App

जब 'मसीहा' ही बन गया जल्लाद: उस रात गुयाना के जंगलों में क्या हुआ? 918 लाशें और जहर का जाम

1978 की जॉन्सटाउन त्रासदी इतिहास की सबसे खौफनाक घटनाओं में से एक है, जिसकी शुरुआत एक अमेरिकी पादरी द्वारा नस्लवाद और भेदभाव से मुक्त एक आदर्श समाज बनाने के सपने से हुई थी. मगर ऐसा क्या हुआ कि लोगों को सायनाइड मिला जहरीला पेय पीने के लिए मजबूर किया, जिससे बच्चों और बुजुर्गों सहित कुल 918 लोगों की मौत हो गई.

जब 'मसीहा' ही बन गया जल्लाद: उस रात गुयाना के जंगलों में क्या हुआ? 918 लाशें और जहर का जाम
Image Credit: The entrance to Jonestown, 1978 (Photo: Jonestown educational site)

ये एक ऐसे मसीहा की कहानी है जिसने बेहतर दुनिया का सपना दिखाया और अंत में अपने ही अनुयायियों से जीने का अधिकार छीन लिया. करीब 918 लोग एक साथ मर गए. 17 नवंबर 1978. दक्षिण अमेरिका के देश गुयाना के घने जंगलों के बीच बसी एक छोटी-सी बस्ती. अमेरिकी सांसद लियो रयान के हाथ कुछ छोटी-छोटी पर्चियां लगती हैं. ये पर्चियां उन लोगों ने चुपके से उन तक पहुंचाई थीं, जो इस बस्ती में रह तो रहे थे, लेकिन अब वहां से निकलना चाहते थे. वे अमेरिका लौटना चाहते थे. अपने परिवारों के पास जाना चाहते थे. 

मगर उन्हें डर था कि अगर उनके नेता को इसकी भनक लग गई, तो शायद वे कभी बाहर नहीं निकल पाएंगे. सांसद ने उन्हें अपने साथ ले जाने का भरोसा दिया. किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले दिन यह कोशिश इतिहास की सबसे भयावह त्रासदियों में बदल जाएगी.

फिर अगले ही दिन 18 नवंबर 1978 को गुयाना के जंगलों में स्थित जॉन्सटाउन में मौत का ऐसा तांडव हुआ, जिसने पूरी दुनिया को झकझोर दिया. उस दिन हुई घटनाओं में कुल 918 लोगों की जान चली गई. इनमें बड़ी संख्या बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की थी. कुछ लोगों को गोलियों से भून दिया गया, तो सैकड़ों लोगों की मौत जहरीला पेय पीने से हुई. इस पूरी त्रासदी के केंद्र में था एक अमेरिकी धार्मिक नेता जिम जोन्स, जिसे उसके अनुयायी अपना मसीहा मानते थे.

 हैरानी की बात यह थी कि उसके पीछे चलने वाले लोग किसी हिंसक अभियान का हिस्सा बनने नहीं आए थे. उनमें से ज्यादातर नस्लीय भेदभाव, गरीबी और सामाजिक अन्याय से मुक्त एक ऐसी दुनिया बनाना चाहते थे, जहां इंसान की पहचान उसकी चमड़ी के रंग या आर्थिक हैसियत से न हो. फिर ऐसा क्या हुआ कि बराबरी और इंसाफ का सपना लेकर आए ये लोग अपनी ही बनाई बस्ती में कैद होकर रह गए?

एक पादरी, जिसने बराबरी का सपना दिखाया

जिम जोन्स का जन्म 13 मई 1931 को अमेरिका के इंडियाना राज्य में हुआ था. बचपन से ही उसे धर्म और धार्मिक सभाओं में दिलचस्पी थी. वह उपदेशकों को सुनता और खुद भी लोगों के सामने अपनी बात रखने की कोशिश करता. 1950 के दशक में अमेरिका नस्लीय भेदभाव के दौर से गुजर रहा था. अश्वेत नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों, संस्थानों और यहां तक कि चर्चों में भी बराबरी का अधिकार नहीं मिलता था. 

इसी माहौल में जोन्स ने इंडियानापोलिस में पीपल्स टेंपल नाम का धार्मिक संगठन खड़ा किया. यह कोई सामान्य चर्च नहीं था. यहां अश्वेत और श्वेत लोग एक साथ बैठते थे. जरूरतमंदों को खाना दिया जाता था, गरीब परिवारों की मदद की जाती थी और बुजुर्गों की देखभाल के लिए केंद्र चलाए जाते थे. उसकी पत्नी मार्सेलीन भी इन सामाजिक कामों में सक्रिय थीं. उस दौर में जब अमेरिका का बड़ा हिस्सा नस्लीय विभाजन से जूझ रहा था, जोन्स का यह काम बहुत से लोगों को उम्मीद देता था.

जोन्स लोगों से कहता था कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका इस्तेमाल समाज में बराबरी और न्याय स्थापित करने के लिए भी होना चाहिए. उसकी बातों से प्रभावित होकर शिक्षक, मजदूर, सामाजिक कार्यकर्ता और मध्यमवर्गीय परिवार उससे जुड़ने लगे. लोगों को उसमें एक ऐसा व्यक्ति दिखाई देता था, जो सिर्फ समाज बदलने की बातें नहीं करता, बल्कि खुद भी इसके लिए काम कर रहा है. लेकिन समय के साथ एक बदलाव आने लगा. संगठन के विचारों से ज्यादा महत्व जिम जोन्स के व्यक्तित्व और उसके आदेशों को मिलने लगा. लोग उसकी बातों पर सवाल उठाने से बचने लगे. धीरे-धीरे वह खुद को संगठन के बाकी सदस्यों से ऊपर समझने लगा. जो व्यक्ति कभी बराबरी की बात करता था, अब उसी के इर्द-गिर्द सत्ता और नियंत्रण का एक नया ढांचा खड़ा हो रहा था.

अमेरिका छोड़कर जंगल में नई दुनिया बसाने की योजना

1960 के दशक में जिम जोन्स को परमाणु युद्ध का डर सताने लगा. उसने अपने अनुयायियों को समझाना शुरू किया कि अमेरिका का भविष्य सुरक्षित नहीं है और वहां रहकर वे कभी अपना आदर्श समाज नहीं बना पाएंगे. 1965 में वह अपने परिवार और अनुयायियों के साथ कैलिफोर्निया की रेडवुड वैली पहुंचा. बाद के वर्षों में पीपल्स टेंपल का विस्तार सैन फ्रांसिस्को और लॉस एंजिलिस तक हो गया. संगठन का प्रभाव अब केवल धार्मिक सभाओं तक सीमित नहीं रहा. उसके सदस्य चुनावी अभियानों और सामाजिक आंदोलनों में भी हिस्सा लेने लगे. 

बाहर से संगठन एक मजबूत सामाजिक आंदोलन की तरह दिखाई देता था, लेकिन भीतर हालात बदल रहे थे. सदस्यों पर जोन्स के आदेश मानने का दबाव बढ़ने लगा. उनकी निजी जिंदगी में दखल दिया जाने लगा. जो लोग उसके विचारों से असहमत होते, उन्हें शक की नजर से देखा जाता. संगठन छोड़ने वाले लोगों को दुश्मन की तरह पेश किया जाता था.

इसी दौरान जोन्स ने अपने अनुयायियों के सामने एक नई योजना रखी. वह अमेरिका से दूर किसी दूसरे देश में ऐसी बस्ती बसाना चाहता था, जहां सभी लोग मिलकर काम करें और बराबरी के साथ रहें. इसके लिए उसने दक्षिण अमेरिका के देश गुयाना को चुना. यहां जंगलों के बीच एक कृषि समुदाय बसाने की योजना तैयार हुई. 1974 के आसपास इस परियोजना पर काम शुरू हुआ और 1977 में बड़ी संख्या में अमेरिकी अनुयायी गुयाना पहुंचने लगे. इस नई बस्ती का नाम रखा गया जॉन्सटाउन. यहां जमीन और संसाधनों का सामूहिक इस्तेमाल होना था.

सभी लोग मिलकर खेती करते, बच्चों को शिक्षा मिलती और बुजुर्गों की देखभाल की जाती. किसी के साथ नस्ल या आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव नहीं होना था. सुनने में यह एक आदर्श समाज की कल्पना थी. लोगों ने जंगल साफ किए, मकान बनाए और खेती शुरू की. लेकिन इस नई दुनिया को बसाने के लिए उन्हें अपनी पुरानी जिंदगी से बहुत कुछ छोड़ना पड़ा. किसी ने नौकरी छोड़ी, किसी ने घर बेचा और किसी ने अपनी पूरी जमा-पूंजी संगठन को सौंप दी. कई परिवार अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से हजारों किलोमीटर दूर चले आए. अब उनके लिए जॉन्सटाउन ही घर था और वही उनकी पूरी दुनिया.

जब बेहतर जिंदगी का सपना कैद में बदलने लगा

शुरुआत में लोगों को लगता था कि कठिन परिस्थितियां नए समाज को खड़ा करने की कीमत हैं. वे लंबे समय तक काम करते और सीमित संसाधनों के बीच जीवन बिताते रहे. मगर धीरे-धीरे जॉन्सटाउन की तस्वीर बदलने लगी. काम के घंटे बढ़ते गए और निजी स्वतंत्रता घटती गई. बाहर की दुनिया से संपर्क मुश्किल होता गया. जिम जोन्स लगातार अपने अनुयायियों को बताता था कि अमेरिका उनका दुश्मन है. अगर वे वापस लौटे, तो उनके साथ अत्याचार होगा. इस तरह लोगों के सामने धीरे-धीरे दो ही रास्ते बचते दिखाई देने लगे. या तो वे जोन्स की हर बात मानें या फिर उस दुनिया में लौटें, जिससे उन्हें लगातार डराया जा रहा था.

बस्ती में रात के समय विशेष सभाएं आयोजित होती थीं, जिन्हें 'व्हाइट नाइट्स' कहा जाता था. इन बैठकों में जोन्स संभावित हमलों और दुश्मनों की बातें करता. वह कई बार सामूहिक मृत्यु का विचार भी सामने रखता. कुछ मौकों पर लोगों को पेय पिलाकर मौत का अभ्यास कराने की घटनाएं भी सामने आईं. इन सभाओं के जरिए लोगों के भीतर डर पैदा किया जा रहा था और उन्हें आदेश मानने का आदी बनाया जा रहा था.

सवाल उठता है कि इतने सारे लोग इस व्यवस्था का विरोध क्यों नहीं कर पाए? इसका जवाब केवल उनकी धार्मिक आस्था में नहीं छिपा था. बहुत से लोगों ने अपनी नौकरी, घर, जमा-पूंजी और पुराने रिश्ते पीछे छोड़ दिए थे. उनके बच्चे भी उसी व्यवस्था का हिस्सा थे. बाहर निकलने का कोई आसान रास्ता नहीं था. 

उन्हें लगातार बताया जाता था कि बाहरी दुनिया उनके खिलाफ है और वहां लौटना सुरक्षित नहीं होगा. जॉन्सटाउन में रहने वाले सभी लोग जोन्स के कट्टर समर्थक नहीं थे. कुछ लोग वहां के हालात से परेशान थे और कई वहां से निकलना चाहते थे. लेकिन अपनी इच्छा के मुताबिक फैसला लेने की आजादी लगातार कम होती जा रही थी. जिस समुदाय को उन्होंने अपनी मर्जी से चुना था, अब उसी से बाहर निकलना उनके लिए मुश्किल हो गया था.

सांसद लियो रयान पहुंचे जॉन्सटाउन

1978 आते-आते जॉन्सटाउन के भीतर के हालात की शिकायतें अमेरिका तक पहुंचने लगी थीं. संगठन छोड़ चुके लोगों और वहां रहने वालों के परिजनों ने आरोप लगाया कि बस्ती में लोगों को उनकी इच्छा के विरुद्ध रोका जा रहा है. कुछ परिवारों ने अपने रिश्तेदारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. इन शिकायतों के बाद कैलिफोर्निया के अमेरिकी सांसद लियो रयान ने खुद वहां जाकर हालात देखने का फैसला किया. 17 नवंबर 1978 को वह पत्रकारों और कुछ अन्य लोगों के साथ जॉन्सटाउन पहुंचे. शुरुआत में उनका स्वागत किया गया. बस्ती में सामान्य जीवन की तस्वीर दिखाने की कोशिश हुई. 

लोगों को यह बताया गया कि वे वहां अपनी मर्जी से रह रहे हैं और खुश हैं. लेकिन सांसद की मौजूदगी ने उन लोगों के भीतर उम्मीद जगा दी, जो वहां से निकलना चाहते थे. कुछ लोगों ने चुपके से छोटी-छोटी पर्चियां सांसद तक पहुंचाईं. इन पर्चियों में मदद की गुहार थी. वे किसी तरह वहां से बाहर निकलना चाहते थे. सांसद लियो रयान ने उनकी बात सुनी और उन्हें अपने साथ अमेरिका ले जाने का भरोसा दिया. इसके बाद कुछ लोगों ने उनके साथ लौटने की इच्छा जताई.

18 नवंबर को सांसद और जॉन्सटाउन छोड़ने के इच्छुक लोग पोर्ट कैतूमा की हवाई पट्टी पर पहुंचे. वे विमान से वहां से निकलने की तैयारी कर रहे थे. लेकिन इसी बीच हथियारबंद हमलावर वहां पहुंच गए और उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी. अचानक हुए इस हमले में अमेरिकी सांसद लियो रयान सहित पांच लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में तीन पत्रकार भी शामिल थे. कई अन्य लोग घायल हुए. 

अमेरिकी कांग्रेस के एक सदस्य की इस तरह हत्या ने पूरी दुनिया को स्तब्ध कर दिया. जो लोग अपनी मर्जी से जॉन्सटाउन छोड़कर जाना चाहते थे, उनके लिए यह हमला एक भयावह चेतावनी बन गया. लेकिन हवाई पट्टी पर हुई गोलीबारी इस त्रासदी का अंत नहीं थी. असली भयावहता अभी जॉन्सटाउन के भीतर सामने आनी बाकी थी.

18 नवंबर 1978: जब पूरी बस्ती मौत के सामने खड़ी थी

हवाई पट्टी पर हमले के बाद जिम जोन्स ने बस्ती के सभी लोगों को एक जगह इकट्ठा किया. उसने दावा किया कि अब अमेरिकी सेना वहां आएगी और सभी को मार डालेगी. उसने इस स्थिति को अपने अनुयायियों के सामने सामूहिक मृत्यु और राजनीतिक प्रतिरोध का रूप देने की कोशिश की. इसके बाद लोगों को एक जहरीला पेय दिया जाने लगा, जिसमें सायनाइड मिलाया गया था. इस घटना का सबसे भयावह पहलू यह था कि इसमें छोटे बच्चों को भी नहीं बख्शा गया. कई लोगों को उनकी इच्छा के विरुद्ध जहर दिया गया. बहुत से लोग ऐसे थे, जिन्होंने अपनी मर्जी से मरने का फैसला नहीं किया था. कुछ को मजबूर किया गया और कुछ के पास विरोध करने का अवसर तक नहीं था. इसलिए जॉन्सटाउन की घटना को केवल सामूहिक आत्महत्या कहना पूरी सच्चाई को सामने नहीं रखता. इसमें बड़ी संख्या में हत्याएं और दबाव के बीच हुई मौतें शामिल थीं.

इस त्रासदी में जॉन्सटाउन के भीतर 909 लोगों की जान गई. पोर्ट कैतूमा की हवाई पट्टी पर मारे गए पांच लोगों और गुयाना की राजधानी जॉर्जटाउन में हुई चार अन्य मौतों को मिलाकर कुल मृतकों की संख्या 918 हो गई. जिम जोन्स भी मृत पाया गया. उसके सिर में गोली लगी थी. जब अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, तो पूरी बस्ती में सैकड़ों शव बिखरे पड़े थे. जिस जगह कुछ साल पहले लोग बराबरी, भाईचारे और बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर आए थे, वहां अब जिंदगी का कोई निशान नहीं बचा था. घर, खेत और सामूहिक जीवन की सारी कल्पना एक ही दिन में खून और जहर के बीच खत्म हो चुकी थी.

जॉन्सटाउन की कहानी सिर्फ जिम जोन्स की नहीं है

इस घटना के बाद दुनिया ने जिम जोन्स को एक क्रूर धार्मिक नेता के रूप में जाना. मामले की जांच हुई, गवाहों के बयान दर्ज किए गए और हवाई पट्टी पर हुए हमले में शामिल लैरी लेटन को बाद में दोषी ठहराया गया. लेकिन जॉन्सटाउन की कहानी केवल एक अपराधी और उसके अपराध की कहानी नहीं है. यह उन सैकड़ों लोगों की कहानी भी है, जिन्होंने कभी नस्लीय बराबरी के लिए संघर्ष किया था. जिन्होंने गरीबों की मदद की थी और अपने बच्चों के लिए एक बेहतर दुनिया का सपना देखा था. 

जॉन्सटाउन में अपनी दो बहनों और एक भांजे को खोने वाली धार्मिक अध्ययन की विद्वान रेबेका मूर ने भी इस बात पर जोर दिया कि उस समुदाय को केवल उसके आखिरी दिन से नहीं समझा जा सकता. वहां रहने वाले लोगों की अपनी इच्छाएं थीं, रिश्ते थे, संघर्ष थे और उम्मीदें थीं. उनमें से कई लोग सचमुच मानते थे कि वे दुनिया को थोड़ा बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

शायद इसी वजह से 18 नवंबर 1978 की घटना आज भी कई असहज सवाल छोड़ जाती है. आखिर एक व्यक्ति इतना शक्तिशाली कैसे हो गया कि सैकड़ों लोगों के पास अपनी जिंदगी का फैसला करने की आजादी ही नहीं बची? कैसे एक ऐसा संगठन, जिसकी शुरुआत सामाजिक बराबरी और न्याय की बातों से हुई थी, धीरे-धीरे भय, नियंत्रण और हिंसा का केंद्र बन गया? जॉन्सटाउन की त्रासदी बताती है कि किसी विचार का अच्छा होना उसके नेता को सवालों से ऊपर नहीं कर देता. 

जब असहमति को गद्दारी समझा जाने लगे, बाहर की हर आवाज को दुश्मन बताया जाए और किसी इंसान से अपनी जिंदगी चुनने का अधिकार छीन लिया जाए, तो बेहतर समाज बनाने का दावा भी खतरनाक हो सकता है. जॉन्सटाउन के लोग मौत की तलाश में वहां नहीं गए थे. वे एक बेहतर जिंदगी की उम्मीद लेकर आए थे. लेकिन जिस व्यक्ति पर उन्होंने उस जिंदगी का भरोसा किया, उसी ने उनसे उनका भविष्य छीन लिया. और शायद इस पूरी घटना का सबसे परेशान करने वाला सवाल यही है कि हम आखिर कैसे पहचानें कि हमारा भरोसा कब किसी दूसरे की सत्ता बन चुका है?

घोस्ट और डार्क टूरिज्म की योजना

जोन्सटाउन के लिए वैसे तो कई बार 'घोस्ट या डार्क टूरिज्म' शब्द का इस्तेमाल होता आया है. मगर नवंबर 2024 में गुयाना की कंपनी वांडरलस्ट एडवेंचर्स GY की संस्थापक रोसलिन सेवचरन ने जोन्सटाउन के लिए टूर का प्रस्ताव रखा. यह गुयाना टूरिज्म अथॉरिटी के सात "डेस्टिनेशन गुयाना" प्रस्तावों में से एक था. पर्यटन मंत्री ओनिज वॉलरोंड ने सरकार का समर्थन जताया और बताया कि इलाके की सफाई पहले ही करवाई जा चुकी है. 

इसके बावजूद जैकी स्पीयर जैसे बचे हुए लोगों और मृतकों के परिजनों ने कड़ा विरोध किया, और गुयाना के भीतर भी आलोचना हुई. जनवरी 2025 में टूर शुरू हो गए. इसमें जॉर्जटाउन से उड़ान, पोर्ट काइतुमा में एक रात का ठहराव, बस्ती की जगह का दौरा और एक गवाह का बयान शामिल है. कीमत 650 से 750 डॉलर के बीच बताई गई है.

वैसे भी यह आइडिया पूरी तरह नया नहीं था. एक रिपोर्ट के मुताबिक 2016 में भी रोराइमा एयरवेज की जोन्सटाउन मेमोरियल साइट तक उड़ानें नियमित करने की खबर थी, और उसके मालिक गैरी गोवेया पहले पत्रकारों को वहां ले जाते रहे हैं. यानी 2024 तक वहां ज्यादातर पत्रकार और मृतकों के रिश्तेदार ही जाते थे, आम पर्यटकों के लिए यह पहला संगठित टूर था.

अभी उस जगह पर क्या है

आज वहां देखने लायक लगभग कुछ नहीं बचा है. जंगल ने पूरी बस्ती को निगल लिया है. मृतकों की याद में लगी एक सफेद पट्टिका, कसावा मिल और मुख्य पवेलियन के कुछ टुकड़े और एक जंग लगा ट्रैक्टर ही बचे हैं. त्रासदी के कुछ महीनों में आसपास के लोग काम की चीजें उठा ले गए. 1980 के दशक में हमोंग शरणार्थियों के लिए इस्तेमाल हुई बस्ती कुछ साल बाद जल गई. पोर्ट काइतुमा से करीब छह मील का घना कच्चा रास्ता पार करना पड़ता है, इसलिए स्थानीय गाइड जरूरी होता है. फिलहाल वहां कोई स्थायी स्मारक या म्यूजियम भी नहीं बना है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amit Singh

Amit Singh

अमित सिंह देश के वरिष्ठ पत्रकारों और डिजिटल मीडिया संपादकों में शामिल हैं. राजनीति, अर्थव्यवस्था, सार्वजनिक नीति और सामाजिक मुद्दों पर लेखन का उन्हें 18 वर्षों से अधिक का अनुभव है. अपने लंबे पत्रकारिता करियर में उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषयों की रिपोर्टिंग, विश्लेषण और संपादकीय नेतृत्व किया है. उनकी पहचान तथ्यों पर आधारित, संतुलित और गहन विश्लेषणात्मक लेखन के लिए है. वर्तमान में अमित सिंह Zee News की हिंदी वेबसाइट के संपादक हैं. इस भूमिका में वे संपादकीय दिशा तय करने, विशेष कवरेज की रणनीति बनाने और डिजिटल न्यूज़रूम के संचालन का नेतृत्व करते हैं.पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए अमित को देश के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक Ramnath Goenka Excellence in Journalism Awards से सम्मानित किया जा चुका है. यह सम्मान उनकी पेशेवर विश्वसनीयता, खोजी दृष्टि और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावशाली पत्रकारिता का प्रमाण है.अमित ने अपने करियर के दौरान भारत के अग्रणी मीडिया संस्थानों The Wire, Tehelka, Dainik Jagran, Hindustan और Aaj Tak में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में कार्य किया है. उन्हें प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल तीनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है. आप अमित सिंह से सीधे amit.singh@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं.
Read More