App

चाइनीज मांझे से 7 साल के मासूम अबू तल्हा की गर्दन कटी, गर्दन पर 17 टांके आए

मकर संक्रांति का त्योहार नजदीक आने के साथ ही आसमान में जानलेवा खतरा भी मंडरा रहा है, जो कभी किसी राहगीर की गर्दन काट देता है तो कभी बेजुबान पक्षियों की जान ले लेता है. नाम है चाइनीज मांझा. जयपुर में रविवार सुबह इस खतरे की ताजा तस्वीर सामने आई है. जहां महज 7 साल के मासूम अबू तल्हा की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई. एसएमएस अस्पताल में बच्चे की गर्दन पर 17 टांके लगाने पड़े.

चाइनीज मांझे से 7 साल के मासूम अबू तल्हा की गर्दन कटी, गर्दन पर 17 टांके आए
Image Credit: jaipur chinese 7 year old boy abu talha neck slit 17 stitches

जयपुर के गलतागेट इलाके में जानलेवा धागे ने 7 साल के मासूम को अस्पताल पहुंचा दिया. मासूम अबू तल्हा अपने पिता के साथ स्कूटी पर जा रहा था. पिता उमर अपनी पत्नी और बेटे को लेकर ईदगाह स्थित ननिहाल से खोह नागोरियान अपने घर जा रहे थे. रविवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे गलतागेट चौराहे पर अचानक चाइनीज मांझा बच्चे की गर्दन में आकर उलझ गया. मांझे की धार इतनी खतरनाक थी कि बच्चे की गर्दन पर गहरा घाव हो गया. दर्द से कराहते मासूम ने मांझे को हाथ से हटाने की कोशिश की तो उसकी उंगलियां भी कट गईं. पिता ने तुरंत स्कूटी रोकी. बच्चे की गर्दन पर कपड़ा बांधा और लहूलुहान हालत में एसएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे.

17 टांकों से बची जान
एसएमएस अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे का उपचार किया. गर्दन पर गहरा कट होने के कारण 17 टांके लगाने पड़े. हाथ की घायल उंगलियों पर भी पट्टी की गई. प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. फिलहाल उसकी तबीयत ठीक बताई जा रही है.लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर उस सवाल को खड़ा कर दिया है कि आखिर आम सड़क पर चलने वाला व्यक्ति कितना सुरक्षित है ?

मकर संक्रांति से पहले खतरे की घंटी
अब इस हादसे को सिर्फ एक परिवार की परेशानी समझकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. क्योंकि मकर संक्रांति का पर्व नजदीक है. पतंगबाजी का उत्साह बढ़ेगा. छतों पर भीड़ होगी, सड़कों पर आवाजाही रहेगी और इसी दौरान प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का इस्तेमाल हुआ तो हादसों की आशंका भी बढ़ सकती है. इसका खतरा सिर्फ दोपहिया वाहन चालकों तक सीमित नहीं है. पैदल राहगीर, बच्चे, बुजुर्ग और आसमान में उड़ने वाले पक्षी भी इसकी चपेट में आते हैं.

बैन के बाद भी कारोबार
अब सवाल उठता है कि जब इस जानलेवा मांझे पर प्रतिबंध है तो इसकी बिक्री और इस्तेमाल कैसे जारी है ? राजस्थान सरकार ने 20 अप्रैल 2026 को अधिसूचना जारी कर राज्य में नायलॉन, प्लास्टिक और अन्य सिंथेटिक सामग्री से बने पतंग उड़ाने वाले धागे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है.  इसमें चाइनीज मांझे के साथ कांच, धातु या अन्य धारदार पदार्थों से लेपित धागे भी शामिल हैं. निर्माण, बिक्री, भंडारण, आपूर्ति, आयात, परिवहन और इस्तेमाल सभी प्रतिबंधित हैं. आदेश का उल्लंघन करने पर पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई का प्रावधान है. यानी प्रतिबंध सिर्फ पतंग उड़ाने वाले पर नहीं, बल्कि इसके अवैध कारोबार और सप्लाई चेन पर भी लागू है.

मकर संक्रांति में अभी समय है, लेकिन अब से ही प्रशासन और पुलिस को सक्रिय होना होगा. सिर्फ एक-दो दुकानों पर छापेमारी काफी नहीं होगी. सवाल पूरे नेटवर्क का है. चाइनीज मांझा कहां बन रहा है ? किस रास्ते से जयपुर पहुंच रहा है ? कौन इसकी सप्लाई कर रहा है ? किस बाजार और किन दुकानों पर इसकी बिक्री हो रही है ? ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या सोशल मीडिया के जरिए इसकी खरीद-फरोख्त तो नहीं हो रही ? इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस को अभी से विशेष अभियान चलाना होगा. 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Prakash Sharma

Vishnu Prakash Sharma

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More