App

PoK में बगावत, मुनीर की आफतः सड़कों पर Gen-Z, मुजफ्फराबाद से मीरपुर तक पाक सेना का विरोध

पीओके के छात्रों ने पाकिस्तानी सेना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. युवाओं ने पाक सरकार और फौज पर ज्यादती करने के आरोप लगाए हैं. मुजफ्फराबाद से मीरपुर तक शिक्षण संस्थानों में पाक सेना के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं.

PoK में बगावत, मुनीर की आफतः सड़कों पर Gen-Z, मुजफ्फराबाद से मीरपुर तक पाक सेना का विरोध
Image Credit: PoK में बगावत, मुनीर की आफत! (AI तस्वीर)

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर यानी PoK में अब पाकिस्तानी हुकूमत की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और जल्द ही पाक फौज को वहां से दुम दबाकर भागना पड़ेगा है. PoK में पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ गुस्सा अब कॉलेज और यूनिवर्सिटी तक पहुंच गया है. युवा पीढ़ी यानी जेन-Z ने पाक फौज के अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद कर दी है. मुजफ्फराबाद से लेकर मीरपुर और कोटली तक, कॉलेज के हजारों छात्र सड़कों में उतर चुके हैं. शिक्षण संस्थानों में अब पाकिस्तानी सेना के खिलाफ आजादी और इंसाफ के नारों की गूंज सुनाई दे रही है. बड़ी बात ये है कि इस जनसैलाब में सबसे ज्यादा संख्या कॉलेजों के छात्रों की है. स्कूली बच्चे भी इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. मतलब साफ है कि पीओके की युवा पीढ़ी अब पाकिस्तान से वास्ता नहीं रखना चाहती है.

पाक फौज के सड़क पर Gen-Z

जम्मू कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JKJAAC) की एक अपील पर हजारों की संख्या में युवा (Gen-Z) हाथों में तख्तियां और जुबान पर पाकिस्तानी सेना विरोधी नारे लिए, सड़कों पर उतर पड़े. छात्र आंदोलन को कुचलने के लिए पाक पीएम शहबाज शरीफ और पाक सेनाध्यक्ष आसिफ मुनीर ने मुजफ्फराबाद डिग्री कॉलेज समेत कई बड़े शिक्षण संस्थानों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया. छात्रों को कैंपस में इकट्ठा होने से रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त पाबंदियां लगाई और सुरक्षा निगरानी कई गुना बढ़ा दी गई है. जेन-Z के हौसलों के आगे फौज की हर सख्ती नाकाम साबित हुई.

टूकड़े-टुकड़े होगा पाकिस्तान?

कोटली यूनिवर्सिटी हो या धीरकोट के कॉलेज, हर जगह छात्र बैरिकेडिंग तोड़कर बाहर निकले. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र बिना किसी डर के पाकिस्तानी फौज को सीधे ललकार रहे हैं और अपने बुनियादी अधिकारों की मांग कर रहे हैं. PoK में सुलगती इस आग ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ असीम मुनीर की नींद उड़ा दी है. एक तरफ बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में पहले से ही विद्रोह की आग भड़की हुई है, तो अब PoK के छात्रों के इस आंदोलन ने पाकिस्तान की अंदरूनी सुरक्षा को सबसे बड़े संकट में डाल दिया है.

आंदोलनकारियों की आवाज दबाने की कोशिश

पाकिस्तान सरकार इस आंदोलन की खबरों को दुनिया से छिपाने के लिए कई तरह की पाबंदिया लगा रही है. पाकिस्तानी मीडिया भी इसे कवर नहीं कर रही है, लेकिन डिजिटल दौर के इस दौर में जेन-Z की आवाज को दबाया नहीं जा सकता है. छात्र अपने प्रदर्शन से जुड़ी तस्वीरें और वीडियोज को सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं, जिससे वे पूरी दुनिया तक पहुंचा रहे हैं. इन तस्वीरों से साफ है कि पाकिस्तानी सरकार की ओर से मानवाधिकार रिकॉर्ड की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं.

क्यों फूटा युवाओं का गुस्सा?

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में लोगों की बगावत ऐसे ही नहीं शुरू हुई, बल्कि इसके लिए पाक सेना खुद जिम्मेदार है. पाकिस्तानी सेना की बर्बरता काफी बढ़ गई थी. पाक फौज ने बीती 5 नवंबर को रावलाकोट में प्रदर्शनकारियों पर हमला किया था. पाक सेना की ओर से प्रदर्शनकारियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की गई थी, जिसमें कई निर्दोष नागरिकों की जान चली गई थी और दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. यही वजह है कि युवाओं का सब्र टूट गया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More