किया गया. सितंबर की मीटिंग में नोएल टाटा ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था, जबकि ट्रस्ट की तरफ से नामित दूसरे निदेशक वेणु श्रीनिवासन ने इसका सपोर्ट किया था. चंद्रशेखरन के री-अपाइंटमेंट को ईजीएम में ले जाने के रास्ते में बड़ी समस्या शेयरहोल्डर्स के कोरम की है. टाटा संस अगस्त में अपनी एजीएम भी आयोजित नहीं कर सका था क्योंकि कोरम पूरा नहीं था. कंपनी के नियमानुसार शेयरहोल्डर्स की मीटिंग के लिए सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट की तरफ से संयुक्त प्रतिनिधित्व जरूरी है.
बोर्ड मीटिंग का तीसरा एजेंडा टाटा ग्रुप की कई कंपनियों की पूंजीगत जरूरतों को पूरा करने से जुड़ा है. सूत्रों की मानें तो बोर्ड एयर इंडिया, तेजस नेटवर्क्स, अग्रतास और कुछ अन्य कंपनियों में नई इक्विटी पूंजी डालने पर विचार करेगा. टाटा संस की तरफ से अधिग्रहण किये जाने के बाद से एयर इंडिया घाटे से उबरने की कोशिश में जुटी है. इसके लिए एयरलाइंस को भारी पूंजी की लगातार जरूरत है. ग्रुप की टेलीकॉम इक्युपमेंट बनाने वाली कंपनी तेजस नेटवर्क्स को अपने ऑपरेशन और एक्सपेंशन के लिए वर्किंग कैपिटल की जरूरत है.