MIT से पढ़ाई, कानून की डिग्री और अब अमेरिकी राज्य की सीनेट अध्यक्ष, जानिए कौन हैं प्रिया सुंदरशन?
अमेरिका के राज्यों में सीनेट अध्यक्ष सदन की कार्यवाही संचालित करता है. वह विधायी प्रक्रिया, चर्चा और अनुशासन की जिम्मेदारी संभालता है. सीनेट के निर्वाचित सदस्य बहुमत के आधार पर अध्यक्ष चुनते हैं.
अमेरिका की सियासत में भारतीय लगातार अपने पांव मजबूत करते जा रहे हैं. अब खबर आ रही है कि भारतीय मूल की अमेरिकी नेता प्रिया सुंदरशन को एरिजोना सीनेट का अध्यक्ष चुना गया है. डेमोक्रेटिक पार्टी राज्य की विधायिका और गवर्नर कार्यालय पर कंट्रोल हासिल करने की तैयारी में है. पिछले 60 साल में पहली बार पार्टी को एरिजोना में यह मौका मिलने जा रहा है.
42 वर्षीय सुंदरशन राज्य की सीनेट में तीन कार्यकाल पूरा कर चुकी हैं. निवर्तमान सीनेट में वह डेमोक्रेटिक पार्टी की अल्पमत दल की नेता थीं. उनका सीनेट अध्यक्ष चुना जाना एरिजोना की राजनीति में बड़े बदलाव के बीच हुआ है. डेमोक्रेट्स ने राज्य की विधायिका के दोनों सदनों और गवर्नर पद पर नियंत्रण हासिल किया है.
लोगों ने बड़ी जिम्मेदारी दी है- प्रिया
इस राजनीतिक बदलाव पर प्रतिक्रिया देते हुए सुंदरशन ने कहा कि पार्टी की जीत के साथ लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की जिम्मेदारी भी आई है. उन्होंने कहा,'आप चाहे कहीं भी रहते हों और आपने किसी को भी वोट दिया हो, हम आपके लिए काम करने के लिए यहां हैं.' उन्होंने कहा,'वोटर्स ने राज्य में ऐतिहासिक बदलाव का मौका दिया है और अब डेमोक्रेट्स की जिम्मेदारी है कि वे इस बदलाव का असर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में दिखाएं.'
सुंदरशन ने आगे कहा,'वोटर्स ने ऐतिहासिक बदलाव का दरवाजा खोला है. हमारी जिम्मेदारी यह यकीनी करना है कि लोग अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में इस बदलाव को महसूस करें. आइए, काम शुरू करें.' सुंदरशन ने चुनाव नतीजों को एरिजोना में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से बढ़ावा दिए गए 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' (MAGA) चरमपंथ की राजनीति के खिलाफ जनादेश भी बताया.
भारतीय-अमेरिकी परिवार से आती हैं प्रिया
एरिजोना के टक्सन में जन्मीं सुंदरशन भारतीय-अमेरिकी परिवार से आती हैं. राजनीति में आने से पहले उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना में प्राकृतिक संसाधन कानून पढ़ाया. इसके अलावा वह एनवायरनमेंटल डिफेंस फंड के साथ भी काम कर चुकी हैं. इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के टिकाऊ प्रबंधन की पैरवी की.
कानून की डिग्री भी हासिल की
वह मतदान के अधिकार से जुड़े अभियानों में भी एक्टिव रही हैं. उन्होंने मतदाता संरक्षण से जुड़ी मुहिमों का नेतृत्व किया और एरिजोना डेमोक्रेटिक पार्टी के अंदर निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण (Redistricting) से जुड़े काम में भी योगदान दिया. सुंदरशन ने 2006 में मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से केमिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री हासिल की. इसके बाद 2011 में यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना से ज्यूरिस डॉक्टर (कानून की डिग्री) और प्राकृतिक संसाधन अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री प्राप्त की.