न डॉक्टर बनने की चाह, न मेडिकल में दिलचस्पी; पाकिस्तान में क्यों बदली युवाओं की सोच?
मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम के लिए आवेदन करने वाले स्टूडेंट्स की तादाद पाकिस्तान में साल 2022 की तुलना में 2026 में करीब 32% घट गई है. पोस्टग्रेजुएट ट्रेनिंग के सीमित अवसरों, महंगी मेडिकल शिक्षा, डॉक्टरों की कम कमाई के चलते युवाओं का डॉक्टर बनने से मोहभंग हो रहा है.
पाकिस्तान में 'मेडिकल एंड डेंटल कॉलेज एडमिशन टेस्ट' (एमडीसीएटी) के लिए अप्लाई करने वाले स्टूडेंट्स की संख्या में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह सिर्फ एंट्री नंबर्स में कमी नहीं है, बल्कि देश के मेडिकल एजुकेशन सेक्टर में मौजूद गहरी समस्याओं की ओर भी इशारा करता है.
रिपोर्ट में कहा गया कि पाकिस्तान मेडिकल एसोसिएशन (पीएमए) ने इस गिरावट की वजह मेडिकल शिक्षा की बढ़ती लागत और डॉक्टरों को मिलने वाले कम वेतन को बताया है. वहीं पाकिस्तान मेडिकल एंड डेंटल काउंसिल (पीएमडीसी) का कहना है कि मेडिकल स्नातकों की संख्या और उन्हें मिलने वाली हायर लेवल की ट्रेनिंग (पोस्टग्रेजुएट ट्रेनिंग) के अवसरों के बीच बड़ा अंतर है.
क्यों बदल रही युवाओं की सोच?
ब्रिटिश अखबार 'एशियन लाइट' की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में कई पीढ़ियों से डॉक्टर बनना सिर्फ एक पेशा नहीं बल्कि सामाजिक सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और समाज सेवा का प्रतीक माना जाता रहा है. लेकिन मेडिकल प्रवेश परीक्षा के लिए घटती आवेदन संख्या यह दिखाती है कि अब युवा इस पेशे को पहले जैसी नजर से नहीं देख रहे हैं.
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, एमडीसीएटी के लिए रजिस्ट्रेशन में लगभग 32 प्रतिशत की गिरावट आई है. जहां 2022 में 2,04,253 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, वहीं 2026 में यह संख्या घटकर 1,38,158 रह गई.
ज्यादा फीस का पड़ रहा असर
पाकिस्तान मेडिकल एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि मेडिकल कॉलेजों की ऊंची फीस और डॉक्टरों की आमदनी को लेकर बढ़ती चिंताएं युवाओं को इस पेशे से दूर कर रही हैं.रिपोर्ट में कहा गया है कि यह जरूरी नहीं कि हर स्टूडेंट एक ही कारण से मेडिकल सेक्टर छोड़ने का फैसला कर रहा हो. लेकिन लगातार गिर रही आवेदन संख्या ने पूरे मेडिकल शिक्षा तंत्र को सवालों के घेरे में ला दिया है. यह गिरावट ऐसे समय में आई है, जब डॉक्टर बनने के लिए युवाओं को मुश्किल कॉम्पिटिशन, महंगी शिक्षा, एंट्री एग्जाम्स को लेकर बार-बार होने वाले विवादों और पोस्टग्रेजुएट प्रशिक्षण को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है.
रिपोर्ट के अनुसार, अब कई छात्रों के सामने सवाल सिर्फ मेडिकल कॉलेज में सीट पाने का नहीं रह गया है, बल्कि यह भी है कि डॉक्टर बनने के लिए कई सालों तक समय और पैसा खर्च करना वास्तव में फायदेमंद रहेगा या नहीं.
बहुत महंगी प्रक्रिया है मेडिकल डिग्री
मेडिकल डिग्री हासिल करना एक लंबी और महंगी प्रक्रिया है, खासकर उन परिवारों के लिए जो निजी मेडिकल कॉलेजों में दाखिला लेना चाहते हैं. ट्यूशन फीस के अलावा रहने का खर्च, परिवहन, किताबें, परीक्षा की तैयारी और अन्य दैनिक खर्च मिलाकर कुल लागत काफी बढ़ जाती है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि कई परिवारों के लिए यह बोझ और बढ़ जाता है क्योंकि उन्हें कई वर्षों तक लगातार पैसे खर्च करने पड़ते हैं, जबकि इस बात की कोई गारंटी नहीं होती कि पढ़ाई पूरी होने के बाद बच्चों को अच्छी नौकरी या पर्याप्त आय मिलेगी. जो छात्र सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीट नहीं पा पाते, उनके सामने अक्सर दो ही विकल्प बचते हैं.
पहला, निजी कॉलेजों की भारी फीस का खर्च उठाना और दूसरा, किसी दूसरे विषय में पढ़ाई करना. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि पाकिस्तान के मेडिकल शिक्षा क्षेत्र में फीस की असमानता को लेकर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं.
अगस्त 2026 में पाकिस्तान की नेशनल असेंबली की स्थायी समिति ने संबंधित मंत्रालय और पीएमडीसी से मेडिकल कॉलेजों में खाली सीटों, अलग-अलग कॉलेजों की फीस में अंतर और ज्यादा फीस वसूलने वाले संस्थानों की निगरानी की समीक्षा करने को कहा था.
रिपोर्ट के अनुसार, इस हस्तक्षेप ने एक बड़ी समस्या को उजागर किया. एक तरफ मेडिकल कॉलेजों में सीटें उपलब्ध हैं, लेकिन दूसरी तरफ बड़ी संख्या में छात्र और उनके परिवार इतनी महंगी शिक्षा का खर्च उठाने या उसे उचित मानने को तैयार नहीं हैं.